Sports News: दो प्रादेशिक स्कूली खेलों की मेजबानी करेगा वाराणसी मंडल, फुटबॉल और वुशू के मुकाबले होंगे
वाराणसी मंडल को दो प्रादेशिक स्कूली खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी मिली है। फुटबॉल के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग के मुकाबले तथा वुशू के अंडर-17 और अंडर-19 आयुवर्ग की प्रतियोगिताएं काशी में आयोजित होंगी। प्रतियोगिताओं में प्रदेशभर के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिससे खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा।
विस्तार
Sports News: 70वीं माध्यमिक स्कूली खेलों के प्रादेशिक मुकाबलों के आयोजन की सूची जारी कर दी गई है। वाराणसी मंडल को दो प्रादेशिक खेलों की मेजबानी मिली है। यहां फुटबॉल के तीनों सब जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग जबकि वुशू में जूनियर और सीनियर वर्ग की प्रतियोगिता खेली जाएंगी।
फुटबॉल की अंडर-14 सब जूनियर, 17 जूनियर और अंडर-19 सीनियर आयुवर्ग की प्रतियोगिता 30 अगस्त से 3 सितंबर तक खेली जाएगी। वुशू की अंडर-17 जूनियर और अंडर-19 सीनियर आयुवर्ग की प्रतियोगिता 23 से 26 सितंबर तक खेली जाएगी। इसमें प्रदेश के 18 मंडलों के अलावा तीन स्पोर्ट्स छात्रावास और दो स्पोर्ट्स कॉलेज के 1200 से ज्यादा खिलाड़ी फुटबॉल में और कबड्डी में 700 खिलाड़ी खेलने वाराणसी आएंगे। संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक वाराणसी मंडल दिनेश सिंह ने इसकी जानकारी दी।
जिलास्तरीय प्रतियोगिता में माध्यमिक के अलावा बेसिक स्कूलों के कक्षा छह से आठ तक अंडर-14 आयुवर्ग के खिलाड़ी खेलेंगे। गत वर्ष राष्ट्रीय खेलों में वाराणसी के 53 खिलाड़ी 69वें राष्ट्रीय स्कूली खेलों में वाराणसी के खिलाड़ियों ने कमाल का प्रदर्शन किया था। राष्ट्रीय खेलों में वाराणसी के कुल 53 खिलाड़ियों ने पदक जीते। कुराश में संजोई अखाड़े से संबंधित तीन सगी बहनों समेत छह खिलाड़ियों ने पदक जीते, जबकि विकास इंटर कॉलेज के सर्वाधिक 17 खिलाड़ी पदक जीतने में कामयाब रहे।
आजमगढ़ को मिली तीन प्रादेशिक खेलों की मेजबानी
आजमगढ़ मंडल को तीन प्रादेशिक खेलों की मेजबानी मिली है। आजमगढ़ योगासन बालक-बालिका तीनों वर्ग सब जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग की प्रतियोगिता 3 से 12 अक्तूबर तक खेली खेली जाएगी। शतरंज प्रतियोगिता 15 से 18 अक्तूबर और बालक-बालिका तीनों आयुवर्ग की कबड्डी आजमगढ़ में 20 और 23 अक्तूबर तक खेली जाएगी।
वाराणसी के चार जिले में 32 मंडलीय खेल : वाराणसी मंडल के चार जिलों को 32 मंडलीय खेलों की मेजबानी मिली है। इसमें वाराणसी जिले को 17, गाजीपुर को 7, चंदौली को 5 और जौनपुर को तीन मंडलीय खेलों की मेजबानी मिली है।