राहतः वाराणसी में कमजोर पड़ी कोरोना की रफ्तार, बीते 24 घंटे में मिले 54 मरीज, तीन की मौत
वाराणसी में कम हो रहे कोरोना मरीजों की संख्या के साथ ही अब ऐक्टिव मरीजों की संख्या भी 1300 से कम हो गई है। कम हो रहे मरीजों के साथ ही जिले के कोविड अस्पतालों में बेड की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
विस्तार
वाराणसी में कोरोना की रफ्तार कमजोर हो रही है। बीते 24 घंटे में जिले में 54 नए मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। संक्रमित मरीजों की संख्या में तेजी से कमी आती जा रही है। रविवार को तो कोरोना संक्रमण की दर 1 प्रतिशत से भी नीचे आ गई। दो महीने बाद ऐसा हुआ जब संक्रमण दर एक प्रतिशत से कम रहा। इसके पहले मार्च महीने में तीन दिन एक भी मरीज नहीं मिले थे।
वाराणसी में कोरोना की रफ्तार भले ही थम गई हो। लेकिन अब भी जिले में कोरोना से मौत का सिलसिला जारी है। रविवार को 8623 सैंपल में 54 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है जबकि 3 मरीजों की मौत हुई है। बता दें कि कोरोना की दूसरी लहर में अप्रैल महीने में 1 दिन में 2000 से 2500 तक भी मरीज मिले थे और कोरोना संक्रमण दर 40 से 45 प्रतिशत तक पहुंच गई थी।
मई के दूसरे सप्ताह से ही संक्रमण के दर में भी कमी आती जा रही है। पिछले 4-5 दिन से संक्रमण दर भी 5 प्रतिशत से कम ही रहा है। इस बीच रविवार को मिले 54 नए मरीजों के मिलने के बाद संक्रमण दर 0.62 प्रतिशत रहा।
इसमें पुलिस आयुक्त आवास, आरएसएस ऑफिस, बीएचयू न्यू टीचर्स फ्लैट, बीएचयू कैंपस, सजोई, महमूरगंज, बीएलडब्लू सहित कई जगहों पर नए मरीज मिले हैं। इसके अलावा एलायंस हॉस्पिटल में भर्ती गोपालपुर निवासी 87 वर्षीय पुरुष, बीएचयू अस्पताल में भर्ती भरतपुर निवासी 59 वर्षीय पुरुष और मंडलीय अस्पताल में लमही निवासी 55 वर्षीय पुरुष की मौत हुई है।
इसके अलावा रविवार को 158 लोगों को होम आइसोलेशन में स्वस्थ घोषित किया गया जबकि 34 लोग अस्पताल से डिस्चार्ज किए गए हैं। अब कुल संक्रमित 81688 में 79715 मरीजों के डिस्चार्ज होने 751 की मौत के बाद अब 1222 एक्टिव मरीज हैं।
पोर्टल खुलते ही कुछ ही घंटे में भर गए टीकाकरण के लिए स्लॉट
वाराणसी जिले में कोरोना टीकाकरण के लिए रविवार से एक सप्ताह के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था शुरू हुई। 18 से 44 साल वाले लोगों में टीकाकरण को लेकर उत्साह इतना अधिक है कि देखते ही देखते कुछ ही घंटे में स्लॉट बुक हो गए। ऐसे लोगों को अब 31 मई से 5 जून तक टीका भी लगाया जाएगा।
टीकाकरण के प्रति लोगों की बढ़ती रुचि को देखते हुए केंद्र की संख्या भी बढ़ा दी गई है। सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि सोमवार को जिले में 101 केंद्रों पर टीका लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसमें सरकारी कार्यालयों को भी शामिल किया गया है। 18 से 44 साल वालों के लिए 33 केंद्र बनाए गए हैं, जबकि 45 से अधिक उम्र वालों के लिए भी 68 केंद्र पर टीकाकरण की व्यवस्था की गई है।
कोविड अस्पतालों के आईसीयू में 558 बेड पर कोई मरीज नहीं
स्वास्थ्य विभाग की ओर से आठ सरकारी अस्पतालों में 1033 जबकि 50 निजी अस्पतालों में भी 1381 बेड हैं। अब कुल 2414 बेड में 1943 खाली हैं। अब बस 471 बेड पर ही मरीज हैं। इसमें सरकारी अस्पतालों में 793 जबकि निजी अस्पतालों में 1150 बेड खाली हो गए हैं।