कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए बुधवार को वाराणसी में कर्फ्यू जैसे हालात हैं। जिला प्रशासन ने सभी प्रकार की दुकानें, मंडी, होम डिलिवरी, व्यवसायिक गतिविधियां भी बंद कर दी हैं। बिना मेडिकल इमरजेंसी के घरों से निकलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
मंडुवाडीह बाजार, लहरतारा, शिवदासपुर, ककरमत्ता, भिखारीपुर में पूरी तरह से लॉकडाउन दिख रहा है। सड़क पर पुलिस की गाड़ियां चहलकदमी कर रही हैं। सुबह से ही लोगों को घरों में रहने की चेतावनी देते हुए पुलिस दिख रही है। भेलूपुर थाने के रेवड़ी तलाब अशफाक नगर अंसार नगर में सुबह 8 बजे से सीओ भेलूपुर और एसीएम और इंस्पेक्टर भेलूपुर ने आरएफ की एक बटालियन के साथ पूरे क्षेत्र में फ्लैट मार्च किया। साथ ही साथ लोगों को घर में रहने की भी हिदायत दी।
जिले में एक के बाद एक कोरोना के बढ़ते मामलों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ा दी है। बार-बार कहने के बाद भी लोग लॉकडाउन का पालन नहीं कर रहे हैं। मंगलवार को 12 नए मामले आने के बाद जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने कड़ा फैसला लेते हुए बुधवार को शहरी सीमा में टोटल लॉकडाउन करने का निर्णय लिया है।
इसके तहत बुधवार को सभी प्रकार की दुकानें, मंडी, होम डिलिवरी, व्यवसायिक गतिविधियां बंद हैं। केवल सरकारी कार्य और व्यवस्था में लगे लोग, भोजन के पैकेट देने वाली सामाजिक संस्थाएं, सरकारी और प्राइवेट हॉस्पिटल, दूध की होम डिलिवरी और इससे जुड़े लोग बाहर निकल रहे हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि बुधवार को सभी प्रकार के पास भी निलंबित कर दिए हैं। आज की स्थिति पर ही आगे की गतिविधियों का फैसला लिया जाएगा। यह आदेश केवल शहरी सीमा के लिए है, ग्रामीण सीमा पर लागू नहीं होगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह अपने घरों में ही रहें।
कैमरे से रखी जा रही नजर
जिलाधिकारी ने बताया कि शहर के प्रमुख चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से आने-जाने वालों पर नजर रखी जा रही है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। चौराहों पर कैमरे लगे हैं, ऐसे में जो कोई भी बिना इमरजेंसी के बाहर निकल निकलता है तो उसकी वीडियो फुटेज की जांच भी कराई जाएगी। पुलिस की गाड़ियां भी दिनभर शहर के अलग-अलग हिस्सों में घूमती रही हैं, ताकि लॉकडाउन का पालन कराया जा सके।