फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   special news varanasi in one click Refusing to take dead body of daughter young man jumps front of train

एक क्लिक में पढ़ें बनारस की खास खबरें: बेटी का शव लेने से किया इन्कार, ट्रेन के सामने कूदा युवक

Mon, 21 Oct 2024 09:23 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Mon, 21 Oct 2024 09:23 AM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में कई खबरें रहीं। रामनगर के लाल बहादुर चिकित्सालय में विवाहिता की मौत के बाद शव लेने कोई नहीं पहुंचा। उसका पिता इसलिए नाराज था कि युवती ने 10 वर्ष पहले गैर बिरादरी के लड़के से विवाह कर लिया था। जंसा थाना क्षेत्र के एक गांव में युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी। आइए पढ़ते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
special news varanasi in one click Refusing to take dead body of daughter young man jumps front of train
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

लाल बहादुर चिकित्सालय में एक विवाहिता की मौत हो गई और शव लेने के लिए कोई सामने नहीं आया। पिता इसलिए नाराज हैं कि लगभग 10 वर्ष पूर्व गैर बिरादरी के लड़के से उनकी बेटी शादी की थी। वहीं, प्रेम विवाह करने वाला पति भी लापता है। पुलिस शव को शिवपुर स्थित पोस्टमार्टम हाउस में रखवा कर परिजनों के आने का इंतजार कर रही है।

विज्ञापन


16 अक्तूबर की सुबह रामनगर स्थित लाल बहादुर चिकित्सालय में बेहोशी की हालत में 32 वर्षीय एक विवाहिता को पुलिस एंबुलेंस से लाकर भर्ती कराई थी। विवाहिता डोमरी गांव निवासी गणेश के घर के सामने बेहोशी की हालत में मिली थी। पुलिस की सूचना पर कबीरचौरा में रहने वाले विवाहिता के पिता अस्पताल पहुंचे। विवाहिता की स्थिति नाजुक होने पर डॉक्टर ने उसे बीएचयू ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया।
विज्ञापन


वहीं, पिता बेटी को देखने के बाद पुलिस को उसके प्रेम विवाह की कहानी बताकर वापस चले गए। दूसरी तरफ प्रेम विवाह करने वाला चेतगंज निवासी विवाहिता का पति भी लापता है। ट्रॉमा सेंटर में भर्ती विवाहिता की 18 अक्टूबर को मौत हो गई। पुलिस ने जब मायके पक्ष को जानकारी दी तो पिता ने शव लेने से इन्कार कर दिया। उधर, इस संबंध में रामनगर थानाध्यक्ष राजू सिंह ने बताया कि 72 घंटे तक कोई शव नहीं लेने आएगा तो फिर उसकी अंत्येष्टि पुलिस कराएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

दो लोगों को 6.30 लाख रुपये की लगाई चपत
साइबर जालसाजों ने भुल्लनपुर और बिरदोपुर, महमूरगंज निवासी दो लोगों को छह लाख 30 हजार रुपये की चपत लगा दी। दोनों ही भुक्तभोगियों ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। भुल्लनपुर निवासी खेल विभाग के कोच अशोक कुमार यादव ने बताया कि उनकी यूपीआई आईडी खराब हुई तो उन्होंने कस्टमर केयर से संपर्क किया।

दूसरे दिन खुद को कस्टमर केयर ऑफिसर बताते हुए एक व्यक्ति ने उन्हें फोन किया। उसने उन्हें झांसा देकर तीन लाख आठ हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिया। उधर, बिरदोपुर, महमूरगंज की रहने वाली श्वेता गुप्ता ने बताया कि जालसाजों के झांसे में आकर वह तीन लाख 22 हजार रुपये गंवा दिए। 

दरोगा के मकान से नकदी और आभूषण चोरी
शिवपुर के मीरापुर बसही स्थित बाबा नगर कॉलोनी में प्रयागराज में तैनात दरोगा वरुण शाही और उनके किरायेदार के कमरे का ताला तोड़कर चोर नकदी और कीमती आभूषण समेट ले गए। इस दौरान मकान में लगे सीसी कैमरे का डीवीआर भी चोर उठा ले गए। 

