स्वर्वेद महामंदिर बना लघु भारत: 25 हजार से ज्यादा लोग पहुंचे, सांस्कृतिक व्यंजनशाला का लेंगे स्वागत; सुरक्षा
Varanasi News: महामंदिर में विभिन्न राज्यों और जिलों से लोगों को जमावड़ा शुरू हो चुका है। श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग, लिंक मार्ग, प्रवेश मार्ग एवं पार्किंग स्थलों पर रूट डायवर्जन की व्यवस्था लागू की जाएगी।
विस्तार
Swarved Mahamandir Dham: स्वर्वेद महामंदिर धाम की धरती पर लघु भारत आकार लेने लगा है। कश्मीर से कन्याकुमारी तक के श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा। देर शाम तक 25 हजार से अधिक श्रद्धालु उमरहां स्थित मंदिर पहुंच चुके थे। इसके साथ ही स्वर्वेद महामंदिर धाम में 25 नवंबर से शुरू हो रहे विहंगम योग के 102वें वार्षिकोत्सव समारोह में उल्लासपूर्ण वातावरण नजर आने लगा है।
स्वर्वेद महामंदिर धाम में 25 नवंबर से आरंभ होने वाला यह अध्यात्म-महोत्सव योग, संस्कृति, सेवा और राष्ट्रीय एकता का अद्वितीय संगम सिद्ध होगा। देशभर से आ रहे श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का भाव नजर आ रहा है। आगंतुक श्रद्धालु सांस्कृतिक व्यंजनशाला में विभिन्न प्रांतों के स्वाद का आनंद ले सकेंगे।
महामंदिर की रसोई में उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम भारत के विविध पकवानों का लुत्फ उठाया जा सकेगा। यह व्यंजनशाला एक भारत श्रेष्ठ भारत की सांस्कृतिक स्वाद-यात्रा प्रस्तुत करेगी। महामंदिर परिसर में सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल, सेवकों की तैनाती तथा साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की गई है।
जुटे आस्थावान
अंकित ध्वजारोहण से होगा शुभारंभ: 25 नवंबर को सुबह सात बजे उद्घाटन सत्र का शुभारंभ 'अ' अंकित ध्वजारोहण से होगा। संत प्रवर विज्ञान देव श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे। इसके बाद आश्रम के कुशल योग प्रशिक्षक योग-साधकों के लिए आसन, प्राणायाम और ध्यान सत्र आयोजित करेंगे। दोपहर दो बजे से विहंगम योग की क्रियात्मक ज्ञान का उपदेश नए जिज्ञासुओं को दिया जाएगा।
इसमें साधना के सूक्ष्म रहस्यों को सरल और व्यावहारिक रूप में समझाया जाएगा। शाम चार बजे से सांस्कृतिक एवं भक्तिमय सत्र शुरू होगा। इसमें देश के विभिन्न राज्यों के लोक-नृत्य, भक्ति-संगीत, साहब कबीर और सद्गुरु सदाफल देव महाराज द्वारा रचित आध्यात्मिक भजनों की सुश्राव्य प्रस्तुतियां होंगी।
सद्गुरु सदाफल देव आप्त वैदिक गुरुकुलम के छात्र मलखंभ का प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद संत प्रवर विज्ञान देव महाराज की दिव्य वाणी जय स्वर्वेद कथा का शुभारंभ होगा।
यातायात-भीड़-प्रबंधन की तैयारियों का एडीजी जोन ने लिया जायजा
स्वर्वेद महामंदिर धाम में समर्पण दीप अध्यात्म महोत्सव के लिए उच्च स्तरीय सुरक्षा, यातायात और भीड़-प्रबंधन की तैयारियों का अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था शिवहरी मीणा ने रविवार को निरीक्षण किया। 25 और 26 नवंबर को स्वर्वेद महामंदिर धाम, मुड़ली उमरहां, चौबेपुर में समर्पण दीप अध्यात्म महोत्सव, विहंगम योग संत समाज का 102वां वार्षिकोत्सव और 25000 कुंडीय स्वर्वेद ज्ञान महायज्ञ का भव्य आयोजन होगा।
इस दो दिवसीय आयोजन में देश-विदेश के लगभग एक से सवा लाख श्रद्धालु आएंगे। अपर पुलिस आयुक्त, कानून-व्यवस्था व मुख्यालय शिवहरी मीणा ने कार्यक्रम स्थल, यज्ञ-कुंड क्षेत्र, प्रवचन पंडाल, पार्किंग स्थल, मुख्य मार्ग, प्रवेश-द्वार, निकास मार्ग व यातायात व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा प्रबंधन: अपर पुलिस आयुक्त ने बताया कि कार्यक्रम क्षेत्र को सेक्टर, उप-सेक्टर एवं जोन में विभाजित करते हुए प्रत्येक सेक्टर पर सेक्टर प्रभारी, पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी, स्वयंसेवक व रिजर्व बल तैनात किए जाएंगे। प्रवेश एवं निकास मार्गों पर बैरिकेडिंग, क्वाल-मैनेजमेंट, वर्टिकल लाइन-अप व डीएफएमडी व हैंड-हेल्ड डिटेक्टर की पूर्व परीक्षण के साथ अनिवार्य सामग्री-जांच रहेगी। पुरुष एवं महिला पुलिस सादे कपड़ों में तैनात रहेंगे।
स्थल पर फुट पेट्रोलिंग, मोटर बाइक पेट्रोलिंग, क्यूआरटी की त्वरित उपलब्धता होगा। वरिष्ठ नागरिकों, बच्चों एवं दिव्यांगों के लिए हेल्पडेस्क, प्राथमिक मार्ग और विश्राम-स्थल स्थापित किए जाएंगे। संपूर्ण पंडाल, मार्ग एवं पार्किंग क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनकी मॉनीटरिंग कंट्रोल रूम से 24 घंटे होगी। ड्रोन सर्विलांस लगातार सक्रिय रहेगा।