फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Special news of Varanasi in one click Investigation of Balua Ghat construction material stuck

एक क्लिक में वाराणसी की खास खबरें: बलुआ घाट निर्माण सामग्री की जांच अटकी, सिक्योरिटी गार्ड से छेड़खानी

Mon, 16 Sep 2024 12:37 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Mon, 16 Sep 2024 12:37 AM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में बलुआ घाट पर बारादरी गिरने से मजदूर की मौत मामले की जांच पीडब्ल्यूडी की लैब में अटकी है। वहीं, लंका थाना क्षेत्र में छेड़खानी के आरोप में एक सुपरवाइजर को गिरफ्तार किया गया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Special news of Varanasi in one click Investigation of Balua Ghat construction material stuck
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

बलुआघाट के बारादरी की छत गिरने से हुई मजदूर की मौत मामले में जांच पीडब्ल्यूडी के लैब में अटकी है। सूत्रों के अनुसार घटना के लिए जिम्मेदार पीडब्ल्यूडी की रिपोर्ट में मिलावट करने की फिराक में हैं। दरअसल पूर्व में भी पीडब्ल्यूडी के लैब में इसकी जांच गई थी। जिसके रिपोर्ट अब तक नहीं आई। जबकि दो माह से अधिक का समय बीत चुका है। 

विज्ञापन


जिलाधिकारी एस राजलिंगम के आदेश पर एडीएम सिटी आलोक वर्मा की कमेटी ने जांच की थी। जांच के दौरान निर्माण सामग्री के सैंपल पीडब्ल्यूडी के लैब से कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस बीच फर्म मेसर्स ओम प्रकाश पांडेय दीपनगर राबर्ट्सगंज सोनभद्र के ठेकेदार पर मुकदमा दर्ज किया गया। उसे ब्लैकलिस्ट कर कार्य एवं भुगतान पर रोक लगाई गई। उसके सभी कार्यों की टीएसी (टेक्निकल आडिट कमेटी) जांच कराने के आदेश दिए हैं। 
विज्ञापन


यूपीपीसीएल सहायक परियोजना प्रबंधक दिलीप कुमार और अवर अभियंता रेनू जायसवाल को निलंबित कर प्रयागराज से अटैच कर दिया गया। यूपीपीसीएल की ओर से शास्त्री घाट के निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसकी लागत 10 करोड़ 55 लाख 86 हजार रुपये है। लंबाई 130 मीटर और चौड़ाई 70 मीटर है। इसके तहत यहां कई कार्य हो रहे हैं। कैंट के विधायक सौरभ श्रीवास्तव की शिकायत को भी गंभीरता से नहीं लिया गया। जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हो गया।

विज्ञापन
विज्ञापन

सिक्योरिटी गार्ड से छेड़खानी के आरोप में सुपरवाइजर गिरफ्तार
भोगाबीर, लंका स्थित कुलवंती हॉस्पिटल के सुपरवाइजर वसीम अंसारी को लंका थाने की पुलिस ने छेड़खानी सहित अन्य आरोपों में रविवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से प्रयागराज का निवासी और रोहनिया क्षेत्र में रहता है।

सरायनंदन, खोजवा क्षेत्र की रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि वह कुलवंती हॉस्पिटल में सिक्योरिटी गार्ड का काम करती है। शनिवार की रात लगभग 2:15 बजे हॉस्पिटल के सुपरवाइजर वसीम अंसारी ने उसे छत पर जाने को कहा। उसने मना किया तो उसने जबरन जाने को कहा। वह छत पर गई तो वसीम अंसारी भी पीछे से आ गया। छत पर वसीम अंसारी ने उससे छेड़खानी की तो वह विरोध की। इस पर वसीम अंसारी ने उसका मुंह दबा दिया।

इसी बीच मैनेजर अमर पटेल आ गया तो उसने कहा कि शोरशराबा मत करो और अपने पति से भी कुछ मत बताना। उसने मैनेजर से वसीम अंसारी की शिकायत की। इस पर मैनेजर ने उसे ही चरित्रहीन कहा। उधर, इस संबंध में लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्र ने बताया कि वसीम अंसारी और अमर पटेल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वसीम अंसारी को गिरफ्तार कर अमर पटेल की भूमिका की जांच की जा रही है।

28 वाहन सीज, 1479 वाहनों का चालान
सड़क पर बेतरतीब तरीके से खड़े होकर जाम का कारण बनने वाले वाहनों के खिलाफ कमिश्नरेट की पुलिस की कार्रवाई जारी है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि रविवार को यातायात में बाधक बन रहे 28 वाहनों को क्रेन की मदद से उठवा कर सीज करा दिया गया। 45 वाहनों में व्हील क्लैंप लगाकर उनसे जुर्माना वसूला गया। 

इसके अलावा 1479 वाहनों का चालान थानों और ट्रैफिक की पुलिस ने किया। शहर भर में सड़क पर अतिक्रमण कर यातायात में बाधक बनने वाले 562 ठेला हटवाए गए। 135 अतिक्रमणकारियों के खिलाफ पुलिस की ओर से रपट दर्ज की गई। पुलिस आयुक्त ने कहा कि सुगम यातायात के लिए सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई रोजाना जारी रहेगी।

गणेश उत्सव के दौरान मनबढ़ों ने लाठी-डंडे से पीटा
फूलपुर थाना क्षेत्र के सराय गांव स्थित सत्ती माता मंदिर के प्रांगण में शनिवार की रात गणेश उत्सव के दौरान मनबढ़ों ने लाठी-डंडे से वार कर पांच लोगों को घायल कर दिया। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि औराव निवासी उज्ज्वल राजभर, विकास राजभर व पंजाबी राजभर के साथ उनके 10-11 दोस्तों ने गणेश उत्सव के दौरान महिलाओं के ऊपर अभद्र टिप्पणी की।

कुछ लोगों ने विरोध किया तो लाठी-डंडे से उनके ऊपर वार कर दिया। हमले में देवराई का 10 वर्षीय शिवम प्रजापति और सराय निवासी अभिषेक, अनिल, चंद्रभान व सक्षम घायल हुए हैं। फूलपुर थाने की पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घायलों का उपचार कराया। 

सहायक सुरक्षा आयुक्त बीपी सिंह ने संभाला पदभार
कैंट आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त बीपी सिंह ने रविवार को पदभार ग्रहण कर लिया। इस दौरान उन्होंने कैंट स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। आरपीएफ के जवानों से संवाद किया। सहायक सुरक्षा आयुक्त एसएन यादव का स्थानांतरण लखनऊ के जगजीवन राम रेलवे सुरक्षा बल अकादमी में उप प्रधानाचार्य पद पर हुआ है। 