करसड़ा में होगा प्लास्टिक वेस्ट का निस्तारण 
पीएम के लोकार्पण के साथ ही करसड़ा में खुले प्लास्टिक के लिए अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र सिपेट चालू हो गया है। अब यह शहर से निकलने वाले प्लास्टिक वेस्ट के निस्तारण के साथ औद्योगिक और नगर निगम से निकले प्लास्टिक कचरे को रीसाइकिल करेगा। यहां युवाओं को रीसाइकिलिंग के लिए प्रशिक्षित भी किया जाएगा। 

ट्रेन के सामने कूदकर युवक ने जान दी
जंसा थाना क्षेत्र के सजोई गांव के पास रिंग रोड पर रेलवे ओवरब्रिज के नीचे ट्रेन के सामने कूदकर युवक ने जान दे दी। पुलिस के अनुसार युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि सुबह लगभग 10.30 बजे लगभग 35 वर्षीय युवक रेलवे ट्रैक के पास टहल रहा था। वाराणसी से भदोही की तरफ आ रही ट्रेन के सामने युवक कूद गया। घटनास्थल पर उसकी मौत हो गई। 

लावारिस खड़ी थी स्कॉर्पियो, जांच में जुटी पुलिस
रोहनिया के शहावाबाद स्थित दरेखूं मोड़ पर तीन दिन से नेशनल हाईवे के किनारे सर्विस रोड पर लावारिस हाल में खड़ी नई स्कॉर्पियो की सूचना पर रविवार को रोहनिया थाने की पुलिस पहुंची। वाहन पर बिहार का रजिस्ट्रेशन नंबर लिखा है। मोटर व्हीकल एप के माध्यम से पता लगा कि स्काॅर्पियो बिहार के नवादा के शेरपुर, शिरदला के मोहम्मद सईद के नाम से रजिस्टर्ड है। रजिस्ट्रेशन नंबर के साथ मिले मोबाइल नंबर और नाम-पता की मदद से पुलिस वाहन स्वामी से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। 

पीएम के रूट की हुई सफाई, पकड़े 33 पशु 
प्रधानमंत्री के आगमन से लेकर प्रस्थान के दौरान नगर निगम ने पूरे रूट की सफाई और छुट्टा पशुओं को पकड़ने का अभियान चलाया। अधिकारियों ने पीएम रूट से 50 टन कूड़ा हटवाया और पकड़े गए 33 पशुओं को कांजी हाउस भेजा।

मोदी को देखने आई महिला स्टेडियम में फंसी, छूटी ट्रेन
पश्चिम बंगाल से वाराणसी घूमने आई एक वृद्ध महिला सिगरा स्टेडियम में रोती-बिलखती नजर आई। उसकी कोलकाता की ट्रेन थी, जो कि छूट गई। वह परिवार से भी बिछड़ गई थी। महिला ने कहा कि वो कोलकाता से काशी दर्शन करने आई थी। सिगरा के सेवा संघ आश्रम में ठहरी थी। मोदी को देखने के लिए सिगरा स्टेडियम में आ गई। लेकिन, जब मोदी स्टेडियम में पहुंचे तो मेन गेट का ताला बंद कर दिया गया। इसके बाद महिला ने पुलिस से कई बार बाहर जाने की गुहार लगाई, लेकिन किसी ने उसकी एक न सुनी। घंटे भर तक रोती बिलखती रही। 

भूमि को सरकारी संपत्ति घोषित करने के विरोध में प्रदर्शन
रामनगर के डोमरी क्षेत्र में भूमि को सरकारी संपत्ति घोषित करने के विरोध में किसानों ने रविवार को धरना-प्रदर्शन किया। कुछ दिनों पहले मेयर अशोक तिवारी और नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने इस गांव का दौरा किया था। इसके बाद नगर निगम की भूमि बताकर 357 बीघा भूमि की बाउंड्री कराकर वहां पर नगर निगम का बोर्ड लगा दिया था। साथ ही किसानों को वहां से हटा दिया गया था। वहीं किसान अपनी जमीन बताकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। 

