Varanasi: अलग-अलग हादसे में तीन युवकों की मौत, विवाहिता ने की खुदकुशी, पटरी पर मिली सिर कटी लाश
वाराणसी जिले में अलग-अलग हादसों में तीन युवकों की जान चली गई। वहीं एक विवाहिता ने रविवार को खुदकुशी कर ली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी जिले में बीते 24 घंटे में अलग-अलग हादसों में तीन युवकों की जान चली गई। वहीं बड़ागांव थाना क्षेत्र के मदनपुर गांव में विवाहिता ने फंदा लगाकर जान दे दी। इधर रविवार शाम फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडरा रोड हाल्ट के समीप ट्रेन से कटने से महिला की मौत हो गई। घटनास्थल से उसका सिर गायब मिला।
रविवार की शाम एक 35 वर्षीय महिला का शव रेलवे ट्रैक के किनारे मिला। स्टेशन मास्टर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के धड़ को तो बरामद कर लिया लेकिन सिर न मिलने से घंटों उसे ढूंढ़ने में लगी रही। स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रेन से कटने के बाद महिला का शव क्षत-विक्षत होने के साथ झाड़ियों में फंस गया, जिसे निकालने के लिए पुलिस को काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। फूलपुर थाना प्रभारी जगदीश कुशवाहा ने बताया कि अज्ञात महिला के शव को बरामद कर लिया गया है। उसके बारे में ठोस जानकारी नहीं मिल पा रही है।
सड़क हादसे में युवक की मौत
लंका मैदान के पास ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक भाग निकला। मिर्जापुर अदलहाट थाना अंतर्गत देदुआं गांव निवासी सजून अली (23) अपने एक साथी को छोड़ने रामनगर चौक आया हुआ था। रात में साथी को छोड़कर घर लौट रहा था कि लंका मैदान के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर से टक्कर हो गई। हादसे के बाद सजनू अली सड़क पर घायलावस्था में तड़पता रहा।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को बीएचयू स्थित ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। जहां, चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जेब से मिले कागजात के आधार पर पुलिस ने उसके पिता माजिद अली को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन शव देखते ही बेसुध हो गए। वहीं, पुलिस अज्ञात ट्रैक्टर चालक के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
मूर्ति विसर्जन के दौरान तालाब में डूबा युवक
दानगंज क्षेत्र के लाखी गांव में कृष्णा जन्माष्टमी के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान शनिवार की रात युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। रविवार सुबह गोताखोरों ने शव को बाहर निकाला। चोलापुर थाना अंतर्गत लाखी गांव स्थित चौरा माता मंदिर पर कृष्णा जन्माष्टमी मनाई गई और मूर्ति विसर्जन के लिए युवकों की टोली रात में साढ़े नौ बजे गांव स्थित तालाब के पास पहुंची। इस दौरान लखनपुर और बलरामगंज से भी मूर्ति विसर्जन के लिए लोग पहुंचे।
इस बीच लाखी गांव निवासी रामजीत गौड़ का पुत्र छोटू गौड़ (30) भी टोली में शामिल हो गया। तालाब में दलदल होने की वजह से छोटू कीचड़ में फंस गया, साथियों ने उसे तालाब में जाने से मना किया और एक बार बाहर भी निकलवाया। हालांकि वह बात नहीं माना और दोबारा तालाब में पहुंच गया। विसर्जन के बाद जब युवक घर के लिए लौटे तो छोटू का कहीं पता नहीं था।
नशे में धुत था छोटू गौड़
ग्रामीणों ने तालाब के समीप उसे खोजना शुरू किया। रात में छोटू का पता नहीं चलने पर साथियों और परिजनों ने चोलापुर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से खोजबीन कराई तो रविवार की सुबह तालाब से छोटू का शव बरामद हुआ। यह सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा के अनुसार श्रीकृष्णा जन्माष्टमी पर मूर्ति विसर्जन नहीं होता है। नई परंपरा के तहत युवकों ने मूर्ति विसर्जन किया। नशे में धुत छोटू ने तालाब में जाकर मूर्ति विसर्जन का दावा किया और इस दौरान वह डूब गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया गया।
विवाहिता ने फंदा लगाकर दी जान, दो साल पहले हुई थी शादी
बड़ागांव थाना क्षेत्र के मदनपुर गांव में विवाहिता ने रविवार को फंदा लगाकर जान दे दी। मायके पक्ष ने ससुराल पर दहेज हत्या का आरोप लगाया। बड़ागांव पुलिस ने महिला के ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जंसा थाना अंतर्गत हीरमपुर रामेश्वर निवासी लल्लू राम की बेटी कंचन देवी (25) की शादी बड़ागांव थाना के शाहपुर गांव निवासी अक्षय कुमार के संग फरवरी 2020 में हुई थी।
परिवार में अनबन के बाद पति के संग विवाहिता कंचन मदनपुर स्थित किराये के मकान में रहने लगी थी। सुबह पति अक्षय काम पर गया। अपराह्न तीन बजे कंचन का भाई पंकज कुमार बहन से मिलने पहुंचा तो दरवाजा नहीं खुला। काफी देर खटखटाने के बाद रोशनदान से झांक कर देखा तो सन्न रह गया। पंखे की कुंडी में साड़ी के सहारे फंदे पर लटकी बहन को देख चीखने चिल्लाने लगा।
सीओ बड़गांव अतुल अंजान त्रिपाठी भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। भाई पंकज समेत अन्य परिजनों ने ससुराल पर दहेज हत्या का आरोप लगाया। विवाहिता के पिता लल्लू राम का आरोप है कि दहेज में चार पहिया गाड़ी के लिए बेटी को प्रताड़ित किया गया था। पिता की तहरीर पर पुलिस ने ससुर को हिरासत में लिया।