दूध कंपनी के एजेंट को बदमाशों ने तमंचा दिखाकर लूटी नगदी और बाइक
मऊ जिले के ललितपुर लुदुहीं गांव के समीप शुक्रवार की शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक दूध कंपनी के एजेंट को तमंचे से भयभीत कर 37 हजार रुपया के साथ बाइक लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने एजेंट को मारपीट कर बुरी तरह घायल कर दिया। उसके बाद मौके से फरार हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुटी गई।
जनपद के नगर कोतवाली के हरिद्वार कालोनी भीटी निवासी आशीष पांडेय मधुबन क्षेत्र में मौजूद एक दूध कंपनी में दूध सप्लाई का काम बतौर एजेंट करते हैं। शुक्रवार को आशीष पांडेय मार्केट से पैसा कलेक्ट कर कंपनी में जमा करने के लिए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि आशीष घोसी कोतवाली क्षेत्र के ललितपुर लुदुहीं गांव स्थित मेला परिसर के पास पहुंचा था, तभी पीछे से एक बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाश उनकी बाइक को ओवरटेक किया।
बदमाशों ने तमंचा दिखा कर एजेंट को रोक लिया। उन्होंने एजेंट के पास मौजूद 37 हजार रुपया के साथ उसकी बाइक लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने एजेंट को बुरी तरह पीटा। भयभीत एजेंट बदमाशों के भागने के बाद शोर मचाया, इस दौरान मौके पर लोगो की भीड़ जमा हो गई। किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। चौकी प्रभारी संतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंचकर घायल एजेंट को उपचार के लिए भेज दिया। साथ ही उच्चाधिकारियों को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी सच्चिदानंद यादव, सीओ घोसी अभिनव कन्नौजिया भारी पुलिस फौर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे से फुटेज निकालकर मामले की जांच में जुटी गई। समाचार लिखे जाने तक एएसपी शैलेन्द्र कुमार श्रीवास्तव मौके पर पहुंच कर मामले की जानकारी ले रहे थे। इस संबंध में अभी तक कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।