अहरौरा में मिला वाराणसी के वृद्ध का शव
वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर टोल प्लाजा के पास रविवार की शाम सड़क के किनारे वाराणसी के चेतगंज थाना क्षेत्र निवासी शिव शंकर उर्फ मट्टर (75) का शव मिला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराकर परिजनों को सूचना दी। मौके पर पुलिस पहुंची को तलाशी के दौरान वृद्ध के पास से एक पुराना हैंडबैग मिला। जिसमें उसका आधार कार्ड व एक फोन नंबर पर्ची पर लिखा हुआ मिला। 

डॉ. संपूर्णानंद के नाम से जुड़ी हैं काशी के लोगों की भावनाएं
वाराणसी। चंदौली से सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने डॉ. संपूर्णानंद स्टेडियम का नाम बदलने का कुचक्र रचा है। इसे जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। डॉ. संपूर्णानंद के साथ काशी के लोगों की भावनाएं जुड़ी हुई हैं।

उन्होंने कहा, भाजपा सरकार ने मुगलसराय के नए नामकरण के समय भी पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री के नाम की अवहेलना की थी। परंपरा रही है कि प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री किसी जनपद में आयोजित किसी कार्यक्रम में जाते हैं तो प्रोटोकॉल सभी दलों के सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधियों को जाता है। लेकिन, भाजपा की ओर से इस सांविधानिक दायित्व का पालन नहीं किया जा रहा है। 

चित्रगुप्त सभा काशी ने दी आंदोलन की चेतावनी :  चित्रगुप्त सभा काशी के पदाधिकारियों की रविवार को अन्नपूर्णा नगर काॅलोनी स्थित कार्यालय में बैठक हुई। संस्था के महामंत्री अजीत श्रीवास्तव ने संपूर्णानंद स्टेडियम का नाम बदलने का विरोध किया। 

बीएचयू में धरना जारी
बीएचयू के सेंट्रल ऑफिस पर तीसरे दिन भी एबीवीपी छात्रों का धरना जारी रहा। रविवार को पूरे सेंट्रल ऑफिस परिसर में सफाई अभियान चला। कूड़े, प्लास्टिक को बोरे में भरकर फेंका गया। इसे संडे फॉर बीएचयू अभियान नाम दिया। एबीवीपी के इकाई अध्यक्ष प्रशांत राय ने बताया कि आंदोलन के तीसरे दिन भी छात्रों ने धरना दिया।

छात्रों ने कहा जब तक हमारी 19 सूत्री मांगे पूरी नहीं होतीं तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इकाई मंत्री भाष्करादित्य त्रिपाठी ने बताया कि आंदोलन के 72 घंटे से अधिक समय हो जाने के बाद भी विश्वविद्यालय प्रशासन से कोई जिम्मेदार अधिकारी सुध नहीं ले रहा। प्रांत मंत्री अभय प्रताप सिंह, पुनीत, पल्लव, पर्जन्य आशीर्वादम उपस्थित रहे।

औंधे मुंह गिरा मिला युवक
पिंडरा के फूलपुर थाना क्षेत्र के ढोरा गांव के बाहर एक युवक अपनी बाइक के साथ मृत पड़ा मिला। सूचना पाकर फूलपुर थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों ने युवक के साथ अनहोनी की आशंका जताई है। ढोरा गांव निवासी अवधेश सरोज (38) कठिराव बाजार से शनिवार की रात बाइक से घर जा रहा था। गांव के बाहर स्थित मोड़ के समीप परिजनों को रात 12 बजे वह गिरा पड़ा मिला। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। 

तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
मिर्जामुराद के खजूरी स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के गेट के सामने नेशनल हाईवे पर रविवार की देर शाम प्रयागराज से वाराणसी की तरफ जा रहे तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। 

मेहंदीगंज गांव निवासी शंभू बनवासी (32) अपनी बाइक से कछवा रोड से अपने घर जा रहा था। खजूरी स्थित हाईवे पर तेज गति से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से शंभू की बाइक पर पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में शंभू गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर पहुंचे खजूरी चौकी इंचार्ज ने शंभू को उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। 

