Varanasi News: जून में शुरू हो जाएंगी पानी की तीन टंकियां, जलकल कर रहा तैयारियां; CM योगी ने दिए थे निर्देश
शहर में पानी की व्यवस्था ठीक करने को लेकर सीएम योगी ने निर्देशित किया था। जिले के तीन स्थानों पर पानी टंकी चालू हो जाएंगी। इन्हें मुख्य पाइप लाइन से जोड़ा जाएगा ताकि गर्मी में लोगों को लाभ मिल सके।
विस्तार
जून में शहर की तीन पानी की टंकियां चालू हो जाएंगी। इसके लिए जलकल की ओर से तैयारी की जा रही है। चौकाघाट, मलदहिया और सिगरा में वाटर टैंक हैं। जहां पर पाइप लाइन जोड़ने का काम चल रहा है। इसके लिए इन तीनों जगहों पर एकसाथ कार्य कराया जा रहा है ताकि समय से लोगों को जलापूर्ति कराई जा सके।
मुख्यमंत्री की बैठक में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने का दिशा निर्देश जलकल को दिया गया है। जिसके बाद से जलकल ने तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत पानी से जुड़े कई कार्य कराए जाएंगे। इसी के तहत शहर के इन तीनों क्षेत्रों में लंबे समय से पानी की टंकी बनकर तैयार है। इन्हें मुख्य पाइप लाइन से जोड़ा नहीं गया था। जिसके कारण इनमें पानी भरने की समस्या होती थी।
ट्यूबवेल के जरिये पानी भरने में काफी समय लगता था। मुख्य पाइप लाइन से जुड़ने के बाद इन टंकियों में आसानी से पानी भर जाएगा। इसके अलावा पानी का प्रेशर भी बढ़ जाएगा। लोगों के घरों तक फोर्स में पानी जाएगा। इससे तकरीबन 40 हजार आबादी को फायदा मिलेगा। पानी के कनेक्शन के लिए सड़क की खोदाई की गई थी। मुख्य लाइन से जोड़ने के लिए यहां पाइप लाइन भी डाली गई है।
20 मई के पहले साफ हों सभी नाले-नालियां
नगर विकास विभाग के विशेष सचिव अरुण प्रकाश ने बुधवार को सर्किट हाउस में बैठक की। उन्होंने वाराणसी मंडल के नगर निकाय के सभी अधिकारियों को आगामी गर्मी एवं बरसात के मौसम के देखते हुए शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी निकाय अपने निकाय क्षेत्र में सभी बड़े नाले, छोटे नाले को चिह्नित कर उसकी लंबाई-चौड़ाई के आधार पर विस्तृत माइक्रो प्लान तैयार करें। अधिकतम 20 मई तक 100 प्रतिशत कार्य पूरा कराएं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नालों/ नालियों का शासन ने निर्धारित प्रारूप पर अंकित करें। सफाई के समय क्षेत्रीय पार्षद को भी संज्ञान में लाते हुए उनको अवगत कराएं। नालों से निकलने वाले सिल्ट की सफाई निर्धारित समय में कराएं। उसका यथोचित स्थान पर निस्तारण कराएं। किसी भी दशा में सिल्ट सड़कों पर न छोड़ा जाय।
विशेष सचिव ने गर्मी में पर्याप्त पेयजल की सुविधा प्रदान करने की व्यवस्था करने को कहा। सभी नलकूपों को पूर्ण क्षमता के साथ चलाए जाने के निर्देश दिए। विशेष सचिव ने बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को जल भराव वाले क्षेत्रों में विशेष रूप से कार्ययोजना तैयार कर अभी से आवश्यकतानुसार पंप आदि तैयार करने के निर्देश दिए।