काशी में अब एक साथ दिखेंगे तीन क्रूज, गोवा शिपिंग यार्ड से वाराणसी के लिए हुआ रवाना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी में नए साल से गंगा में पर्यटन को धार मिलने वाली है। एक साथ तीन क्रूज गंगा की लहरों पर चलेंगे। डबल स्टोरी क्रूज गोवा शिपिंग यार्ड से वाराणसी के बीच रवाना हो गया है। जबकि मौजूदा समय में अलकनंदा क्रूज का संचालन हो रहा है और विवेकानंद रो-रो (रोल आन रोल ऑफ) क्रूज भी गंगा की लहरों पर चलने को बेकरार है।
संभवत: दिसंबर माह में इसकी सेवा की शुरूआत हो जाएगी। वहीं दो मंजिला क्रूज भी 20 दिसंबर तक बनारस पहुंच जाएगा। जिसके संचालन की उम्मीद नए साल से ही पर्यटन अधिकारी जता रहे हैं। इस तरह एक साथ तीन क्रूज गंगा की लहरों पर चलेंगे तो पर्यटकों को एक अलग की रोमांच का एहसास होगा।
काशी में पर्यटन को बढ़ावा देने को गंगा की लहरों पर चलने वाले डबल स्टोरी क्रूज को रक्षा मंत्रालय के अधीन संचालित गोवा शिपिंग यार्ड ने 10 करोड़ की लागत से तैयार किया है। पर्यटन अधिकारियों के अनुसार गोवा से क्रूज रवाना हो गया है तो दिसंबर के पखवारे में ही बनारस पहुंच सकता है। 10 करोड़ी क्रूज में लगभग 100 पर्यटकों के बैठने की व्यवस्था है। इसमें एक मंजिल वातानुकूलित और ऊपरी मंजिल खुली होगी। पर्यटन विभाग की ओर से क्रूज संचालन के लिए 10.71 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाया गया था। इसके लिए कई बार टेंडर के बाद भी कंपनियों के आगे न आने पर इसकी जिम्मेदारी गोवा शिपिंग यार्ड को दी गई थी।
रामनगर से राजघाट के बीच चलेगा क्रूज
पर्यटन विभाग के अधिकारी कीर्तिमान श्रीवास्तव अनुसार क्रूज का संचालन रामनगर से राजघाट खिड़कियां घाट के बीच किया जाएगा। क्रूज में सवार होने के लिए टिकट दर का निर्धारण अभी तय किया जाना है। इस क्रूज में पर्यटक बनारसी खानपान का लुत्फ भी ले सकेंगे। गंगा में अभी तक अलकनंदा क्रूज का संचालन राजघाट से रामनगर के बीच किया जा रहा है। इसके अलावा भी तीन माह पूर्व पटना से रो-पास विवेकानंद क्रूज भी रामनगर के राल्हूपुर बंदरगाह पर पहुंच चुका है।
जिला प्रशासन की देखरेख में इसका संचालन किया जाना है। यह एक खास तरह का क्रूज है, जिससे माल की लोडिंग व अनलोडिंग भी की जा सकती है। आसपास जनपदों में व्यापारिक गतिवधियों व पर्यटन के लिहाज से काफी सहूलियत भरा है। टूरिज्म वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मेहता ने बताया कि क्रूज संचालन से बनारस में पर्यटन को एक नई उड़ान मिलेगी।