हादसे के बाद दो बेटों और एक बेटी के पिता शंभू की पत्नी शरीफा बनवासी का रो-रोकर बुरा हाल था। शंभू कछवां रोड स्थित एक बिल्डिंग मटेरियल की दुकान पर ट्रैक्टर चला परिवार का भरण-पोषण करता था।

बोलेरो की टक्कर से बाइक गड्ढे में गिरी, युवक की मौत
सेवापुरी के वाराणसी-भदोही मार्ग पर झबरा स्थित पानी टंकी के पास रविवार की देर शाम तेज रफ्तार बोलेरो ने एक बाइक के पीछे जोरदार टक्कर मार दी। बोलेरो की टक्कर से बाइक सड़क से कुछ दूर गड्डे में जा गिरी। वहीं, बाइक सवार की सड़क पर गिर कर मौत हो गई। गोराई बाजार निवासी मिठाई लाल विश्वकर्मा का पुत्र बबलू विश्वकर्मा (40) अपनी बाइक से जंसा बाजार जा रहा था। झबरा स्थित पानी की टंकी के पास बोलेरो ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। 

देश को आजादी सुभाष बाबू की बदौलत मिली 
नेताजी सुभाष चंद्र बोस रिसर्च सेंटर की निदेशक आभा भारतवंशी ने कहा कि भारत का पूरा खाका आजाद हिंद सरकार के पास था। 1940 में जब सांप्रदायिक तनाव बढ़ा तब नेताजी ने कहा कि कोई ऐसा कारण नहीं है जिससे ये कहा जाए कि दो धर्मों के लोग एक साथ नहीं रह सकते। हम तो वर्षों से एक साथ रह रहे हैं। 

वह रविवार को विशाल भारत संस्थान के युवा परिषद की ओर से सुभाष भवन में आजाद हिंद सरकार की स्थापना दिवस पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी काे संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि यह बात इतिहास में भले ही छिपा दी गई हो लेकिन भारत का हर व्यक्ति जानता है कि देश को आजादी सुभाष बाबू की वजह से ही मिली। मुख्य अतिथि प्रोफेसर एके जोशी ने कहा कि नेताजी के रास्ते पर चलकर ही देश को सुरक्षित बनाया जा सकता है। विशाल भारत संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजीव श्रीगुरु ने कहा कि सुभाषवादी युवाओं ने देश की सेवा को अपना काम बना लिया। डॉ. मृदुला जायसवाल ने कहा कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री सुभाष बाबू ही थे।

तीन फीडरों से छह घंटे नहीं रहेगी बिजली
लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क चौड़ीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इस दौरान रास्ते में आने वाले बिजली के खंभे, तार की शिफ्टिंग के लिए सोमवार को तीन फीडरों से छह घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। नगरीय विद्युत वितरण खंड सप्तम के अधिशासी अभियंता आशीष कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार की सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मड़ौली, पीएससी भुल्लनपुर, लोहता एवं बजरंग नगर क्षेत्र विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। 

दिन में धूप, 20.5 डिग्री पहुंचा न्यूनतम पारा
दो दिन से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। रविवार को दिन में धूप इतनी तेज रही कि लोग उमस से परेशान हो गए। रविवार को अधिकतम तापमान औसत से 1.9 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 34.7 तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि इस सप्ताह ऐसा ही मौसम देखने को मिलेगा। 

जिला सैनिक बंधु की बैठक 24 अक्तूबर को
जिला सैनिक बंधु की बैठक 24 अक्तूबर को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम एस राजलिंगम की अध्यक्षता में होगी। जिला सैनिक कल्याण व पुनर्वास अधिकारी ग्रुप कैप्टन अशोक पांडेय ने बताया कि समस्याओं के लिए 22 अक्तूबर तक आवेदन पत्र की दो प्रति कार्यालय में जमा कर दें। 

