वाराणसी: स्कूल निकलीं तीनों छात्राओं का दूसरे दिन भी पता नहीं चला, पुलिस खोजबीन में जुटी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी में शनिवार को लापता हुईं तीन छात्राओं का अभी तक पता नहीं चल पाया है। लहरतारा बौलिया स्थित एक स्कूल में शनिवार को कक्षा नौ की तीन छात्राएं पढ़ने गई थीं, जो अभी तक वापस नहीं लौटीं। काफी खोजबीन के बाद तीनों का पता नहीं लगा तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस तीनों छात्राओं के स्कूल के आसपास के सभी मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर उनकी तलाश कर रही है। वहीं, तीनों छात्राओं के घर कोहराम मचा हुआ है। प्रकरण को लेकर मंडुवाडीह थाने की पुलिस एक ऑटो चालक से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मंडुवाडीह थाना अंतर्गत महेशपुर क्षेत्र के परमहंस नगर, शिवदासपुर और लोहता थाना के भिटारी में रहने वाली तीन छात्राएं लहरतारा बौलिया स्थित एक स्कूल में कक्षा नौ में पढ़ती हैं। तीनों शनिवार की सुबह अपने घर से स्कूल गई थीं। रोजाना शाम चार बजे स्कूल में बच्चों की छुट्टी होती है। देर शाम तक तीनों छात्राएं अपने घर नहीं पहुंची तो उनके परिजन उन्हें खोजते हुए स्कूल गए।
स्कूल में बताया गया कि तीनों छात्राएं छुट्टी होते ही स्कूल से निकल गई थीं। इसके बाद परिजनों ने तीनों छात्राओं की सहेलियों और रिश्तेदारों के घर उनकी तलाश की लेकिन वहां भी पता नहीं लगा। थक-हार कर परिजन मंडुवाडीह थाने गए और पुलिस को तीनों के गायब होने की सूचना दिए।
इस संबंध में मंडुवाडीह इंस्पेक्टर परशुराम त्रिपाठी ने बताया कि स्कूल और उसके आसपास के मार्गों पर लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। तफ्तीश में अब तक यह सामने आया है कि तीनों छात्राएं स्कूल से निकलकर लहरतारा बौलिया स्थित एक पेट्रोल पंप तक गई और इसके बाद वह नहीं दिखीं। तीनों छात्राओं के बारे में जिले के सभी थानों को सूचना दे दी गई है। मंडुवाडीह और कैंट रेलवे स्टेशन के साथ ही कैंट बस अड्डे पर भी तीनों की तलाश कराई जा रही है।