UP: आंधी-बारिश से वाराणसी में 431 किसानों की फसलें नष्ट, CDO बीमा कंपनी को दिए निर्देश; जानें अपडेट
पिछले सप्ताह वाराणसी में आई तेज आंधी-बारिश से किसानों की फसलों को काफी नुकसान हुआ। सीडीओ ने इसकी समीक्षा की। एसबीआई जनरल इन्श्योरेंस कंपनी के अफसरों को मुआवजे के लिए निर्देशित किया गया है।
विस्तार
UP Weather: विकास भवन सभागार में सीडीओ हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में किसान दिवस हुआ। बताया गया कि 431 किसानों ने आंधी-तूफान से फसल में नुकसान का दावा किया है। सीडीओ ने एसबीआई जनरल इन्श्योरेंस कंपनी के जिला प्रबंधक पवन कुमार सिंह को निर्देश दिए कि जल्द ही फसल का सर्वे कराएं और किसानों को मुआवजा दें।
सीडीओ ने किसानों से अपील की, कि दैविक आपदा की स्थिति में फसल क्षति होने के 72 घंटे के अंदर टोल फ्री नंबर-14447 पर शिकायत करें। कोई असुविधा हो तो उप कृषि निदेशक/ जिला कृषि अधिकारी कार्यालय में लिखित रूप से सूचित करें।
उद्यान विभाग की ओर से बताया गया कि प्रधानमंत्री सुक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत किसान खाद्य पदार्थ संबंधित कोई भी उद्योग लगा सकते हैं। इस पर परियोजना लागत का 35 प्रतिशत अधिकतम 10 लाख का अनुदान देय है। छुट्टा पशुओं से निजात के लिए सब्जी, फल, फूल की खेती करने वाले किसानों के लिए फेंसिंग योजना में 50 प्रतिशत का अनुदान है।
इन 29 पेड़ों की बिना अनुमति नहीं कर सकेंगे कटाई
शासन के निर्देशानुसार 29 पेड़ आम, नीम, शाल, महुआ, बीजा शाल, पीपल, बरगद, गुलर, पाकड़, अर्जुन, पलास, बेल, चिरौंजी, खीरनी, कैथा, इमली, जामुन, असना, कुसुम, रीठा, भिलावा, तुमुन, सलई, हल्दू, करधई, धौ, खैर, शीशम, सागौन बिना अनुमति के नहीं काटे जा सकेंगे।
उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, अधिशासी अभियंता का वेतन रोका
विकास खंड हरहुआ, काशी विद्यापीठ, पिंडरा, चोलापुर, चिरईगांव के किसानों द्वारा छुट्टा पशुओं की समस्या बताई गई। इस पर उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. पवन कुमार सिंह कोई जानकारी नहीं दे पाए। इससे उनका अप्रैल का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
हरहुआ के गांव भोपापुर के किसान सुभाष चंद्र वर्मा ने बताया कि उनका एक किलोवाट का घरेलू कनेक्शन है लेकिन बिल पांच किलोवाट का आ रहा है। इस पर जवाब देने के लिए कोई अफसर नहीं था। इस पर अधिशासी अभियंता विद्युत हेमंत कुमार का अप्रैल का वेतन रोकने को कहा गया।