मेयर की जनचौपाल 4 नवंबर से शुरू होगी
नगर निगम के जोनल कार्यालय पर चार नवंबर से जनचौपाल लगेगी। मेयर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में नगर निगम और जलकल के अधिकारी मौजूद रहेंगे। सभी जोन के पार्षदों को भी सूचित किया जाएगा। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के अनुसार 21 अक्तूबर से होने वाली जनचौपाल अब 4 नवंबर से लगेगी। 4 नवंबर को सारनाथ जोन में सुबह 10 से 11:30 और वरुणापार जोन में 11 से 1 बजे तक चलेगी। 5 नवंबर को रामनगर, आदमपुर, 6 को कोतवाली, दशाश्वमेध और 7 को भेलूपुर और मांडवी जोन में जनचौपाल लगेगी। 

40 लाख की हेरोइन के साथ आरोपी गिरफ्तार
चौक पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स यूनिट वाराणसी की टीम ने 40 लाख की हेरोइन के साथ तस्करी के आरोपी को गिरफ्तार किया। शनिवार की रात भिखाशाह हड़हा सराय से गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 200 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। चौक इंस्पेक्टर विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरमान नसीम निवासी नई सड़क, चेतगंज के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वाराणसी में घूम-घूम कर हेरोइन बेचता था। बरामद 200 ग्राम हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय कीमत 40 लाख रुपये आंकी गई है। 

पार्किंग के लिए संगठनों की मदद लेगा वीडीए
शहर के बेसमेंट में पार्किंग सुविधा के लिए वीडीए व्यापारिक संगठनों की मदद लेगा। संगठन के पदाधिकारी व्यापारियों के साथ बैठक कर उनसे बेसमेंट में पार्किंग की सुविधा बढ़ाने के लिए प्रेरित करेंगे। पिछले दिनों वीडीए ने 261 भवनों का सर्वे किया था। 151 बेसमेंट खाली कराए थे। 110 भवन स्वामियों को बेसमेंट खाली करने के लिए नोटिस दिया गया है। 

वीडीए ने व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों से कहा है कि भवन स्वामियों को स्वयं समझाएं कि वे बेसमेंट में व्यावसायिक गतिविधि को तत्काल प्रभाव से बंद कर पार्किंग की सुविधा बढ़ाएं। शहर की यातायात की बड़ी समस्या है। सड़कों पर लोग वाहन खड़े कर देते हैं। इससे कई मार्गों पर जाम लग जाता है। यदि बेसमेंट में पार्किंग की सुविधा होगी तो लोग सड़क के बजाय पार्किंग में वाहन खड़े करेंगे। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार व्यापारियों से आग्रह किया जा रहा है कि बेसमेंट का व्यवसायिक इस्तेमाल बंद कर पार्किंग सुविधा दें।

बाढ़ का पानी कम होने के बाद भी नाविक बरतें सतर्कता
देव दीपावली पर काशी आने वाले श्रद्धालु और यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर रविवार को नाविक समाज की बैठक डॉ. राजेंद्र प्रसाद घाट पर हुई। मां गंगा निषाद राज सेवा समिति की ओर से बैठक में तय हुआ कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद भी नौका के संचालन में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। लापरवाही से नौका संचालन करने वालों की पुलिस से शिकायत की जाएगी।

महानगर अध्यक्ष जितेंद्र कुमार साहनी ने बताया कि देव दीपावली के महापर्व पर काफी संख्या में लोग काशी आते हैं। प्रकाश साहनी छोटू व अस्सी घाट के अध्यक्ष मोनू साहनी ने बताया कि देव दीपावली को देखते हुए नाविक समाज के लोगों ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए नावों को मरम्मत कराने में लगे हैं। समिति के वरिष्ठ नेता लक्ष्मण मांझी ने चेतावनी देते हुए कहा कि बाढ़ का पानी कम हो गया है लेकिन सतर्कता जरूरी है।

कहा कि अगर कोई नाव चालक मां गंगा की दैनिक आरती में नौका को जल्दबाजी में संचालन करते हुए दिखा तो उसके खिलाफ पुलिस से शिकायत की जाएगी। विनोद कुमार निषाद गुरु के साथ नाविकों ने अपने काशी के सांसद व प्रधानमंत्री के काशी में आगमन पर स्वागत किया। इस दौरान रामकिशन माझी उर्फ टूल्लू, बाबू साहनी टेलीविजन, लव कुश माझी, सदन साहनी, सोनू साहनी, प्रकाश साहनी मौजूद रहे। 

