एक क्लिक में पढ़ें वाराणसी की प्रमुख खबरेंः छात्र-छात्राओं ने दिया बुद्धत्व का संदेश, नगर निगम का सर्वर ठप
Varanasi Top News: वाराणसी में बुधवार को विभिन्न आयोजन हुए। लालपुर स्थित घनश्याम सिंह पीजी कॉलेज में हस्तकला, पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित हुई। इस दौरान लोगों को बुद्ध की चित्रकारी खूब पसंद आई। इसके साथ ही जिले के व्यापारियों ने व्यापारी आयोग के गठन की मांग की है।
विस्तार
बुद्ध पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर बुधवार को लालपुर स्थित घनश्याम सिंह पीजी कॉलेज में फाइन आर्ट्स विभाग की ओर से हस्तकला, पेंटिंग और मूर्तिकला प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें फाइन आर्ट्स के छात्र-छात्राओं ने कैनवास पर भगवान शंकर, रामायण का पूरा प्रसंग उकेरने के साथ ही मधुबनी पेंटिंग बनाई और भगवान बुद्ध की मूर्ति बनाई। बीएफए द्वितीय वर्ष की सिया द्विवेदी ने रामायण के प्रसंगों को कैनवास पर उकेरा।
आंचल गुप्ता ने महाभारत के युद्ध के दौरान भगवान श्रीकृष्ण का धर्म की रक्षा के लिए अर्जुन को दिए गए संदेश को प्रस्तुत किया। प्रियांशी सिंह की वराह अवतार, शाहीन परवीन की श्रीकृष्ण के एक अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठाने, अंकिता प्रजापति की भगवान शंकर के रौद्र रूप और आंचल पटेल की स्वामी विवेकानंद की सफाई के साथ बनाई गई पेंटिंग को कलादीर्घा में आकर्षण का केंद्र रही।
कला दीर्घा में मुख्य आकर्षण का केंद्र विनय चौहान की बनाई भगवान बुद्ध की लौह रंग की मूर्ति रही, जिनके मस्तक से बुधत्व की तरंगें धर्म कर्म के साथ जीवन में शांति का मार्ग अपनाने का संदेश दे रहीं थीं। प्रदर्शनी देखने के लिए छात्र छात्राओं की भीड़ लगी रही।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के ललित कला विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार वर्मा ने छात्र-छात्राओं की पेंटिंग एवं मूर्ति की सराहना की। पेंटिंग कला में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र भी दिया गया। इस मौके पर श्री अग्रसेन पीजी कॉलेज डॉ. पिंकी त्रिपाठी, प्रबंधक नागेश्वर सिंह, प्राचार्य आनंद सिंह आदि मौजूद रहे। संचालन डॉ. सुनील मिश्रा ने किया।
गंगा में प्रतिदिन दो सत्र में 130 युवा लेते हैं प्रशिक्षण
वाराणसी के दरभंगा घाट पर सरस्वती स्विमिंग एसोसिएशन की ओर से तैराकी प्रशिक्षिण शिविर का आयोजन किया गया है। ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर में सुबह शाम करीब 140 युवा प्रशिक्षण ले रहे हैं। एसोसिएशन के महासचिव नारायण चटर्जी ने बताया कि तैराकी प्रत्येक व्यक्ति को सीखना चाहिए।
एक बार तैराकी सिखने के बाद कोई भुलता नहीं है। इसे पेशेवर और गैर पेशेवर दोनों वर्ग के लोगों को प्रशिक्षित किया जाता है। बताया कि इसमें सबसे अधिक बालिका वर्ग के प्रशिक्षु आ रहे हैं। शिविर में 85 बालिकाएं जबकि 55 बालक प्रशिक्षण ले रहे हैं। तैराकी सिखने के बाद प्रतियोगिता कराई जाती है। इसमें जीतने वाले को प्रमाणपत्र भी दिया जाता है।
8 व 9 जून को दरभंगा घाट पर होगी प्रतियोगिता
एसोसिएशन की ओर से दो दिवसीय प्रतियोगिता 8 व 9 जून को दरभंगा घाट पर आयोजित होगी। नारायण चटर्जी ने बताया कि प्रतियोगिता के विजेताओं को गंगाश्री की उपाधी दी जाएगी। बताया इस वर्ष विश्वसुदरी पुल से दरभंगा घाट तक ओपेन तैराकी प्रतियोगिता होगी। छोटे बच्चे 10 मीटर से 100 मीटर तक की प्रतियोगिता में तैराकी का हुनर दिखाएंगे। प्रतियोगिता पहले दिन शाम चार छह बजे तक और दूसरे दिन चार से सात बजे तक प्रतियोगिता और पुरस्कार वितरण होगा।
5 मिनट में 25 लोगों ने 85 हजार रुपये जमा किए
नगर निगम का सर्वर बीते दो दिनों से ठप था। इसके चलते गृहकर, सीवर कर और जलकर जमा नहीं हो पा रहा था। इंजीनियरों के प्रयास के बाद बुधवार दोपहर 3 बजकर 16 मिनट पर सर्वर चालू हुआ। सर्वर चालू होते ही पांच मिनट के भीतर 25 लोगों ने 85 हजार रुपये जमा कर दिए। कंप्यूटर प्रभारी संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर में आई गड़बड़ी के कारण सर्वर काम नहीं कर रहा था। जिसे बदल दिया गया है।
