घर वालों से नाराज युवक ने गुस्से में उठाया ऐसा कदम, परिजन हो गए हैरान
गाजीपुर जिले में घरवालों से नाराज एक युवक ने शुक्रवार की रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह नोनहरा थाना क्षेत्र के फतेहपुर अटवा का रहने वाला था। घटना की सूचना रात में ही पुलिस को दे दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया।
नोनहरा थाना क्षेत्र के फतेहपुर अटवा निवासी विनोद गुप्ता कठवामोड बाजार में कई कमरों का मकान बना कर परिवार सहित रहते हैं। उन्होंने कुछ कमरे किराए पर भी दिए हैं। रोज की तरह शुक्रवार की शाम पूरा परिवार खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरे में सोने चला गया।
इस दौरान विनोद गुप्ता का पुत्र प्रिंस गुप्ता(18) अपने छोटे भाई के साथ दूसरे कमरे में सोने गया। वह कुछ देर बाद पानी पीने के लिए बाहर आया और वहीं बैठकर मोबाइल पर पब्जी गेम खेलने लगा। उसका छोटा भाई बोला कि चलो सो जाओ, तो कुछ देर में आने को बोलकर वहीं गेम खेलता रहा।
जब काफी समय बीत गया तो छोटा भाई बाहर देखने आया, लेकिन वह कहीं दिखाई नहीं दिया। वह उसकी खोजबीन करने लगा। इसी बीच एक कमरे की खिड़की से देखा तो, अंदर पंखे से गले में फंदा लगाकर भाई लटक रहा था। यह देख छोटे भाई ने.शोर मचाया और अपने पापा मम्मी को जगाया। फिर परिजनों ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और अटवामोड़ पुलिस चौकी को सूचना दी।
चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के पीछे क्या कारण है, अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है। हालांकि पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के पीछे घरेलू विवाद है। युवक परिजनों से किसी बात को लेकर नाराज था। इसी कारण उसने ऐसा कदम उठाया है।