दूसरे दिन 10 घंटे की देरी से रवाना हुई वंदेभारत
प्रयागराज जंक्शन और प्रयागराज रामबाग के बीच चल रहे कार्यों के कारण रेल रूट डायवर्जन किया गया है। इस वजह से कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। रविवार को वंदेभारत सहित अन्य ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। 

कैंट स्टेशन से रविवार सुबह 6 बजे नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन संख्या-22415 वंदेभारत एक्सप्रेस 10.15 घंटे की देरी से शाम 4.15 बजे गई। इससे पहले यह ट्रेन संख्या-22416 कैंट स्टेशन पर 12.15 घंटे की देरी से दूसरे दिन रविवार को पहुंची थी। इस कारण यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। उधर, नई दिल्ली से आने वाली ट्रेन संख्या-22436 वंदेभारत एक्सप्रेस 7 घंटे की देरी से रात करीब 9 बजे कैंट पहुंची। 

इस ट्रेन को रिशेड्यूल कर रात 10 बजे यहां से रवाना किया गया। इसके साथ ही कैंट रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली नई दिल्ली-जयनगर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में 9 घंटे, दानापुर-आनंद विहार टर्मिनल जनसाधारण एक्सप्रेस 6 घंटे, एलटीटी-जयनगर पवन एक्सप्रेस 5.30 घंटे, देहरादून-हावड़ा उपासना एक्सप्रेस 3 घंटे की देरी से स्टेशन से गुजरीं। इसके अलावा हरिहर एक्सप्रेस, ताप्ती-गंगा एक्सप्रेस, पंजाब मेल, बलिया-दादर सेंट्रल स्पेशल आदि गाड़ियां भी विलंब से रहीं।

वैष्णो देवी की तर्ज पर हो विश्वनाथ धाम में दर्शन पूजन
काशी व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष राकेश जैन और महामंत्री राजकुमार शर्मा ने मैदागिन-गोदौलिया मार्ग के दोनों तरफ के कारोबार को बचाने के लिए प्रस्ताव तैयार किया है।

उनका कहना है कि मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए बारकोड और कूपन जैसी व्यवस्था है। ऐसी ही व्यवस्था श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में होनी चाहिए। इससे भीड़ नियंत्रित होगी। इस रूट पर जाम की समस्या नहीं रहेगी। जल्द ही मंडलायुक्त और जिलाधिकारी से मुलाकात कर सुझाव पत्र सौंपा जाएगा। दरअसल, मैदागिन-गोदौलिया मार्ग को नो व्हीकल जोन करने की तैयारी है। इससे व्यापारियों और इस क्षेत्र में रहने वाली जनता को परेशानी हो रही है। ऐसे में वे नहीं चाहते कि इस रूट पर वाहनों और सवारी गाड़ियों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगे। 

स्लोगन प्रतियोगिता में 30 बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
रोटरी क्लब वाराणसी सेंट्रल की ओर से रविवार को भेलूपुर के होटल में पर्यावरण, जल संरक्षण और स्वच्छता की समस्या व उपाय पर गोष्ठी हुई। पांच स्कूलों में रोटरेक्टर-इंटरेक्टर क्लब के बच्चों ने भाषण, पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिता में भाग लिया। बच्चों ने अपने जन्मदिवस व माता-पिता के नाम पर पौधरोपण का संकल्प लिया। गोष्ठी में प्रो. एके द्विवेदी, प्रो. जितेंद्र पांडेय, प्रो. वीके चौधरी ने ग्लोबल वॉर्मिंग के बारे में बताया। प्रतियोगिता में पांच विद्यालयों के 30 बच्चों ने भाग लिया। इस दौरान रो. डॉ. अमित सिंह, रो ललित गुप्ता, रो जेपी मुंदड़ा, रो. विजय नारायण कपूर, रो. सर्वेश अग्रवाल उपस्थित रहे। 