पर्यटकों को नहीं भा रहीं टूरिस्ट बंग्लो की सुविधाएं
काशी में लगातार पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन कैंट स्थित राही टूरिस्ट बंग्लो में पिछले डेढ़ साल से एक भी विदेशी पर्यटक नहीं रुके हैं। टूरिस्ट बंग्लो में रोज 10 से 15 विदेशी पर्यटकों की कॉल आती है। उन्हें यहां की सुविधाओं के बारे में जानकारी दी जाती है, लेकिन वे रूम बुक नहीं करते। पर्यटन विभाग के उपनिदेशक आर के रावत ने बताया कि विदेशी पर्यटकों के हिसाब से सुविधाएं कम हैं। सुविधाओं को बढ़ाया जा रहा है, जल्द ही विदेशी पर्यटक आएंगे।
काशी विद्यापीठ में स्नातक सम सेमेस्टर की परीक्षाएं 11 जून से
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में स्नातक (बीए, बीएससी, बीकॉम व बीबीए) के सम सेमेस्टर की परीक्षाएं 11 जून से शुरू होंगी। विश्वविद्यालय की परीक्षा नियंत्रक डॉ. सुनीता पांडेय के मुताबिक उक्त परीक्षाएं 11 जून से 18 जुलाई तक चलेंगी। द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा सुबह नौ बजे से 11 बजे तक, चतुर्थ सेमेस्टर की दोपहर 12 बजे से दो बजे तक एवं छठे सेमेस्टर की परीक्षाएं दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक होंगी।
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में ज्योतिष, कर्मकांड और वास्तुशास्त्र में प्रवेश शुरू
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के दीनदयाल उपाध्याय कौशल केंद्र चल रहे स्ववित्तपोषित बीवोक, एमवोक के तहत ज्योतिष, कर्मकांड, वास्तुशास्त्र आंतरिक सज्जा में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह जानकारी केंद्र की निदेशक प्रो. विधु द्विवेदी ने दी है।
उन्होंने बताया कि प्रवेश फार्म शुल्क पांच सौ रुपये और पाठ्यक्रम शुल्क आठ हजार रुपये प्रति सेमेस्टर निर्धारित किया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी प्रवेश प्राप्त करने के लिए सुबह 10:30 बजे से शाम 04:30 बजे तक पाणिनी भवन में स्थित प्रथम तल स्थित दीन दयाल उपाध्याय कौशल केंद्र के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
दिव्यांगों ने रैली निकालकर मतदान करने की अपील की
दिव्यांगों ने बुधवार को रैली निकालकर मतदाताओं को जागरूक किया। देवा इंटरनेशनल सोसाइटी से शुरू हुई रैली, रथयात्रा, सिगरा होते हुए विकास भवन पहुंची। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी राम प्रकाश सिंह और श्याम लाल ने विकास भवन पर रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जो पुन: विकास भवन से शुरू होकर बिंद भवन कमच्छा पर समाप्त हुई।
रैली में लोगों ने स्लोगन, बैनर, मोटराइज्ड ट्राई साइकिल व व्हील चेयर के साथ रैली निकालकर जनमानस को अधिक से अधिक मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान नंदलाल मास्टर, रमेश सिंह आदि रैली में शामिल हुए।
अजगरा और शिवपुर निर्वाचन संबंधी समस्या से लिए आब्जर्वर से करें मुलाकात
लोकसभा 76 चंदौली (आंशिक) से संबंधित विधानसभा क्षेत्र 385- अजगरा, 386-शिवपुर के लोकसभा निर्वाचन से संबंधित किसी भी समस्या के लिए आईपीएस हितेश चौधरी पुलिस आब्जर्वर से मुलाकात कर सकते हैं। आईपीएस हितेश चौधरी के मोबाइल नंबर 9755544833 पर संपर्क कर सकते हैं।
व्यापारी आयोग के गठन की मांग की
विशेश्वरगंज-भैरोनाथ व्यापार मंडल की बैठक बुधवार को अध्यक्ष प्रतीक गुप्ता की अध्यक्षता में हुई। इसमें व्यापारियों ने व्यापारी आयोग के गठन की मांग की। इस दौरान जीएसटी की नोटिस को लेकर व्यापारियों ने आक्रोश जताया। प्रतीक गुप्ता ने कहा कि व्यापारी देश के विकास में अपनी महती सहभागिता निभाता है। स्क्रूटनी के नाम विभागों द्वारा नोटिस भेजकर परेशान किया जाता है। संचालन महामंत्री ओम कृष्ण दास अग्रवाल ने किया।
मासिक धर्म के बारे में जागरूक किया, सेनेटरी पैड दिए
