फर्जी एआरटीओ बनकर वसूली करने वालों को जमकर धोया, ट्रक मालिक के पहुंचने पर खुली पोल
मऊ जिले के सरायलखंसी थाना क्षेत्र रैकवारेडीह मोड़ पर बुधवार रात आठ बजे फर्जी एआरटीओ अधिकारी बनकर वाहनों से उगाही करने वाले दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसके बाद दोनों की पिटाई कर उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ कोई तहरीर नहीं मिलने पर शांति भंग की धारा में चलान कर दिया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात करीब आठ बजे दो युवक बढुआ गोदाम चिरैयाकोट मार्ग स्थित रैकवारेडीह मोड़ के पास फर्जी एआरटीओ अधिकारी बनकर, गुजरने वाले वाहनों से चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली कर रहे थे। पिपरीडीह की ओर से आ रहे एक ट्रक को रोक कर गाड़ी के कागजात मागनें लगे।
ट्रक ड्राइवर ने गाड़ी के कागजात पेश न करने पर दोनों ने चालक से पचास हजार रूपये की मांग की। इस पर ट्रक ड्राइवर ने गाजीपुर जिले के मरदह थाना के नखतपुर गांव निवासी गाड़ी मालिक को फोन कर एआरटीओ द्वारा ट्रक पकड़े जाने की सूचना दी।
ट्रक मालिक ने मौके पर पहुंच कर एआरटीओ अधिकारियों से बातचीत की। इस दौरान दोनों की पोल खुल गई। गाड़ी मालिक ने तथा कथित एआरटीओ अधिकारीयों से गाड़ी थाने ले चलने की बात कही। इस पर दोनों आरटीओ अधिकारी वहां से भागनें लगे।
इस दौरान आसपास मौजूद ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और उनकी जमकर धुनाई की। बाद में ग्रमीणों ने पुलिस के हवाले कर दिया। दोनों युवकों में से एक की पहचान रानीपुर थाना क्षेत्र इटौरा गांव निवासी अनुराग सिंह पुत्र पुनीत सिंह और दूसरे की शिनाख्त सरायलखंसी थाना क्षेत्र के चांदमारी इमिलिया निवासी प्रवीण शुक्ल पुत्र श्यामनारायण के रूप में हुई है।