बैठक में शामिल नहीं हुए तो रोका जाएगा वेतन
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों की वर्चुअल बैठक 21 अक्तूबर को होगी। कुलसचिव की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में प्राचार्यों को समर्थ पोर्टल से छात्रों काे जोड़ने के बारे में चर्चा होगी। कुलसचिव राकेश कुमार ने बताया कि जो प्राचार्य बैठक में शामिल नहीं होंगे और समर्थ पोर्टल पर छात्र-छात्राओं का पंजीकरण कर लॉग इन नहीं कराएंगे उनका वेतन रोक दिया जाएगा। साथ ही महाविद्यालय की मान्यता खत्म करने पर भी विचार किया जाएगा। 

संस्कृत विवि में चलेंगी बीएड की सेमेस्टर कक्षाएं
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में शिक्षा शास्त्र का पाठ्यक्रम अब सेमेस्टर प्रणाली के तहत संचालित होगा। रविवार को कुलसचिव राकेश कुमार ने आदेश जारी कर दिया। सत्र 2024-26 में बीएड की पढ़ाई सेमेस्टर के तहत होगी। कुलसचिव के अनुसार, अध्ययन बोर्ड और विद्या परिषद की संस्तुति मिलने के बाद इसे लागू किया गया है। इससे छात्रों को काफी सहूलियत होगी।

12 नवंबर से प्रभातफेरी, 24 को शोभायात्रा
श्री राणी सती दादी मंगल महोत्सव की रजत जयंती के उपलक्ष्य में 12 नवंबर से 23 नवंबर तक प्रभात फेरी निकाल जाएगी। 24 नवंबर को शोभायात्रा निकलेगी। पूरे दिन भजन और मंगल पाठ होगा।श्री राणी सती दादी को छप्पन भोग लगाया जाएगा।

ये जानकारी रविवार को श्री राणी सती दादी धाम समिति की बैठक में मारवाड़ी समाज के अध्यक्ष प्रदीप तुलस्यान ने दी। रामकटोरा स्थित कार्यालय पर हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए रमेश कुमार चौधरी ने कहा कि ये महोत्सव का रजत जयंती वर्ष है। इस दौरान भरत सराफ, अनूप सराफ, पवन अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, मधु तुलस्यान, कविता भलोटिया आदि मौजूद रहीं। 

कठिरांव का विजयदशमी मेला आज से
कठिरांव का दो दिवसीय विजयदशमी मेला सोमवार से शुरू हो रहा है। मेले में हजारों की संख्या में लोग पहुंचते हैं। रामलीला समिति के संरक्षक/अध्यक्ष डॉ. आदित्य दुबे ने बताया कि मेले में किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए प्रशासन से व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराने और दो दिनों के लिए डायवर्जन की मांग की गई है। वहीं, मंगारी का 150 वर्षों से लगने वाला विजयदशमी मेला इस बार स्थान के अभाव के चलते नहीं लगेगा। अनिल सिंह ने बताया कि कार्तिक महीने के पंचमी व पष्ठी को लगने वाला मेला नहीं लगेगा। 

नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की...
आचार्य भारत भूषण महाराज ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्म दुष्ट कंस का वध करने के लिए हुआ और देवकी-वासुदेव उनके परम भक्त थे। उनकी रक्षा के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने जन्म लिया। वह रविवार को केदारघाट स्थित करपात्री धाम में श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का वर्णन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूरा वृंदावन भगवान कृष्ण के जन्मोत्सव की खुशी में नाच उठा। नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की लाल... का जयघोष करते बाल ग्वाल नाचने-गाने लगे। यजमान जनार्दन दुबे ने भागवत पोथी की आरती की। 

पांच महिलाओं को मिला नारी शक्ति सम्मान
सत्य सनातन सेवा संस्थान ट्रस्ट की ओर से रविवार को नारद घाट पर संस्थापक अध्यक्ष स्वामी मुक्तानंद सरस्वती ने समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पांच विशिष्ट महिलाओं को नारी शक्ति सम्मान दिया। 26 लोगों को सनातन गौरव सम्मान और 30 लोगों को लाइफटाइम डोनर्स फाॅर अन्नदान अवार्ड 2024 प्रदान किया गया। नारी शक्ति सम्मान डॉ. शालिनी राणा, प्रियंका तिवारी, बिंदु सिंह, डॉ. शिवानी श्रीवास्तव और एडवोकेट शिवांगी द्विवेदी को दिया गया। मुख्य अतिथि दक्षिण भारत के सुप्रसिद्ध निर्माता-निर्देशक व संगीतकार वीआर स्वामीनाथन राजेश, विशिष्ट अतिथि प्रकाश राजेश अरस, अनन्या कोवूर ने कार्यक्रम की शुरुआत की। संचालन चक्रवर्ती विजय नावड ने किया। इस दौरान राजेश प्रताप सिंह, मिलन श्रीवास्तव, मोहित, स्वामी सुरेश, नारायण साहनी उपस्थित थे। 