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के मंडल महिला कल्याण संगठन ने बुधवार को निशुल्क सेनेटरी पैड का वितरण किया। वितरण मंडल रेलवे अस्पताल लहरतारा में किया गया। इस दौरान अध्यक्ष मोनिका सक्सेना के नेतृत्व में सदस्यों ने युवतियों को मासिक धर्म के बारे में जागरूक किया।
अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुनंदा चतुर्वेदी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डाॅ. कल्पना दुबे और डाॅ. मोनिका दुबे ने अस्पताल में भर्ती महिलाओं को बताया कि इस दौरान गंदा कपड़ा प्रयोग करने से गंभीर बीमारी हो सकती है। इस दौरान महिला कल्याण की कोषाध्यक्ष पूजा सिंह, नम्रता सिंह, शालिनी पांडेय आदि रहीं।
जिला जेल में पुस्तकालय की हुई स्थापना
जिला जेल चौकाघाट में बुधवार को गायत्री परिवार बुधनी की ओर से पुस्तकालय की स्थापना की गई। किताब रखने के लिए आलमारी भी दी गई। जिला कारागार के अधीक्षक आचार्य डॉ. उमेश सिंह ने कहा कि बंदियों को मानवीयता का पाठ पढ़ाने के लिए पुस्तकालय कारगर रहेगा।
कार्यक्रम में डीआईजी कारागार राजेश कुमार श्रीवास्तव, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विजय विश्वकर्मा, केंद्रीय कारागार के चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक रहे। उधर, जिला इंजीनियर एवं कार्यदायी संस्था की टीम ने डीआईजी से मुलाकात घर और टाइप दो के दो नग आवासों को भी हैंड ओवर कराया।
वाराणसी-लखनऊ मेमू स्पेशल का विस्तार 21 जुलाई तक
यात्रियों की सुविधा के लिए वाराणसी-लखनऊ मेमू स्पेशल ट्रेन का संचालन बुधवार से 21 जुलाई तक किया जा रहा है। सीनियर डीसीएम रेखा शर्मा के अनुसार वाराणसी-लखनऊ स्पेशल सुबह 6:25 बजे कैंट स्टेशन से खुलेगी और सुबह 11:45 बजे लखनऊ पहुंचेगी। वहीं, लखनऊ-वाराणसी स्पेशल लखनऊ स्टेशन से शाम 4:30 बजे खुलेगी और रात 9:50 बजे कैंट पहुंचेगी।
नई डिजाइन के पोल लगाए जाएंगे
स्मार्ट सिटी कार्यालय में बुधवार को नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने केबल और इंटरनेट प्रदाताओं के साथ बैठक की। उन्होंने हिदायत दी कि पहले चरण में मुख्य मार्गों पर लगे टेलीफोन के पोलों को कटवाकर नई डिजाइन के पोल लगवाएं। सभी तारों के बंच एक बॉक्स में रहें। बॉक्स की ऊंचाई जमीन से 2 फिट ऊपर रखी जाए।
नगर आयुक्त ने बताया कि जो केबल ऑपरेटर इन पोलो के अतिरिक्त केबिल डालेंगे उन पर कार्रवाई होगी। नए डिस्क के पोल व केबल बॉक्स लगाने के लिए सभी केबल ऑपरेटरों का नगर निगम के साथ अनुबंध किया जाएगा।
नलकूप का मोटर खराब होने से पानी का संकट
नलकूप का मोटर खराब होने से ठटरा गांव में पानी का संकट हो गया है। बुधवार को जल निगम कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने जलापूर्ति शुरू करने की मांग की। इस पर जल निगम कार्यालय के कर्मचारी मदन गुप्ता ने बताया कि मोटर जल गया है। इसकी जानकारी जेई राहुल यादव को दी गई है।
मतदान करने के लिए महिलाओं ने ली शपथ
वाराणसी के मारवाड़ी युवक समिति की ओर से बुधवार को शिवपुर स्थित कार्यालय में पूर्व अध्यक्ष पुरुषोत्तम जालान के नेतृत्व में सभा हुई। महिलाओं को मतदान के प्रति जागरूकता किया गया। उन्होंने शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प लिया तथा उनको शपथ दिलाई गई।
साथ ही उन्हें अपने उत्तरदायित्व को निष्ठा के साथ निभाने के लिए प्रेरित किया गया। संचालन पुरुषोतम जालान ने किया। सभा में अध्यक्ष प्रमोद गाड़ोदिया, संगीता अग्रवाल, कविता सराफ, क्षमा जालान, मीनू अग्रवाल, मीरा पोद्दार, श्रवण पोद्दार आदि रहे।
अघोराचार्य बाबा गुलाबचन्द्र के जन्मोत्सव पर गूंजे भजन
सेनपुरा (चेतगंज) स्थित श्रीजय नारायण सत्संग मण्डली ट्रस्ट में अघोराचार्य बाबा गुलाबचन्द्र आनन्द महाराज का 144वां जन्मोत्सव बुधवार को श्रद्धा व उल्लास से मनाया गया। अनुयासियों ने उनका पूजन अर्चन कर नमन किया। भजन कीर्तन से गुरु की महिमा गान किया। बाबा राजेंद्र महाराज का आशीर्वाद लिया।
भजन मंडली के सुदीप श्रीवास्तव ने जय नारायण भज नारायण नारायण आनन्द नमो, अनंग गुप्ता ने भजो श्रीराम राम कीना को शरण में जिनके आए हो, अपर्णा ने...फूलों में सज रहे हैं श्री वृंदावन बिहारी, वर्षा ने ऐसी सुबह ना आए, प्रज्ञा ने सजा दो घर को गुलशन सा आदि भजन सुनाए। नियति, आराधना, प्रिया, चन्द्र शेखर,
