कासिमाबाद। कोतवाली क्षेत्र के दाणी चक गांव निवासी केक विक्रेता एवं उनके साथी को धरवार कला गांव के पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के पास हमलावरों ने पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों घायलों का उपचार मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। तहरीर के आधार पर पुलिस चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्जकर तलाश कर रही है।
दाणी चक गांव निवासी रामकरण राजभर ने बताया कि पुत्र संजय राजभर वेद बिहारी पोखरा पर केक की दुकान चलाता है। धरवार कला गांव निवासी दीपक राजभर ने फोन पर केक का ऑर्डर देकर अपने गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के सामने मंगाया। संजय राजभर अपने साथी त्रिभुवन राजभर निवासी करमा के साथ बाइक से केक लेकर जैसे ही मौके पर पहुंचा, करीब छह की संख्या में आए युवक दोनों को राजापुर गांव के पास ले गए। वहां पर दोनों को मारपीट कर अधमरा कर खाई में फेंक दिया। आरोपी दोनों युवकों के मोबाइल के साथ संजय राजभर के पॉकेट से दस हजार रुपये भी निकाल लिए हैं। राजापुर गांव के ही एक किसान ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल ले गई। युवकों की स्थिति गंभीर देख चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। मारपीट में संजय राजभर का हाथ टूट गया है तथा कई जगह शरीर पर गंभीर चोंटें आई हैं। वहीं त्रिभुवन राजभर को भी गंभीर चोट आई हैं। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक आरएस नागर ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।