special news varanasi in one click Refusing to take dead body of daughter young man jumps front of train
लोकनाटय प्रशिक्षण बिदेशिया का आयोजन में नाटक का मंचन करते कलाकार। - फोटो : अमर उजाला

बिदेसिया के संगीत और अभिनय ने किया प्रभावित
लोक नाटककार भिखारी ठाकुर की रचित और देश के ख्यातिलब्ध रंग निर्देशक संजय उपाध्याय द्वारा निर्देशित बिदेसिया के संगीत और अभिनय ने दर्शकों को काफी प्रभावित किया। नागरी नाटक मंडली में एनएसडी के छात्र-छात्राओं ने इस मंचन के माध्यम से बताया कि भारत में ब्रिटिश उपनिवेशवाद की स्थापना के साथ ही भोजपुरी क्षेत्रों के मजदूरों का पलायन कोलकाता, असम ही नहीं बल्कि फिजी, मॉरीशस, ट्रिनिदाद, सुरीनाम जैसे उपनिवेशों में हुआ।

मंच पर अभिनय कर रहे विद्यार्थियों में शिवांगी त्रिपाठी, रिया कुमारी, वर्षा कुमारी, समीर शर्मा, मधुसूदन, साहिल कुमार, श्रेया अम्बष्ट, मानसी रावत, नदीतमा, अरुण कुमार, बंटी, रमाशंकर यादव, आशुतोष, देव, कन्या और अभिषेक राणा थे। संगीत संजय उपाध्याय व राजेश कुमार और प्रकाश संजय कुमार का रहा। एनएसडी के केंद्र निदेशक प्रवीण कुमार गुंजन ने धन्यवाद ज्ञापित किया। संचालन छात्रा मानसी रावत ने किया। सहयोग जगमोहन सिंह नेगी और प्रमोद कुमार ने किया। 

स्टेडियम से सम्पूर्णानंद का नाम हटाया जाना गलत: अजय राय
बनारस में पुराने प्रतिष्ठित स्टेडियम के आधुनिक निर्माण के प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटन के साथ, स्टेडियम से जुड़ा बाबू सम्पूर्णानंद का नाम हटा देना आपत्तिजनक है। उक्त बातें उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मंत्री अजय राय ने कही। कहा कि सरकार के इस कार्य से काशी के लाखों लोग आहत हुए हैं। कांग्रेस इस कार्य का पुरजोर विरोध करती है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि सम्पूर्णानंद लोकप्रिय मनीषी राजनेता थे। उनका नाम किसी प्रतिष्ठान से हटा दिया जाना महज लाखों काशीवासियों के भावनाओं का भी अपमान है। काशी की विद्वत आचार्य परम्परा और सत्य, त्याग, नैतिक मूल्यों, ईमानदारी पर यह गहरा आघात है। 

special news varanasi in one click Refusing to take dead body of daughter young man jumps front of train
मौके पर मौजूद पुलिस और भीड़। - फोटो : अमर उजाला

कबाड़खाने में लगी आग, महिला की मौत
वाराणसी के टकटकपुर स्थित गैस गोदाम के पास कबाड़खाने में आग लग जाने से एक महिला की मौत हो गई। गनीमत रही कि आग गोदाम तक नहीं पहुंची नहीं तो और बड़ा हादसा हो सकता था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। 

बताया जा रहा है कि यहां पर गैस की टंकियों को काटने का काम चल रहा था। आग लगने के बाद गोदाम पर काम कर रहे दो कर्मचारी भाग निकले लेकिन महिला फंसी रह गई।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed