एक क्लिक में काशी की 5 खबरेंः MSME के तहत 14 इकाइयों को अनुदान, शत्रु संपत्तियों के लिए इस दिन लगेगा कैंप
Varanasi News: एमएसएमई नीतियों को लेकर मंडलीय उद्योग बंधुओं की बैठक हुई। इस दौरान कुल 14 इकाइयों को अनुदान के लिए स्वीकृति दी गई। वहीं अपना दल (एस) के कार्यकर्ताओं ने जम्मू-कश्मीर में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
मंडलीय उद्योग बंधु, एमएसएमई नीति की मंडलीय समिति और एमएसएमई फैसिलिटेशन काउंसिल की बैठक कमिश्नर कौशल राज शर्मा की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में हुई। इसमें उद्यमियों की समस्याओं के समाधान पर चर्चा हुई। इस दौरान 14 इकाइयों को अनुदान दिए जाने की स्वीकृति दी गई। उद्योग निदेशालय से डेढ़ करोड़ रुपये के अनुदान के लिए बजट की मांग पर सहमति बनी।
एमएसएमई फैसिलिटेशन काउंसिल के तहत समिति के समक्ष कुल 14 प्रकरण में 8 प्रकरण में समझौता न हो पाने के कारण समिति ने आर्बिट्रेशन की कार्यवाही शुरू करने का निर्णय लिया। 3 प्रकरण में क्रेता को अपना पक्ष प्रस्तुत करने के लिए अवसर देने का निर्णय लिया गया।
संयुक्त आयुक्त उद्योग उमेश कुमार सिंह ने बताया कि मंडलीय फैसिलिटेशन के माध्यम से अभी तक 27 प्रकरण में 31 करोड़ की बकाया धनराशि क्रेता इकाइयों को भुगतान किया जा चुका है। औद्योगिक एरिया रामनगर की कुछ इकाइयों में विद्युत विभाग द्वारा मीटर जांच के आधार पर पेनाल्टी निर्धारित करने के संबंध में कमिश्नर ने विद्युत विभाग के चेयरमैन को पत्र लिखने को कहा।
कमिश्नर ने किया कि औद्योगिक क्षेत्र रामनगर और पटनवां से सिंधीताली मार्ग के निर्माण कार्य के लिए डीपीआर पेश करने से पहले उद्यमियों के साथ बैठक कर लें। रामनगर औद्योगिक एरिया के निर्माणाधीन फायर स्टेशन निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताई। बैठक में आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आरके चौधरी, काउंसिल सदस्य राजेश सिंह, अनुपम देवा, नीरज पारिख, कमलाकांत पांडेय, दयाशंकर मिश्र आदि रहे।
आईआईटी बीएचयू के छात्र को लगाई 12 लाख रुपये की चपत
आईआईटी बीएचयू के बीटेक के छात्र अंश वर्धन को साइबर जालसाजों ने 12 लाख 27 हजार 827 रुपये की चपत लगा दी। प्रकरण को लेकर छात्र की तहरीर के आधार पर साइबर क्राइम पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
बरेली के हंस आश्रम, शास्त्री नगर के मूल निवासी अंश वर्धन ने पुलिस को बताया कि उन्होंने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की भिखारीपुर शाखा से एजुकेशन लोन ले रखा है। उनकी फीस दिसंबर 2023 में बैंक की ओर से जारी की गई थी। मार्च 2024 में संस्थान से सूचना मिली कि उनकी फीस अभी तक जमा नहीं हुई है।
अप्रैल में उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने फीस संबंधी विवरण मांगा और कहा कि एक लिंक भेज रहा हूं। लिंक पर क्लिक करके कॉलेज का विवरण भरना है। लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल काम करना बंद कर दिया। इसके बाद उनकी 15 लाख रुपये की एफडी तोड़ कर 12,27,827 रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर लिया गया।
रियासी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी
अपना दल (एस) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कैंडल मार्च निकाला। मार्च निकालकर जम्मू-कश्मीर के रियासी में बस पर हुए आतंकी हमले में मारेे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी।
जिलाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र पटेल, महानगर अध्यक्ष खुशबुद्दीन एडवोकेट के नेतृत्व में सिगरा स्थित शहीद उद्यान से निकला मार्च सिगरा, सोनिया मोड़ होते हुए वापस शहीद उद्यान स्थित शहीद स्मारक पहुंच कर समाप्त हुआ। इस दौरान प्रदेश सचिव डॉ. महेंद्र सिंह पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष सोनू सिंह, सियाराम पटेल आदि मौजूद रहे।
संस्कृत विश्वविद्यालय में 25 जून से होगी योग डिप्लोमा की परीक्षाएं
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में योग विज्ञान विषयक पाठ्यक्रम की परीक्षाएं 25 जून से शुरू होंगी। तीन जुलाई तक चलने वाली परीक्षा दो चरणों में कराई जाएगी। इसमें पहली पाली में 2022-23 प्रथम सेमेस्टर की सुबह 8 से 11 बजे तक परीक्षा होगी। जबकि दूसरी पाली में सत्र 2023-24 द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा दोपहर 2 से 5 बजे तक कराई जाएगी।
विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुधाकर मिश्र ने बताया कि पीजी डिप्लोमा इन योग, बीए इन योगा, एमए इन योगा के विद्यार्थी निर्धारित तिथि पर परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है।
शत्रु संपत्तियों के लिए 25, 26 जून को कैंप
शत्रु संपत्तियों पर रह रहे किरायेदारों को किराये के भुगतान के लिए ऑनलाइन पोर्टल जारी किया गया है। शत्रु संपत्तियों पर काबिज किरायेदार व कब्जेदार किराये का भुगतान केवल ऑनलाइन पोर्टल (https://enemyproper ty.mha.gov.in/eprentals/login) से ही कर सकेंगे।
इसके माध्यम से जमा किए गए किराये को ही मान्य माना जाएगा। यह निर्देश भारत के शत्रु संपत्ति अभिरक्षक कार्यालय, केंद्रीय भवन अलीगंज, लखनऊ की ओर से जारी किया गया है। ऑनलाइन पोर्टल के लिए 25 व 26 जून को कलेक्ट्रेट स्थित जनपद सभागार में कैंप का आयोजन किया जाएगा।