वाराणसी एयरपोर्ट पर लावारिस बैग मिलने से मचा हड़कंप, सीआईएसएफ ने कब्जे में लिया
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार को शाम के समय पार्किंग क्षेत्र में एक लावारिस बैग मिलने से हड़कंप मच गया। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे सीआईएसएफ के जवानों ने जांच किया तो पता चला कि बैग में कपड़े और खाने पीने की कुछ सामग्री है।
तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। लावारिस बैग पर स्पाइसजेट एयरलाइंस का टैग लगा हुआ था, जिससे जानकारी हुई कि बैग किसी यात्री का था। वह भूल से छोड़कर चला गया था।
बताते चलें कि वाराणसी एयरपोर्ट के पार्किंग क्षेत्र में एनटीसी पार्क के पास में शाम को साढ़े पांच बजे एक बैग दिखा। टैक्सी चालकों ने भी बैग को देखा तो उनको लगा कि बैग किसी यात्री का है। वह आसपास कहीं होगा लेकिन कुछ समय गुजर जाने पर भी जब बैग को लेने के लिए कोई नहीं आया तो करीब छह बजे एक टैक्सी चालक ने सीआईएसएफ को इसकी जानकारी दी।
जानकारी मिलते ही सीआईएसएफ का आइएनटी, बीडीडीएस और क्यूआरटी दस्ता मौके पर पहुंचा। जवानों ने यात्रियों और चालकों को वहां से हटा दिया। बाद में जब जवानों ने जांच पड़ताल की तो पता चला कि बैग में कपड़े और खाने पीने की सामग्री है।
कोई विस्फोटक सामग्री नहीं है, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। बैग को जवानों ने एयरपोर्ट टर्मिनल मैनेजर कार्यालय में जमा करा दिया। इस बारे में सीआईएसएफ कमांडेंट सुब्रत झा ने बताया कि पार्किंग में लावारिस बैग की जानकारी जैसे ही मिली उसकी तुरंत जांच कराई गई। लेकिन उसमें कोई विस्फोटक पदार्थ जैसा कुछ नहीं मिला। हालांकि किसी यात्री ने भूलवश अपना बैग छोड़ दिया था।