श्रेया, सुमन अग्रहरी, निर्मल आदि ने भी भजन सुनाया।
संगतकार कलाकारों में राम कृपाल, बृजेश, मोती शर्मा, आशुतोष, अविनाश, रौनक, विशाल, प्रीतम मिश्रा आदि शामिल थे। आरती के बाद प्रसाद का वितरण हुआ। संयोजन आश्रम के सचिव अनिल कुमार एवं कलाकारों का स्वागत गरिमा श्रीवास्तव व विनीता श्रीवास्तव ने किया।
15 जून तक पशुओं की ईयर टैगिंग अनिवार्य
पशुपालन विभाग ने पशुओं के लिए ईयर टैगिंग अनिवार्य कर दी है। 15 जून तक सभी पशुपालकों को ईयर टैगिंग करा लेनी है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. बीपी पाठक ने बताया कि जिले में 550434 पशु हैं। इनमें करीब 227091 की ईयर टैगिंग नहीं हुई है।
जिले के सभी 16 पशु चिकित्सालयों पर फ्री में टैगिंग की जा रही है। बिना ईयर टैगिंग के 15 जून के बाद कृत्रिम गर्भाधान, टीकाकरण, दैवीय आपदा में मृत्यु होने पर राजकीय कोष से राहत धनराशि का भुगतान आदि नहीं किया जाएगा। वहीं, पशुपालकों को किसी भी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिलेगा।
मॉकड्रिल में फेल बिजली कर्मियों को एमडी ने दी चेतावनी
बिजली कटौती और फॉल्ट की समस्या से निपटने में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शंभू कुमार ने निगरानी की जिम्मेदारी संभाल ली है। उपकेंद्र पर फॉल्ट से निपटने के लिए मॉकड्रिल कराई। मौके पर फेल कर्मियों को सख्त चेतावनी दी।
कहा कि एक फॉल्ट को ठीक करने में बेवजह देरी करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। तीन दिन में डिस्कॉम निदेशक आठ उपकेंद्रों का निरीक्षण कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि कहा कि फॉल्ट ठीक करने के लिए उपकेंद्र वार टीमें गठित की गई हैं। शिकायत मिलते ही तैयार बिजली कर्मी मौके पर पहुंचे और समाधान करें।
जले तार या ट्रांसफॉर्मर को बदलने का समय कम से कम करना है। रात में बिजली की सर्वाधिक मांग होती है। उपकेंद्रों पर तैनात बिजली कर्मियों को चौकस निगरानी करने को कहा है। एमडी ने कहा कि उपकेंद्र पर तैनात कर्मी ट्रांसफॉर्मर का लोड बांटते रहे। इससे फॉल्ट की समस्या नहीं होगी।
दर्शनार्थियों के लिए लगवाया वाटर कूलर और आरओ प्लांट
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से बुधवार को बांसफाटक हेल्प डेस्क काउंटर के बाहर वाटर कूलर और आरओ प्लांट लगवाया गया। वाटर कूलर लगने से मुख्य सड़क से धाम में आने वाले दर्शनार्थियों तथा समस्त काशी वासियों को पानी की सुविधा मिलेगी। गोदौलिया से मैदागिन जाने वाले सभी लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
चुनाव सामान्य प्रेक्षक ने कंट्रोल रूम का किया औचक निरीक्षण
सामान्य प्रेक्षक अमित सिंह नेगी ने बुधवार को विकास भवन में कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्मों सहित प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर किए जा रहे प्रचार-प्रसार पर नजर रख भारत निर्वाचन आयोग के आदेशों का शत-प्रतिशत पालन कराने पर जोर दिया। इस मौके पर सीडीओ हिमांशु नागपाल मौजूद रहे।
देश भर में हो रहा है काशी के शास्त्रार्थ का अनुकरण
उत्तर प्रदेश नागकूप शास्त्रार्थ समिति की ओर से बुधवार को धर्मसंघ शिक्षा मंडल स्थित मणि मंदिर में शास्त्रार्थ हुआ। इसमें संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, महाविद्यालय और गुरुकुल के छात्रों ने हिस्सा लिया। शास्त्रार्थ माला के 18वें आयोजन के दौरान विद्वानों ने कहा कि पूरी काशी में शास्त्रार्थ की गूंज सुनाई दे रही है। भारत के अलग-अलग स्थानों पर काशी के इस शास्त्रार्थ सभा का अनुसरण किया जा रहा है।
प्रो. रामकिशोर त्रिपाठी ने कहा कि आज नागकूप शास्त्रार्थ के माध्यम से इतनी संख्या में प्रतिभागी अधिक विषयों पर शास्त्रार्थ में उपस्थित हो रहे हैं। इससे यह लगता है कि वाराणसी में शास्त्रार्थ परंपरा सुरक्षित हो रही है। प्रो. रमाकांत पांडेय, प्रो. विनय कुमार पांडेय, प्रो. दिव्य चेतन ब्रह्मचारी, धर्म संघ शिक्षा मंडल के सचिव जगजीतन पांडेय, प्रो. रामनारायण द्विवेदी ने विचार रखे।
गर्भावस्था में ब्लड प्रेशर की समय-समय पर जांच जरूरी
आईएमएस बीएचयू के एमसीएच विंग की ओपीडी में विश्व प्रीक्लेम्पसिया दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं को जागरूक किया गया। इस दौरान महिलाओं को समय-समय पर ब्लड प्रेशर की जांच करवाने की सलाह दी गई।
स्त्री रोग विभाग की अध्यक्ष प्रो. संगीता राय के निर्देशन और स्टेट आफ फेटल मेडिसिन यूपी चैप्टर के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में डॉ. अनुराधा खन्ना ने बताया कि प्रीक्लेम्पसिया के लक्षणों में उच्च रक्तचाप, सिरदर्द, दृष्टि में बदलाव और पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द शामिल है।
गर्भवती महिलाओं को रक्तचाप की जांच जरूर करवानी चाहिए। प्रो. संगीता राय ने बताया कि प्रीक्लेम्पसिया के प्रति जागरूकता बहुत जरूरी है। इस दौरान डॉ. रीता खन्ना, डॉ. अमिता दिवाकर, डॉ. शिखा सचान, डॉ. ममता आदि लोग मौजूद रहे।
12 सौ छात्राओं ने मानव शृंखला बनाकर की मतदान की अपील
लोकसभा चुनाव में शतप्रतिशत मतदान के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में बुधवार को विकास इंटर काॅलेज परमानंदपुर में 1200 महिला खिलाड़ी और छात्राओं ने मानव शृंखला बनाकर मतदान की अपील की। आयोजन में प्रधानाचार्य डॉ. एके सिंह और सचिव डॉ. आशा सिंह, जिला ओलंपिक संघ के सचिव शम्स तबरेज शंपू और प्रदेश हॉकी के उपाध्यक्ष कृष्ण बहादुर रावत ने सहयोग किया।
पारंपरिक कला सिखाने में योगदान कर रहा अग्रवाल समाज
श्री काशी अग्रवाल समाज की ओर से बुधवार को श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज में समर कैंप शुरू हुआ। 40वें समर कैंप का उद्धाटन समाज के सभापति संतोष अग्रवाल, अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने महाराज अग्रसेन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस मौके पर वरिष्ठ सदस्यों ने कहा कि समाज जरूरतमंदों की मदद और पारंपरिक कला को सिखाने में अहम योगदान कर रहा है।
शिविर में 45 से अधिक विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन अग्रसेन महिला समिति की संयोजक मालिनी चौधरी ने किया। गिरधर दास अग्रवाल ने धन्यवाद दिया। मौके पर प्रधानमंत्री संतोष अग्रवाल, राकेश जैन, मधु अग्रवाल मौजूद रहे।
भाजपा राज में महिलाओं का हो रहा उत्पीड़न : दिलीप डे
इंडी गठबंधन की बैठक बुधवार को उत्तरी विधानसभा में हुई। सपा के महानगर अध्यक्ष दिलीप डे ने कहा कि भाजपा राज में महिलाओं का उत्पीड़न हो रहा है। यही नारी शक्ति इस बार चुनाव में बाजी पलटेगी। बैठक में मनोज राय, ओपी सिंह, हरीश नारायण, योगेंद्र यादव, इस्तकबाल कुरैशी, उमाकांत यादव, विजय टाटा शामिल रहे।
पेजयल की प्लास्टिक पाइप में लगी आग
वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के खानपुर में पेयजल पाइप में बुधवार को आग लग गई। एक घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। जल जीवन मिशन के तहत खानपुर में पेयजल टंकी बन रही है। उसके बाद घर-घर जल पहुंचाने के लिए चार इंच की प्लास्टिक पाइप डालने के लिए दैत्राबीर मंदिर के पास रखी गई थी।
दोपहर दो बजे अचानक प्लास्टिक की पाइप में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। खानपुर गांव में पेयजल के लिए पाइप डालने का टेंडर शक्ति इंटरप्राइजेज को मिला है। ठेकेदार ने बताया कि लगभग डेढ़ किलोमीटर पाइप डालने के लिए रखी गई थी। पाइप में आग कैसे लगी, इसका पता लगाया जा रहा है।
सीआर पाटिल ने गुजराती समाज से मतदान करने की अपील की
उत्तर क्षेत्र बाज खेड़ावाल गुजराती समाज का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को भाजपा के गुजरात अध्यक्ष सीआर पाटिल से मिला। उन्होंने लोकसभा चुनाव की तैयारी पर चर्चा की। पाटिल ने समाज के लोगों से एक जून को अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की। प्रतिनिधिमंडल में ऋषिकांत भट्ट, संदीप पांड्या, मोनिका जोशी, रवीश पांड्या, गौरी शुख्ला, अंकुर ठाकर, आलोक पांड्या आदि शामिल रहे।
ट्रांसपोर्ट नगर योजना में विकसित की जाएगी ग्रीन एरिया
ट्रांसपोर्ट नगर योजना के बारे में ट्रांसपोर्टर के साथ बुधवार को वीडीए में बैठक हुई। इस दौरान वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने ट्रांसपोर्टर को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण को ध्यान में रखकर ग्रीन एरिया विकसित की जाएगी। इसके साथ ही चौड़ी सड़के, सीवर लाइन, पुलिस स्टेशन, पेट्रोल पंप, ट्रकों की मरम्मत के लिए सर्विस सेंटर, रेस्टोरेंट, सार्वजनिक शौचालय बनाने के लिए प्लॉट भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
ट्रांसपोर्ट नगर बसाना उनकी पहली प्राथमिकता है। इससे शहर को जाम से मुक्ति किया जा सकेगा। बैठक में सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा, नगर नियोजक प्रभात कुमार, अधिशासी अभियंता आनंद मिश्रा और अरविंद शर्मा आदि मौजूद रहे।
अजय राय के वाहन की हुई चेकिंग
इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के काफिले के वाहनों की जांच के दौरान बुधवार को मजिस्ट्रेट के साथ नोकझोंक हुई। आरोप लगाया कि भाजपा के किसी भी वाहन की जांच नहीं हो रही है। प्रताड़ित करने के लिए मेरे वाहनों की जांच की जा रही है। बुधवार शाम अजय राय चुनाव प्रचार से शहर की ओर लौट रहे थे।
लोहता थाना क्षेत्र के सिटकहावा बाबा मंदिर के पास लगभग सवा आठ बजे उनके वाहन को मजिस्ट्रेट अरविंद रंजन और पुलिस ने रोक लिया। इसको लेकर नोकझोंक भी हुई। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने अपना परिचय दिया, लेकिन मजिस्ट्रेट ने कहा कि बिना जांच किए आप आगे नहीं जा सकते हैं। इसके बाद काफिले की सभी गाड़ियों की जांच हुई। अरविंद रंजन ने बताया कि वाहनों से कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला है। पूरी चेकिंग की वीडियोग्राफी कराई गई है।
बिना जीएसटी नंबर वाली पर्ची से ई-रिक्शा चालकों से वसूली
अखिल भारतीय टोटो (ई-रिक्शा) यूनियन के अध्यक्ष प्रवीण काशी ने कहा कि बिना जीएसटी नंबर की पर्ची देकर ई-रिक्शा चालकों से वसूली की जा रही है। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा की चेतावनी के बावजूद अवैध प्रिंटेड पर्ची ठेकेदार के माध्यम से बांटी जा रही है। पर्ची लेने से मना करने पर ठेकेदार धमका कर वसूली कर रहे हैं। बुधवार को प्रवीण कहा कि इस बारे में सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव से भी शिकायत दर्ज कराई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस दौरान जुबेर खान बागी, शशिकांत, बबलू और प्रशांत पाठक रहे।
मड़ई फूंकने के मामले में आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर
वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र के दिनदासपुर गांव में पिछले हफ्ते मड़ई फूंकने के आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इससे परिजनों में रोष है। पीड़ित खुशबू देवी पत्नी सोनू धरकार ने गांव के ही जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र सिंह उर्फ चंदर, आशीष सिंह, राकेश सिंह, भीम सिंह, नितेश सिंह सहित चार पर मुकदमा दर्ज कराया है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस भाजपा का जिला पंचायत सदस्य होने के नाते कार्रवाई नहीं कर रही है। एसीपी राजातालाब ने बताया कि मामले की विवेचना चल रही है।
लहरतारा पुल के नीचे मिला युवक का शव
वाराणासी के लहरतारा पुल के नीचे रेलवे कॉलोनी की तरफ बुधवार शाम युवक का शव सिगरा पुलिस ने बरामद किया। लाल रंग का शर्ट, सफेद बनियान, नीले रंग की पैंट पहने युवक के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस के अनुसार शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।
भट्ठा संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग
कपसेठी थाना क्षेत्र के भगवतीपुर गांव निवासी ईंट भट्ठा संचालक के खिलाफ दलित उत्पीड़न समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई है। भट्ठे पर कार्यरत जौनपुर के सुरेरी, मलेथु निवासी मनोज बनवासी के अनुसार, पत्नी जीरा देवी के साथ भट्टे पर काम करता था।
23 अप्रैल को अस्थायी पानी की टंकी के पास स्नान कर रहा था। अचानक टंकी गिर गई और मलबे में हम और मजदूर सोनू, मास्टर विकास और मेरा चार साल का बेटा कल्लू दब गए। बेटे कल्लू की मौत हो गई। बाकी अन्य का भदोही के एक अस्पताल में इलाज चलता रहा।
बीते सोमवार को ईंट भट्ठा पर मजदूरी और उपचार में खर्च मांगा तो भट्ठा संचालक ने जाति सूचक गाली देते हुए जान से मारने की धमकी दी। थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
बीएचयू के छात्रों ने किया प्रदर्शन
बीएचयू के बिड़ला चौराहे पर छात्रों ने रास्ता बंद कर धरना प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उनसे बातचीत की। छात्रों ने सीजीपीए के तहत हॉस्टल आवंटन का विरोध किया। कहा कि मात्र 20 दिन पढ़ाए गए हैं और हमसे अच्छी सीजीपीए की उम्मीद की जा रही है। छात्रों ने फीस वृद्धि को भी लेकर विरोध जताया। कहा कि जहां हम 11 सौ रुपये देते थे अब हमें छह हजार रुपये सालाना देने पड़ेंगे।
आरोप लगाया कि नोटिस चस्पा कर हमें चेतावनी दी गई है कि 4 जून के 72 घंटे बाद छात्रों को हॉस्टल खाली करना है। कहा कि कई छात्र ऐसे हैं जिनकी परीक्षा जुलाई माह में है, ऐसे में वे लोग कहां जाएंगे। इससे उनकी पढ़ाई भी बाधित होगी। इससे दिव्यांग छात्रों को काफी दिक्कतें होंगी।
अज्ञात वाहन के धक्के से रिक्शा चालक की मौत
वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र के गोलगड्डा तिराहे के पास अज्ञात वाहन के धक्के से रिक्शा चालक ओधिर मंडल (40) की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के साथी दिलीप मंडल ने बताया कि दोनों तेलियाना इलाके में किराए पर रह कर रिक्शा चलाते हैं।
ओधिर, ग्राम जंगली पाड़ा पोस्ट बुधवा जिला साहिबगंज (झारखंड) का रहने वाला था। वह देर शाम तक जब कमरे पर नहीं पहुंचा तो दिलीप उसकी तलाश करते हुए गोलगड्डा की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसे इस मौत की जानकारी हुई। पुलिस ने मृतक के घर वालों को घटना की जानकारी दे दी है। इंस्पेक्टर आदमपुर वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि दुर्घटना करने वाले अज्ञात वाहन का पता लगाया जा रहा है।
छेड़छाड़ के तीन आरोपी दोषमुक्त
विशेष न्यायाधीश पॉक्सो अनुतोष कुमार शर्मा की अदालत ने नाबालिग से छेड़छाड़ समेत अन्य मामले में तीन अभियुक्तों को दोषमुक्त कर दिया। गरमथा, सिधौरा निवासी शैलेंद्र राजभर, मनीष राजभर और अनुराग राजभर को संदेह के लाभ के आधार पर दोषमुक्त कर दिया।
लूट मामले में बाल अपचारी को मिली जमानत
किशोर न्याय बोर्ड के प्रधान मजिस्ट्रेट सुनिधि वर्मा ने लूट के मामले में बाल अपचारी की जमानत अर्जी मंजूर कर ली है। बोर्ड के सदस्य टीएन शुक्ला व आरती सेठ की पीठ ने बाल अपचारी के पिता की ओर से प्रस्तुत जमानत अर्जी सुनवाई के बाद मंजूर कर ली। 50-50 हजार रुपये की दो जमानतें व बंधपत्र देने पर बाल अपचारी को रिहा करने का आदेश दिया है। स्मॉल फाइनेंस बैंक के कर्मचारी अजय यादव ने बड़ागांव थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
आरोप था कि 8 मई 2024 को वह कलेक्शन का पैसा लेकर आ रहा था। वह जैसे ही लोकोपुर गांव के पास पहुंचा, तभी एक बाइक पर सवार तीन किशोरों ने पैसा लूट लिया और बाइक की चाबी खेत में फेंककर भाग निकले। बचाव पक्ष की ओर से दलील दी गई की बाल अपचारी नीट की तैयारी कर रहा है। पुलिस ने फर्जी ढंग से उसे आरोपित बना दिया है।
आदि विश्वेश्वर के पूजा पाठ को लेकर दाखिल अर्जेंट वाद पर सुनवाई गुरुवार को
ज्ञानवापी परिसर स्थित आदि विश्वेश्वर के पूजा-पाठ को लेकर दाखिल अर्जेंट वाद पर सिविल जज सीनियर डिवीजन हितेश अग्रवाल की अदालत में गुरुवार को सुनवाई होगी। यह वाद शंकराचार्य के शिष्य शैलेंद्र योगीराज की तरफ से दाखिल किया गया है। इस अर्जेंट वाद में इंतेजामिया मसाजिद कमेटी द्वारा पोषणीयता को लेकर दाखिल आपत्ति बीते 20 मई को इसी अदालत ने खारिज कर दी थी।
पेट्रोल पंप कर्मियों की पिटाई के बाद 20 हजार रुपये लूटने का आरोप
वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के शिवदासपुर स्थित पेट्रोल पंप पर बुधवार शाम पेट्रोल लेने के विवाद में कर्मियों और बाइक सवार दो युवकों के बीच मारपीट हो गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही युवक भाग निकले। पंप कर्मियों ने 20 हजार रुपये लूटने का भी आरोप लगाया। तहरीर पर पुलिस सीसी कैमरे खंगाल रही है।
पेट्रोल पंप के प्रबंधक सतीश पटेल ने बताया कि बाइक से दो युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचे और पेट्रोल भराने के बाद पैसे नहीं दे रहे थे। कर्मियों ने पैसे की मांग की तो दोनों युवक मारपीट करने लगे। एक युवक ने कर्मी से पैसे छीनने की कोशिश की। पूरी घटना सीसी कैमरे में कैद है। घटना की सूचना पाकर एसीपी संजीव कुमार शर्मा भी पहुंचे और पड़ताल की।
पुलिस भर्ती परीक्षा में धोखाधड़ी के आरोपी की अंतरिम जमानत मंजूर
विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट अनिल कुमार पंचम की अदालत ने पुलिस भर्ती परीक्षा में धोखाधड़ी के मामले में आरोपी की अंतरिम जमानत मंजूर कर ली है। अपने स्थान पर दूसरे को परीक्षा दिलाने के आरोपी बलिया निवासी प्रवीण कुमार यादव को 25-25 हजार रुपये के दो जमानतदार और बंधपत्र देने पर अंतरिम जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है।
मिर्जामुराद के काशी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में चार फरवरी 2024 पुलिस भर्ती परीक्षा थी। प्रवीण कुमार यादव के नाम पर एक अन्य आरोपी असिस्टेंट रेडियो ऑपरेटर की परीक्षा देने पहुंचा। ड्यूटी पर तैनात परीक्षा प्रभारी ने बायोमेट्रिक व आधार कार्ड, फिंगर मिलान में गड़बड़ी पकड़ी थी।
पोखरे के पास नवजात को फेंक भागे परिजन, चल रहा इलाज
राजातालाब थाना क्षेत्र के बभनियाव गांव स्थित शिव मंदिर के पोखरे के पास बुधवार सुबह नवजात को पुलिस ने अपने कब्जे में लिया। प्रीमैच्योर शिशु को पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। ग्रामीणों के अनुसार, किसी ने लोकलाज के भय से अंधेरे में बच्चे को पोखरे के पास फेंक दिया होगा। अलसुबह ग्रामीण पोखरे के पास पहुंचे तो बच्चे की रोने की आवाज सुनाई दी।
नजदीक गए तो कपड़े में नवजात लिपटा हुआ था। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना राजातालाब पुलिस को दी। पुलिस ने नवजात को कब्जे में लेते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आराजीलाइन में भिजवाया। केंद्र में बच्चे का इलाज किया जा रहा है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नवीन ने बताया कि बच्चा प्रीमैच्योर लग रहा है। उसे देखभाल और इलाज की जरूरत है। बाल संरक्षण अधिकारी निरुपमा सिंह को सूचित कर दिया गया है।
पेड़ के नीचे बैठे कबाड़ी पर गिरी शीशम की डाल
वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के जाल्हूपुर गांव के सामने संभुआ बाबा मंदिर के पास शीशम की डाल टूट कर गिरने से कबाड़ी घायल हो गया। पड़ोसियों ने किसी तरह उसे बाहर निकाला और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पहाड़ियां-बलुआ घाट मार्ग पर बस्ती में संतोष गुप्ता (44) के घर के पास शीशम का पुराना पेड़ है। संतोष कबाड़ का सामान लाकर पेड़ के नीचे रखता है। दोपहर में वह पेड़ के नीचे बैठकर सामान की छंटाई कर रहा था।
छात्र को परीक्षा से उठाकर मारपीट, वीडियो वायरल
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के एक छात्र के साथ मारपीट का वीडियो बुधवार को वायरल हुआ। वीडियो में छात्र विश्वविद्यालय के ही कुछ छात्रों पर परीक्षा हॉल से उठाकर बाहर ले जाने और मारपीट कर घायल करने का आरोप लगा रहा था। छात्र का नाम विशाल पटेल बताया जा रहा है। वीडियो में छात्र काफी डरा हुआ दिख रहा था।
देर शाम तक विश्वविद्यालय को कोई शिकायत नहीं मिली। काशी विद्यापीठ की चीफ प्रॉक्टर प्रो. अमिता सिंह का कहना है कि ऐसी सूचना मिली है, लेकिन कोई शिकायत नहीं आई है। यह भी पता नहीं चल पा रहा है कि वह छात्र किस क्लास में पढ़ता है। किस संकाय का है। घटना के संबंध में पता लगाया जा रहा है।