वाराणसी में बेकाबू कोरोना: सुबह मिले 452 नए मरीज, कल मिले थे 929 संक्रमित
वाराणसी में तेजी से बढ़ रही कोरोना मरीजों की संख्या।
शनिवार की मिले 452 मरीज, शुक्रवार को 929 मरीज मिले थे। अब तक कुल संक्रमित 27497 में 4856 एक्टिव मरीज हैं।
विस्तार
वाराणसी में कोरोना संक्रमित मरीजों का ग्राफ तेजी से बढ़ता जा रहा है। इधर शनिवार को सुबह 11 बजे तक 452 नए मरीज मिले। जिस तरह से मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है, उससे 10 दिन में ही अब तक 4400 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। स्वास्थ विभाग की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, शनिवार को सुबह 2775 सैंपल की रिपोर्ट में 452 मरीज मिले हैं। कुल संक्रमित 27497 में 4856 एक्टिव मरीज हैं।
शुक्रवार को मिले 929 मरीज, दो की मौत
वाराणसी में 929 कोरोना संक्रमित मिलने के बाद शुक्रवार को जिले में अब तक के सभी रिकॉर्ड टूट गए। वहीं, बीएचयू में भर्ती भुल्लनपुर निवासी 70 वर्षीय महिला, सुसुवाही निवासी 77 वर्षीय पुरुष की मौत हो गई। एक अप्रैल से संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है।
शुक्रवार को बरेका में 45, बीएचयू में 15 संक्रमित
बरेका परिसर में शुक्रवार को 45 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। रेलवे कारखाना में काम करने वाले कर्मचारियों के साथ अधिकारी भी इसमें शामिल हैं। बीएचयू परिसर के होलकर हाउस में तैनात चार, अस्पताल की पैथलॉजी में दो स्वास्थ्य कर्मियों, शिक्षकों और छात्रों समय कुल 15 संक्रमित मिले।
260 मरीजों का रिकॉर्ड नहीं
जिले में कोरोना मरीजों के रिकॉर्ड न मिलने की संख्या थमने का नाम नहीं ले रही है। 8 दिन में 1002 मरीजों का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला है। जबकि शुक्रवार को 260 और ऐसे मरीज मिले जिनके बारे में स्वास्थ्य विभाग से जुड़े लोगों की ना तो बातचीत हो पा रही है और ना ही कोई रिकॉर्ड मिल पा रहा है।