वाराणसी में किशोरी ने की खुदकुशी: प्रेमी के छूटते ही किशोरी ने उठाया आत्मघाती कदम, पढ़ें- क्या है पूरा मामला
वाराणसी में एक किशोरी ने फंदे से लटककर जान दे दी। घटना की जानकारी पर मौके पर पहुंचकर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए और शव को कब्जे में लिया।
विस्तार
मिर्जामुराद क्षेत्र के खालिसपुर गांव में मंगलवार शाम एक 17 वर्षीय किशोरी ने अपने घर में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के समय परिजन घर पर मौजूद नहीं थे। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए और शव को कब्जे में लिया।
क्या है पूरा मामला
खालिसपुर निवासी संजय राजभर की पुत्री आकांक्षा राजभर (17 वर्ष) घर पर अकेली थी। परिजनों के अनुसार, मंगलवार शाम वे किसी रिश्तेदार के घर गए हुए थे। शाम को लौटने पर घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। खिड़की से देखने पर आकांक्षा छत में लगे पंखे से कपड़े की रस्सी के सहारे लटकी हुई दिखी।
यह दृश्य देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मां का रो-रोकर बुरा हाल था। आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और मिर्जामुराद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घटना की संवेदनशीलता देखते हुए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए।
पुलिस ने फंदे में प्रयुक्त कपड़े की रस्सी को कब्जे में लिया। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
प्रेम प्रसंग और पुलिस कार्रवाई
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, कुछ माह पूर्व किशोरी का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों घर से चले गए थे। उस वक्त किशोरी के पिता संजय राजभर की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बीते 27 अगस्त को आरोपी नाबालिग प्रेमी को बाल सुधार गृह भेजा था।
जांच और उठे सवाल
ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी प्रेमी दो दिन पूर्व ही जेल से छूटकर गांव वापस आया था। उसके आने के ठीक दो दिन बाद किशोरी द्वारा यह आत्मघाती कदम उठाए जाने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। मृतका दो भाई-बहनों में सबसे छोटी थी और उसके पिता किसान हैं। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि पुलिस मामले से जुड़े हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।