अदालत के आदेश पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज हुआ
अदालत के आदेश से एक महिला के प्रार्थना पत्र पर शिवपुर थाने में घर में घुसकर दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला के अनुसार, रोजाना की तरह 29 जनवरी 2024 को वह अपने खेत पर गई थी। खेत में काम करने के बाद वह वहीं स्थित एक कमरे में कुछ काम करने गई। तभी भवानीपुर, शिवपुर निवासी श्रीकांत सिंह कमरे में आ गया।

श्रीकांत सिंह उसके मुंह में तमंचा डाल कर दुष्कर्म किया और वीडियो भी बना लिया। उसके बाद श्रीकांत सिंह ने धमकी दी कि अगर किसी से बताई तो जान से मार दूंगा। वीडियो के सहारे ब्लैकमेल कर वह कई बार दुष्कर्म किया। शिकायत शिवपुर थाने पर की गई तो कार्रवाई नहीं हुई। इसलिए उसे अदालत की शरण में जाना पड़ा।

अधिवक्ता के भतीजे पर जानलेवा हमला
लालपुर पांडेयपुर थाने में एक अधिवक्ता ने अपने भतीजे पर जानलेवा हमले के आरोप में नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। हासिमपुर निवासी अधिवक्ता अवधेश कुमार ने बताया कि गत 13 सितंबर को उनका भतीजा प्रिंस कुमार गोवर्धनपुरी कॉलोनी गेट पर था। उसी दौरान विकास यादव ने उनके भतीजे के साथ मारपीट और गालीगलौज करते हुए उस पर चाकू से जानलेवा हमला किया। लालपुर पांडेयपुर थाने की पुलिस विकास यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फल विक्रेता और ई-रिक्शा चालक का मोबाइल चोरी
मंडुवाडीह थाने के सामने रहने वाले फल विक्रेता आकाश सोनकर का मोबाइल रविवार की दोपहर चोरी हो गया। आकाश ने बताया कि वह मंडुवाडीह थाने से लगभग 50 मीटर की दूरी पर अपने फल की दुकान के बगल में मोबाइल चार्जिंग में लगाया था। वहीं, दूसरी तरफ कंचनपुर, मंडुवाडीह निवासी ई-रिक्शा चालक सलटू राम का मोबाइल बरेका से भिखारीपुर जाते समय उसके पॉकेट से एक यात्री चुरा लिया।

मकान बेचने के नाम पर धोखाधड़ी कर पैसा लेने के आरोप में मुकदमा
सरस्वती अपार्टमेंट, रामनगर निवासी सत्येंद्र प्रताप जायसवाल की शिकायत पर लंका थाने में नरोत्तमपुर के रहने वाले अजय कुमार वर्मा और उसकी पत्नी सरोज वर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी करने के मामले में लंका थाने में मुकदमा दर्ज किया है। सत्येंद्र का आरोप है कि अजय वर्मा और उसकी पत्नी सरोज वर्मा से 78 लाख रुपये में एक मकान का सौदा तय किया। 

अक्तूबर 2022 में 40 लाख रुपये दिए गए। इसके बाद 30 लाख रुपये देकर बैनामा करने के लिए कहा गया। दंपती ने मकान पर बैंक से लोन लेने की जानकारी नहीं दी। मकान के रजिस्ट्री की डीड मांगने पर दंपती आनाकानी करने लगे। काफी दबाव बनाने पर सरोज वर्मा और अजय वर्मा ने 10 लाख रुपये का लोन बैंक से लेने की बात बताई। मकान का लोन भरने के नाम पर 28 लाख रुपये और ले लिए। आरोपियों ने मकान भी नहीं दिया और पैसा भी ले लिया। लंका थाने की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। 

जक्खिनी में जली हुई बाइक मिली
जक्खिनी में एक बाइक जली हुई मिली है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बाइक जक्खिनी पोखरे से ब्लॉक जाने वाली सड़क पर भीटे के पास खड़ी है। रात में दो-तीन लड़के बाइक से आए थे और उसे किनारे खड़ी कर आग लगाकर चलते बने। इस ओर जक्खिनी चौकी की पुलिस का भी ध्यान नहीं गया। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। इस संबंध में पूछे जाने पर जक्खिनी चौकी प्रभारी ने अनभिज्ञता जताई। 

बेटे और बहू ने मारपीट कर मां को घर से निकाला
बड़ागांव के बिसईपुर गांव की एक वृद्धा को उनके बेटे और बहू ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। घटना के संबंध में वृद्धा की तहरीर पर रविवार को बड़ागांव थाने में आरोपी बेटे और बहू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बिसईपुर गांव की रहने वाली मंजू देवी ने बताया कि उनके पति की मौत हो चुकी है। बीते छह सितंबर को उनका बेटा कमलेश अपनी पत्नी संगीता के साथ मिलकर उन्हें बेवजह मारा-पीटा। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए उन्हें घर से निकाल दिया। तब से वह किराये पर कमरा लेकर रह रही हैं। बड़ागांव थाने की पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

गंगा में डूब रहा श्रद्धालु बचाया गया
अस्सी घाट पर रविवार की सुबह बंगलूरू निवासी श्रद्धालु वेंकटेश (55) गंगा में स्नान के दौरान गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। चीख-पुकार सुन मौके पर मौजूद जल पुलिस के जवान संतोष कुमार और मल्लाह तिलक मांझी व संदीप मांझी ने गंगा में छलांग लगा दी। तीनों लोगों ने वेंकटेश को सकुशल गंगा से बाहर निकाल लिया। 

डीसीपी ट्रैफिक से मिलेंगे टूरिस्ट ट्रांसपोर्टर, बताएंगे समस्याएं
शहर में टूरिस्ट वाहनों की आवाजाही और यातायात नियमों की उलझनों के बारे में टूरिस्ट ट्रांसपोर्टर जल्द ही डीसीपी ट्रैफिक से मुलाकात करेंगे। उन्हें मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपेंगे। रविवार को बनारस टूरिस्ट ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की बैठक में यह निर्णय लिया गया। अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने कहा कि यातायात उपायुक्त से मुलाकात कर मोटर मालिकों की समस्याएं बताई जाएगी। इस दौरान संगठन की मजबूती पर जोर दिया गया। बैठक में प्रभाकर पांडेय, राजन श्रीवास्तव, हर्षवर्धन सिंह, शांतनु सिंह, पिंटू श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। 

मिर्जामुराद पुलिस ने कहा- नई परंपरा नहीं शुरू करने देंगे
गौर ग्रामसभा में बारावफात का जुलूस परंपरागत रास्ते से न निकाल कर नए रास्ते से निकालने की संभावना की सूचना पर मिर्जामुराद थाने की पुलिस पहुंची। इस पर मिर्जामुराद थाना प्रभारी अजयराज वर्मा ने दोनों पक्षों से बातचीत की। थाना प्रभारी ने हिदायत दी कि बारावफात पर निकलने वाला जुलूस परंपरागत रास्ते से ही निकाला जाएगा। नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस दौरान सैयद अली, राजू, सलीम, नन्हे श्रीवास्तव, खरपत्तू , भंतू राजभर, शिवगेन यादव आदि मौजूद रहे।

76 अति जर्जर भवन चिह्नित, भवन स्वामी नहीं हटेंगे तो पुलिस हटाएगी
शहर के 76 अति जर्जर भवन खाली कराए जाएंगे। इसके लिए नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने आदेश जारी कर दिया है। उन्होंने कहा कि इसमें रहने वाले खुद भवन खाली करें अन्यथा पुलिस खाली कराएगी।

नगर आयुक्त ने बताया कि अति जर्जर भवनों को चिह्नित करने के लिए सर्वे कराया गया था। खतरनाक स्थिति में पाए गए इन 76 भवनों को मरम्मत करवाने और गिराने की कार्रवाई की जाएगी। निगम के दो जोन वरुणापार में 06, कोतवाली जोन में 70 अति जर्जर भवन चिह्नित किए गए हैं। सभी भवन स्वामियों को तत्काल भवन खाली करने के लिए कहा गया है।

अधिनियम के तहत जिस भवन को नोटिस जारी किया जाएगा, उस भवन का स्वामी को भवन तत्काल खाली करना होगा। भवन खाली होने के बाद नगर निगम उस भवन का ध्वस्तीकरण कराएगा। ध्वस्तीकरण का खर्च भवन स्वामी से वसूल किया जाएगा। निर्धारित समय में भवन खाली न करने पर पुलिस से खाली कराने की संस्तुति की जाएगी। 

डबल जाली से लैस होंगे कुएं और तालाब
कुएं और तालाब डबल जाली से लैस किए जाएंगे। जिलाधिकारी एस राजलिंगम के अनुसार जल संरक्षण के लिए तालाब और कुओं की बेहतर तरीके से देखभाल करें। जहां कुओं और तालाबों में गंदगी अधिक होती है, वहां पर डबल जाली लगवाकर उसे सुरक्षित करें। जरूरत के अनुसार वहां सुंदरीकरण के कार्य भी कराएं।

शहर में इसकी जिम्मेदारी नगर निगम और ग्रामीण इलाकों में ग्राम्य विकास विभाग को दी गई है। दरअसल, स्वच्छ सर्वेक्षण के दौरान जल संरक्षण पर भी कुछ अंक दिए जाते हैं। पिछली बार स्वच्छ भारत की रैंकिंग पीछे रहने की वजह जल संरक्षण भी रही। यहां के तालाबों और कुओं की पर्याप्त देखभाल न होने के कारण रैंकिंग 41 मिली थी।

इसके बाद यह कवायद शुरू की गई है। 225 तालाबों और कुओं के आसपास का क्षेत्र बेहतर किया जाएगा। साथ ही इसके आसपास जाली लगवाकर सुरक्षित किया जाएगा। शहरी इलाकों के तालाबों में गंदगी को रोकने के लिए अर्पण कलश भी लगाए जाएंगे ताकि लोग तालाबों में पूजा निर्माल्य न फेंकें। यहां लाइटों के साथ इंटरलाकिंग कराई जाएगी। कुछ जगहों पर पौधे भी लगवाए जाएंगे।

कबड्डी में वाराणसी की टीम चैंपियन
जिला कबड्डी संघ की ओर से रविवार को एमजीएस इंटर कॉलेज के मैदान में राज्यस्तरीय महिला कबड्डी में प्रतापगढ़, प्रयागराज, प्रयागराज स्टेडियम, अमेठी, मऊ, अकबरपुर, जौनपुर, वाराणसी और सुल्तानपुर की टीमों ने प्रतिभाग किया। पहला सेमीफाइनल वाराणसी और जौनपुर के बीच खेला गया। इसमें वाराणसी ने 41-15 से जीत दर्ज की। रोमांचक फाइनल मुकाबले में वाराणसी ने सुल्तानपुर को 31-16 से हरा दिया। 

बीएचयू विश्वनाथ मंदिर में तबला बजाकर दी तालांजलि
बीएचयू के संगीत एवं मंच कला संकाय की स्थापना के 75 साल पूरे होने पर रविवार को बीएचयू विश्वनाथ मंदिर में तबला बजाकर तालांजलि अर्पित की गई। कौस्तुभ जयंती के उपलक्ष्य में तालांजलि काशी यात्रा के तहत सभी देव स्थानों पर तबले की पारंपरिक बंदिशों की प्रस्तुति की जाएगी। रविवार को संकाय के प्रो. प्रवीण उद्धव के निर्देशन में संकाय के 51 छात्रों ने 51 बंदिशों के साथ बसंत ताल, तीव्रा ताल, एकताल में तालांजलि अर्पित की।

इस दौरान राग गुणकलि में डमरू हर-हर बाजे, राग यमन कल्याण में शिवशंकर आदिदेव, राग बैरागी में सकल ताल आधार जैसी बंदिशों पर तबले की बंदिशें टुकड़ा, परन, चक्रदार, त्रिपल्ली, एकहत्थी आदि रचनाओं की प्रस्तुति की गई। वागीशा पांडेय ने हारमोनियम, हरिप्रिया पांडेय ने गायन पर संगति प्रदान की। 

लोकल फाल्ट से पांडेयपुर में डेढ़ घंटे तक गुल रही बिजली
बिजली की बेहतर आपूर्ति के लिए बिजली निगम की ओर से जर्जर तारों को अभियान चलाकर बदला जा रहा है। ट्रांसफार्मरों की मरम्मत भी कराई जा रही है। इसके बाद भी लोकल फाल्ट से निजात दिलाना बड़ी चुनौती बनी है। रविवार को शहर के कई इलाकों में फाल्ट की वजह से कहीं आधे घंटे तो कहीं डेढ़ घंटे तक बिजली गुल रही। इस वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

रविवार सुबह से ही मंडुवाडीह, मड़ौली, पांडेयपुर, लक्ष्मीकुंड इलाके में सुबह से ही बिजली की आवाजाही जारी रही। दोपहर में करीब 3 बजे लक्ष्मीकुंड में बिजली कट गई। इसके बाद लोगों ने उपकेंद्र पर फोन किया तो तार में फाल्ट होने की जानकारी मिली। इसके बाद पांडेयपुर उपकेंद्र के पार्वती नगर फीडर से जुड़े शिवनगर कालोनी में दोपहर में डेढ़ घंटे तक बिजली कटी रही। 

दोपहर बाद करीब तीन बजे उपकेंद्र पर फोन करने पर फाल्ट आने की वजह से ही आपूर्ति ठप है। इसके बाद कर्मचारी फाल्ट सही करने में लग गए। करीब 4.30 बजे आपूर्ति बहाल हुई तो लोगों ने राहत की सांस ली। मड़ौली में बिजली की आवाजाही से लोग परेशान रहे। इस बारे में मुख्य अभियंता अरविंद कुमार सिंघल ने बताया कि बिजली की बेहतर आपूर्ति के लिए जर्जर तारों को बदलवाया जा रहा है। जिन जगहों पर फाल्ट की सूचना मिल रही है, वहां समय रहते कर्मचारियों को भेजकर फाल्ट सही करवाने का निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिया गया है।

वीआईपी के आवागमन के दौरान आमजन को न हो दिक्कत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के काशी आगमन के मद्देनजर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने रविवार को अपने कैंप कार्यालय में बैठक की। पुलिस अफसरों को उन्होंने कहा कि वीआईपी के आवागमन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रहे और आमजन को दिक्कत न होने पाए। वीआईपी के आवागमन के मार्ग पर रस्से का उपयोग कर भीड़ को नियंत्रित करें। संवेदनशील स्थानों पर रूफ टॉप फोर्स लगाई जाए और सभी कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे। पुलिस कर्मी अतिरिक्त सतर्कता के साथ ड्यूटी करें।

दो लाख भक्तों ने काशी विश्वनाथ के किए दर्शन
वामन द्वादशी और प्रदोष पर बाबा दरबार में भक्तों की कतार लगी रही। मंगला आरती से शयन आरती तक दो लाख से अधिक शिवभक्तों ने बाबा दरबार में दर्शन पूजन किए। सुबह में भीड़ का रेला ऐसा उमड़ा कि मंदिर के आसपास के इलाके पूरी तरह से जाम हो गए। हालांकि दोपहर के बाद से भीड़ का दबाव कुछ कम हुआ।

रविवार को मंगला आरती के बाद श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। प्रदोष, रविवार और वामन द्वादशी होने के कारण आम दिनों की अपेक्षा भीड़ ज्यादा थी। भीड़ का आलम यह था कि श्रद्धालुओं की एक कतार बांसफाटक के आगे तो दूसरी कतार चौक थाने की ओर लगी हुई थी।

इसी क्रम में सामनेघाट के मदरवां स्थित श्रीवैष्णव मठ के पीठासीन अधिकारी जगद्गुरु स्वामी संपतकुमारार्य ने भी वामन द्वादशी और प्रदोष पर मंगला और शयन आरती का आयोजन किया। मठ पर विधि-विधान से हुई पूजा में सैकड़ों ने लोगों ने हिस्सा लिया।

बीएसए ने 125 शिक्षकों को किया सम्मानित
शिक्षक समाज को नई दिशा प्रदान करता है। शिक्षक पर समाज विश्वास करता है। उनकी बातों का असर बच्चों पर पड़ता है। वह जो भी विचार रखता है, सही माना जाता है। उक्त बातें बीएसए डॉ अरविंद पाठक ने रविवार को मिशन शिक्षण संवाद के एक दिवसीय शैक्षिक संगोष्ठी में कहीं। जनपद स्तरीय शैक्षिक संगोष्ठी व शिक्षक सम्मान समारोह रविवार को केराकतपुर के एक स्कूल में हुआ।

मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अवध किशोर सिंह ने कहा कि मिशन शिक्षण संवाद के इस मंच पर एक से एक नवाचार देखने को मिल रहा है। उन्होंने जनपद के अन्य शिक्षकों को भी जोड़ने का आह्वान किया। बीएसए डॉ. अरविंद पाठक ने उपस्थित 125 शिक्षकों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान अमृता सिंह, कुंवर भगत सिंह, आराधना दुबे, जमाल अहमद खान, अनीता शुक्ला शिक्षक मौजूद रहे। 

चिराग से रोशन हुए मुस्लिम इलाके, 16 सितंबर निकलेगा जुलूस
जुलूसे मोहम्मदी व जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी 16 सितंबर को शहर काजी मौलाना जमील अहमद की अगुवाई में निकलेगा और रेवड़ी तालाब में ही सम्पन्न होगा। आयोजन की पूर्व संध्या पर रविवार को मुस्लिम इलाके और मस्जिदें रोशन हो उठीं। लोगों ने यौमे विलादत पर घरों को भी को रंगीन रोशनी से सजाया।

पैगंबरे इस्लाम हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की यौमे विलादत पर जुलूसे मोहम्मदी चांद की 12 तारीख 16 सितंबर को सुन्नी जमीअतुल ओलमा के तत्वावधान और काजी शहर ए बनारस की कयादत में सुबह सात बजे रेवड़ी तालाब मैदान से निकलेगा और अपने पुराने रास्तों से भेलूपुर, गौरीगंज, रविंद्रपुरी कालोनी, शिवाला, सोनारपुरा, मदनपुरा, गोदौलिया, चौक, मैदागिन, पियरी, नई सड़क, गिरजाघर, रामापुरा होते हुए पुनः रेवड़ी तालाब के मैदान में आकर सलातो सलाम व दुआ पर खत्म होगा।

जुलूस-ए-मोहम्मदी के सदस्य अहसन हमदी ने यह जानकारी देते हुए कहा कि काजी-ए-शहर की कयादत में निकलने वाले मुख्य जुलूस में शामिल होने वाली तमामी अंजुमनों से गुजारिश है कि डी.जे. का हरगिज इस्तेमाल न करें, वरना इसके लिए वो स्वयं जिम्मेदार होंगे।

बनारस क्लब सदस्यों को दिल्ली में इलाज पर मिलेगी छूट
बनारस क्लब और दिल्ली के एक निजी अस्पताल के बीच स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर रविवार को साझेदारी हुई। बनारस क्लब में काशी विश्वनाथ न्यास के सीईओ विश्वभूषण मिश्रा, अपर नगर आयुक्त राजीव राय ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

अस्पताल की ओर से डॉ. राहुल भार्गव, डॉ. प्रवीण गुप्ता ने कहा कि बनारस क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों को दिल्ली में निजी अस्पताल में इलाज करवाने पर छूट मिलेगी। शाम को प्रधान निदेशक ने कहा कि सुविधाओं का लाभ लेने के लिए क्लब सदस्यों को विशेषाधिकार कार्ड भी जारी किया जाएगा। कार्यक्रम में बनारस क्लब से अतुल सेठ, कार्यक्रम संयोजक डॉ. आलोक कुमार सिंह मौजूद रहे। 

साइटोकॉन में प्रतिभागियों ने जानी नई तकनीक से जांच की बारीकियां
आईएमएस बीएचयू के पैथालॉजी विभाग में दो दिवसीय यूपी साइटोकॉन के अंतिम दिन प्रतिभागियों को नई तकनीक से साइटोपैथलॉजी जांच से जुड़ी बारीकियां बताई गई। इस दौरान माइक्रोस्कोपी जांच का प्रसारण हुआ। इंडियन अकादमी ऑफ साइटोलोजिस्ट यूपी चैप्टर की ओर से केएन उडुप्पा सभागार में पीजीआई चंडीगढ़ से प्रो. नलिनी गुप्ता, नई दिल्ली से प्रो. प्रज्जवला गुप्ता, डॉ. मोना बरगोटिया ने फ्लूइड साइटोपैथोलॉजी के बारे में बताया। प्रो. नलिनी ने रिपोर्टिंग प्रणालियों के बारे में समझाया।

राममनोहर लोहिया अस्पताल लखनऊ से प्रो. अनुराग गुप्ता ने कोशिकाओं के जांच की तकनीक बताई। तीसरी कार्यशाला में साइटोलॉजी नमूनों में एचपीवी, डीएनए की जांच के बारे में विस्तार से बताया। कहा कि एचपीवी एक ऑन्कोजेनिक वायरस जो कैंसर का कारक है। बीएचयू पैथालॉजी विभाग के अध्यक्ष प्रो. संदीप कुमार ने आयोजन को युवा चिकित्सकों के लिए उपयोगी बताया। कार्यक्रम में प्रो. अमृता घोष कर, डॉ. दीपा रानी, डॉ. अंजू भारती, डॉ. महिमा मौजूद रहे।

शिव शंकर यादव बने अभिभावक अध्यापक एसोसिएशन के अध्यक्ष
राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज के सभागार में रविवार को अभिभावक अध्यापक एसोसिएशन की प्रथम आम बैठक हुई। अभिभावक अध्यापक एसोसिएशन के सत्र-2024-25 में अध्यक्ष के रूप में शिव शंकर यादव और अध्यापक वर्ग से मंत्री के रूप में अवनींद्र कुमार सिंह सर्वसम्मति से चुने गए। मंच के माध्यम से अभिभावकों ने विद्यालयीय व्यवस्था पर सुझाव रखे। 

संभाषण प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विदुषी मिश्रा प्रथम
अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस पर राजघाट के वसंत महिला महाविद्यालय में दक्षिणी एशियाई देशों में लोकतंत्र विषयक संभाषण प्रश्नोत्तरी और खुला सत्र प्रतियोगिता में विदुषी मिश्रा अव्वल रहीं। श्रेया सिंह दूसरे और सूर्यांशी सिंह तीसरे स्थान पर रहीं। अंतिम सत्र में छात्राओं को खुला अभिव्यक्ति मंच प्रदान किया गया। दक्षिण एशियाई देशों में लोकतंत्र की स्थिति के सुधार पर छात्राओं ने विचार व्यक्त किए। संभाषण प्रतियोगिता में महाविद्यालय की 22 छात्राओं ने हिस्सा लिया। प्रो. मंजरी झुनझुनवाला ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। उनका कहना था कि वर्तमान पीढ़ी अंतरराष्ट्रीय परिवेश से बखूबी परिचित हो रही है। 

राष्ट्रीय एकता और स्वाभिमान की भाषा है हिंदी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के हिंदी, अन्य भारतीय भाषा विभाग और भाषा सहोदरी हिंदी (न्यास) दिल्ली की ओर से अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में हिंदी के उत्थान से जुड़े बिंदुओं पर चर्चा हुई। बतौर मुख्य अतिथि धर्मसंघ के महामंत्री जगजीतन पांडेय ने कहा कि हिंदी राष्ट्रीय एकता और स्वाभिमान की भाषा है। अब नए रूप में उभरती जा रही है।

विशिष्ट अतिथि प्रो. अनुराग कुमार ने कहा कि हिंदी को अब नई भूमिका में आना होगा। कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने कहा कि देश की भाषा नीति के निर्माण में काशी विद्यापीठ की भूमिका अग्रणी रही है। संयोजक प्रो. निरंजन सहाय ने कहा कि बहुभाषिक देश भारत में हिंदी की केंद्रीय भूमिका है। कार्यक्रम में डॉ. अभय कुमार, मीना चौधरी, नरेश सांडिल्य, प्रो. अनीता पीएल, डॉ. एके बिंदु, जयकांत मिश्र मौजूद रहे।

राम, लक्ष्मण और माता जानकी को अर्पित करेंगे 41 लाख का स्वर्ण मुकुट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरी बार काशी से सांसद बनने का संकल्प पूर्ण होने के बाद राम, लक्ष्मण और माता जानकी को स्वर्ण मुकुट अर्पित किया जाएगा। 41 लाख से अधिक की लागत का यह स्वर्ण मुकुट 16 सितंबर को पूजन के बाद राम दरबार में चढ़ाया जाएगा। यह जानकारी मीडिया वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. अरविंद सिंह ने पत्रकारपुरम में दी।

उन्होंने बताया कि छह कारीगरों ने 90 दिन में भगवान राम, लक्ष्मण और माता जानकी के लिए यह मुकुट तैयार किया है। 520 ग्राम वजन के मुकुट को तैयार करने में 41 लाख से अधिक की लागत आई है। यह मुकुट 16 सितंबर को पत्रकारपुरम से संकटमोचन मंदिर ले जाए जाएंगे। मंदिर परिसर में सुंदरकांड के पाठ के बाद मुकुट पूजन होगा। पूजन के बाद तीनों मुकुट रामदरबार में अर्पित किए जाएंगे।

सपा के पीडीए सदस्य बीएलओ से मिलकर बढ़वाएंगे मतदाताओं के नाम
चुनावी तैयारियों को लेकर सपा तीन प्रमुख बिंदुओं पर काम करने में जुट गई है। इनमें पार्टी के पीडीए सदस्य बीएलओ से मिलकर मतदाताओं का नाम बढ़वाएंगे। क्षेत्र की समस्याओं को लेकर आंदोलन करेंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं का अनावश्यक रूप से उत्पीड़न का विरोध अपने तरीके से करेंगे।

चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह के अनुसार पार्टी के नेता और कार्यकर्ता पीडीए के तहत एकजुट होकर पार्टी को बड़ी सफलता दिलाई है। सपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 

पूर्व मंत्री मनोज राय धूपचंडी ने कहा कि जिले के प्रत्येक सेक्टर में 100 नए पीडीए सदस्य बनाए गए हैं। जो अपने-अपने बूथों पर बीएलओ से मिलकर नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करवाएंगे। जिलाध्यक्ष सुजीत यादव ने कहा कि जनसमस्याओं और कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न के खिलाफ जल्द ही पार्टी का प्रतिनिधिमंडल जिले के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात करेगा।

महेंद्र राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुन्नापाल बने जिलाध्यक्ष
पाल विकास समिति का रविवार को सारनाथ स्थित थाई बोध मंदिर के सामने एक लॉन में चुनाव हुआ। राष्ट्रीय से लेकर पंचायत स्तर के पदाधिकारियों का मनोनयन हुआ। महेंद्र पाल उर्फ पिंटू राष्ट्रीय अध्यक्ष, सुरेश पाल प्रदेश अध्यक्ष, शिव पूजन पाल पूर्वाचल अध्यक्ष, मुन्ना पाल जिलाध्यक्ष, रितेश पाल महानगर अध्यक्ष, मल्लू पाल पंचायत अध्यक्ष चुने गए। समिति के संस्थापक व संरक्षक भइयालाल पाल के नेतृत्व में हुए चुनाव में चयनित पदाधिकारियों को शपथ दिलाते हुए उनका सम्मान हुआ। 

गायन, वादन और नृत्य से सजी गणेश उत्सव की शाम
श्री गणेश उत्सव सेवा समिति की ओर से गणेश उत्सव के नौवें दिन की शाम गायन, वादन और नृत्य से सजी। इसके पूर्व प्रातः कालीन पूजन का रुपेश कस्तूरे ने पंडित उदय कंठाले के आचार्यत्व में किया। इसके बाद फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में बच्चों ने विविध परिधानों में भाग लिया।

रविवार को मध्याह्न में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया। मुख्य अतिथि डॉ. अभिजीत डावले ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। सायंकाल आरती के बाद शास्त्रीय संगीत समारोह स्वरांजलि का आयोजन किया गया। प्रथम प्रस्तुति के रूप में डॉ. शनिश ज्ञावली का बांसुरी वादन हुआ।

उन्होंने गौरव कल्याण में आलाप, जोड़ झाला की प्रस्तुति दी। प्रथम रचना विलंबित झपताल तथा दूसरी रचना मध्य लय तीन ताल एवं द्रुत लय तीन ताल में प्रस्तुत किया। अंत में भजन माला से समापन किया। तबले पर डॉ. संदीप राव केवले ने संगत की।

सत्याग्रह के पांचवें दिन साहू दंपती ने रखा उपवास
राजघाट के सर्व सेवा संघ भवन के ध्वस्तीकरण और कब्जे से बेदखल होने के विरोध में रविवार को पांचवें दिन भी सत्याग्रह हुआ। ओडिसा के बरगढ़ निवासी चूड़ामणि साहु व निलेंद्री साहु उपवास पर बैठे। साहु दंपती ने कहा कि सर्व सेवा संघ परिसर को गिराने के पीछे सरकार का इरादा गांधी विचार को नष्ट करने का है, लेकिन मकसद में कभी सफल नहीं होंगे। सत्याग्रह में सर्व सेवा संघ के पूर्व अध्यक्ष और 93 साल के गांधीवादी विचारक अमरनाथ भाई भी शामिल हुए। सर्व सेवा संघ के मंत्री अरविंद अंजुम, कृष्णा मोहंती, राम धीरज, अरविंद कुशवाह, शुभा प्रेम, मिहिर प्रताप दास आदि रहे। 

साहित्यकार हीरालाल मिश्र मधुकर को हिंदी साहित्य सेवा सम्मान
साहित्यिक संस्था हिंदी साहित्य परिषद की ओर से आयोजित हिंदी दिवस समारोह में वरिष्ठ साहित्यकार हीरालाल मिश्र मधुकर को हिंदी साहित्य सेवा सम्मान से सम्मानित किया गया। परिषद के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार पाठक ने उन्हें श्रीफल, अंगवस्त्रम एवं सम्मान पत्र भेंटकर सम्मानित किया।

साहित्य संस्था अक्षर आरसी के अध्यक्ष कर्मराज किसलय, डॉ. प्रतिमा शर्मा पुष्प तथा संगम साहित्यिक परिवार निगोह ने अंग वस्त्र भेंट कर मधुकर मिश्र को सम्मानित किया। समारोह में शताधिक विद्वानों की उपस्थिति रही। 

श्रेयांशनाथ की जन्मस्थली पर लगाए गए 151 पौधे
दसलक्षण पर्व के अवसर पर जैन समाज की ओर उत्सवों का आयोजन अनवरत हो रहा है। कहीं पूजा तो कहीं पौधरोपण कराया जा रहा है। रविवार को जैन धर्म के 11वें तीर्थंकर भगवान श्रेयांशनाथ की जन्मस्थली पर 151 पौधे लगाए गए। श्री आदिनाथ की स्मृति में श्रेयांशनाथ की जन्मस्थली सारनाथ में बरगद का पौधा लगाया गया।

रविवार को भेलूपुर जैन मंदिर में भी जैन श्रद्धालुओं ने भगवान का पूजन अभिषेक किया। इस अवसर पर सभी मंदिरों में पूजा पाठ और दान पुण्य का कार्य अनवरत चल रहा है। इस अवसर पर जैन समाज के उपाध्यक्ष राकेश जैन, डॉ. केके जैन, प्रधानमंत्री प्रदीप चंद जैन, मंत्री आदिश जैन मौजूद रहे।

विश्वकर्मा समाज ने कर्नाटक के पूर्व एमएलसी का किया स्वागत
कर्नाटक के पूर्व एमएलसी रघु आचार्य का विश्वकर्मा समाज ने भव्य स्वागत किया। दो दिवसीय दौरे पर काशी आए पूर्व एमएलसी का समाज के महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने माल्यार्पण किया। पूर्व एमएलसी ने कहा कि विश्वकर्मा समाज के लोगों से जब भी कोई चुनाव आता है उनका वोट ले लिया जाता है। मगर उन्हें अधिकार व समुचित स्थान व सम्मान नहीं मिल पाता। स्वागत करने वालों में मुंबई के कैलाश विश्वकर्मा, राधेश्याम विश्वकर्मा, शंकर विश्वकर्मा, रामधनी विश्वकर्मा मौजूद रहे। 

धर्म की रक्षा के लिए भगवान लेते हैं अवतार
पलही पट्टी के ग्राम बसांव में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन रविवार को कथाव्यास आचार्य दैवज्ञ कृष्ण शास्त्री ने भक्त प्रह्लाद के प्रसंग का सुंदर वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान संत, भक्त और धर्म की रक्षा के लिए अवतार लेते हैं। भगवान राम, श्याम, वामन के रूप में आते हैं। गो माता की रक्षा करना हमारा प्रमुख धर्म है। इससे जीवन धन्य हो जाएगा। भगवान श्रीकृष्ण गो माता के संवर्धन के लिए धरा धाम पर आए थे। कथा 17 सितंबर तक प्रतिदिन शाम चार से सात बजे तक चलेगी। 

नाविकों को बांटी गई डस्टबिन
शहर दक्षिणी विधायक डाॅ. नीलकंठ तिवारी ने रविवार को दशाश्वमेध स्थित वीडीए प्लाजा में नाविकों को डस्टबिन बांटे। उन्होंने कहा कि सभी नाविक नौका विहार के दौरान डस्टबिन का इस्तेमाल करें। भाग्यविधाता चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से करीब 500 डस्टबिन का वितरण किया गया। इसके पूर्व नाविकों ने विधायक से संवाद किया। इस दौरान पवन शुक्ला, प्रमोद मांझी, भाजपा नेता अशोक जाटव, जगदीश त्रिपाठी, नलिन नयन मिश्र, गोपाल जी गुप्ता मौजूद रहे। 

श्याम मंदिर में लीलाधर की सजी अलौकिक झांकी
लक्सा स्थित श्री श्याम मंदिर में रविवार को श्री श्याम मंडल की ओर से रजत जयंती वर्ष रविवारीय वार्षिक उत्सव धूमधाम से मनाया गया। कोलकाता और मुंबई से मंगाए गए रंग बिरंगे फूलों से लीलाधर की झांकी सजाई गई। अशोक व कामिनी की पत्ती, बेला, चमेली, गुलाब और जूही की लड़ियों से पूरा मंदिर परिसर सजाया गया।

रविवार को हल्की-हल्की फुहारों के बीच राधा कृष्ण की मनमोहक छवि के साथ गणेश जी की छवि सजाई गई। संस्था के अध्यक्ष दीपक बजाज, मंत्री अजय खेमका के साथ भक्तों ने प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया। भजन संध्या में श्री श्याम मंडल, श्री राणी सती श्याम भक्त मंडल के गायकों ने गणेश वंदना से शुरुआत की। भजनों पर भक्तजन झूमते नाचते रहे। प्रभु को छप्पन भोग का प्रसाद लगाकर भक्तों में वितरण हुआ। रात्रि में प्रभु की आरती मंदिर के पुजारी संजय ने उतारी।

अखिल भारतीय पासी समाज के पदाधिकारियों ने ली शपथ
अखिल भारतीय पासी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरए प्रसाद का जन्मदिन रविवार को चौका घाट क्षेत्र के ढेलवरिया में मनाया गया। इस दौरान नव नियुक्त राष्ट्रीय सचिव हिम्मत बहादुर शास्त्री और युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष अनिल प्रचेता को शपथ दिलाई गई। जिलाध्यक्ष कमलेश कुमार सरोज ने पासी समाज को संगठित करने पर जोर दिया। इस मौके पर राकेशचंद्र, राम मूरत, दिलीप सरोज, अमर देव, विमलेश मौजूद रहे। 

बदलते परिवेश में भी हमारी परंपरा जीवित
भारत विकास परिषद सृजन शाखा द्वारा अंधरापुरा स्थित एक होटल में संस्कृत सप्ताह का समापन किया गया। कार्यक्रम में रैंप वॉक हुआ। इसमें मीना सिंह और ममता विजेता रही। साथ ही सदस्यों ने डांस, चुटकुला, अंताक्षरी एवं विभिन्न कार्यक्रमों को मिलाकर तीजोत्सव का प्रोग्राम मनाया। शाखा की अध्यक्ष शशि श्रीवास्तव ने कहा कि आज के इस बदलते परिवेश में भी हमारी सनातनी परंपरा जीवित है। इसी संस्कार को दर्शाकर सदस्यों के अंदर सनातनी भाव को जागृत कराना है। इस दौरान आकांक्षा सिन्हा, संध्या गुप्ता, पुष्पा श्रीवास्तव, पूनम पाठक मौजूद रहीं। 

वामन द्वादशी पर वामनावतार का हुआ पूजन, जलाए द्वादश दीप
वामन द्वादशी के पर रविवार को वामनावतार का पूजन हुआ। गंगा व वरुणा नदी के संगम तट पर स्थित आदिकेशव घाट पर भगवान श्री हरि विष्णु के वामानावतार का भक्तों ने दर्शन पूजन किया। श्री हरि के पांचवें अवतार के अवतरण दिवस के उपलक्ष्य में श्री लाट भैरव भजन मंडल के सदस्यों ने सोहर व बधाई गीत गाकर भगवान को प्रसन्न किया। संस्था की ओर से लोक कल्याण की कामना से भगवान के सम्मुख 12 दीप प्रज्ज्वलित किए गए। धूप, दीप, नैवेद्य, भोग आदि समर्पित कर आरती उतारी गई। इस अवसर पर संस्था प्रमुख केवल कुशवाहा, गोविंद विश्वकर्मा, धर्मेंद्र शाह, उत्कर्ष कुशवाहा मौजूद रहे। 

कबड्डी में 34वीं वाहिनी पीएसी चैंपियन
पीएसी चतुर्थ वाहिनी प्रयागराज की मेजबानी में चार दिवसीय अंतरवाहिनी पीएसी पूर्वी जोन कबड्डी कलस्टर (कबड्डी, जिम्नास्टिक, फेसिंग और खो-खो) प्रतियोगिता हुई। रोमांचक मुकाबले में 34वीं वाहिनी ने 48वीं वाहिनी को हराकर खिताब अपने नाम किया। उत्तर प्रदेश पीएसी पूर्वी जोन की 10 टीमों के कुल 261 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। जिम्नास्टिक में चतुर्थ वाहिनी पीएसी प्रयागराज ने प्रथम, कबड्डी में 34वीं वाहिनी पीएसी वाराणसी ने प्रथम, खो-खो में 37वीं वाहिनी पीएसी कानपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 

हनुमान घाट के सुलभ शौचालय में गंदगी ने बढ़ाई परेशानी
हनुमान घाट के पास बने सुलभ शौचालय की सफाई नहीं होने से स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को परेशानी हो रही है। क्षेत्र के नारायण शेट्टीयार और सुब्रत मुखर्जी ने कहा कि घर के सामने बने सुलभ शौचालय की नियमित सफाई न होने से बदबू आती है। इस बारे में नगर स्वास्थ्य अधिकारी से शिकायत की गई है लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। 

पीएम के जन्मदिन पर सेवा पखवाड़ा मनाएगी भाजपा
भाजपा काशी के सांसद पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाएगी। इसके तहत विविध सेवा कार्यक्रम तय किए गए हैं। महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने बताया कि जन्मदिन की पूर्व संध्या पर 16 सितंबर को शाम 6 बजे से पीएम के जनसंपर्क कार्यालय जवाहर नगर में दीपोत्सव होगा।

17 की सुबह 6 से 8 बजे तक महापुरुषों की प्रतिमाओं एवं स्मारकों की सफाई की जाएगी। सुबह 10 बजे काशी-विश्वनाथ मंदिर में रुद्राभिषेक होगा। 11 बजे कबीरचौरा अस्पताल में रक्तदान शिविर लगेगा। इसके बाद चिकित्सालयों एवं सेवा बस्तियों में अन्न व फल वितरण होगा। शाम 5 बजे प्रमुख मंदिरों में पूजन-अर्चन एवं मिष्ठान वितरित होगा। शाम 7 बजे दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती व मिष्ठान वितरण होगा। 

बच्चों और अभिभावकों की काउंसिलिंग कराएगा सीबीएसई
सीबीएसई की ओर से 26 सितंबर को विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए वर्कशॉप होगी। रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। इस बार की थीम छात्रों की भलाई के लिए पालन-पोषण है। विद्यार्थियों और अभिभावकों की काउंसिलिंग होगी। रजिस्ट्रेशन सीबीएसई की वेबसाइट पर जाकर कर सकते हैं। 

सीबीएसई कोऑर्डिनेटर गुरमीत कौर ने बताया कि अभिभावक बच्चों को पढ़ाई न करने पर डांटते हैं, इसका बच्चों पर असर पड़ता है। उनका व्यवहार भी बदल जाता है। अभिभावकों को भी कहा गया है कि अपने बच्चों की दूसरों से तुलना न करें। टाइम देकर उन्हें समझाएं। अभिभावकों की एक छोटी सी बात भी बच्चों के मन में बहुत गहरा असर छोड़ती है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से वंचित लाभार्थियों के लिए निकालेंगे राज्यवार रैली

फेरी पटरी ठेला व्यवसायी संगठन की बैठक रविवार को कैंट स्थित एक होटल में हुई। इसमें प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से वंचित लाभार्थियों को लाभार्थी बनाने के लिए राज्यवार रैली निकालने समेत पांच निर्णय लिए गए।

संगठन के राष्ट्रीय सचिव अभिषेक निगम ने बताया कि प्रत्येक राज्यों में पथ विक्रेता (जीविका संरक्षण और पथ विक्रय विनयमन) अधिनियम 2014 जागरूकता सम्मेलन किया जाएगा। शहरी विकास मंत्रालय को पांच सूत्री मांग पत्र सौंपा जाएगा। विशाल स्वच्छता पखवाड़ा, स्वच्छता संकल्प सभा का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी संगठन की कार्यशाला नई दिल्ली में आयोजित की जाएगी। अभिषेक निगम ने बताया कि बैठक में 21 राज्य से प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में अजय सिंह बॉबी, राहुल सिन्हा, अनिल कुमार, अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिंह, कार्यवाहक अध्यक्ष हरिशंकर सिन्हा, गौरव प्रकाश, प्रेमचंद्र पांडे मौजूद रहे।

डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में दाखिले की तारीख 22 सितंबर तक बढ़ी
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय ने डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में दाखिले की तारीख को तीसरी बार बढ़ा दिया है। छात्र अब 22 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। विश्वविद्यालय परिसर में विदेशी भाषा डिप्लोमा और स्नातकोत्तर भाषा विज्ञान प्रमाणपत्रीय और संगीत प्रमाणपत्रीय पाठ्यक्रम में आवेदन की तिथि को बढ़ाया गया है।

छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. हरिशंकर पांडेय ने बताया कि छात्र ऑनलाइन माध्यम से पेमेंट गेटवे के जरिये शुल्क जमा कर प्रवेश आवेदन पत्र भर सकते हैं। आवश्यक दिशानिर्देश वेबसाइट www.ssvvonline.in के प्रवेश सत्र 2024-25 विकल्प पर उपलब्ध होंगे। पंजीकरण शुल्क दो सौ रुपये होगा और काउंसिलिंग की तिथि बाद में घोषित की जाएगी। प्रवेशित छात्रों को एंटी रैगिंग शपथ पत्र भरना अनिवार्य है। 

ड्राइंग व निबंध प्रतियोगिता में दिखाया हुनर
महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष मोनिका सक्सेना की अध्यक्षता में रविवार को अधिकारी क्लब में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल के 250 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। मोनिका ने कला के अभ्यास में निरंतर लगे रहने के लिए बच्चों को प्रोत्साहित किया। उधर, बरेका महिला कल्याण संगठन की ओर से आठ दिवसीय ऑन स्पॉट ड्राइंग प्रतियोगिता का शुभारंभ रविवार को बाल निकेतन स्कूल में हुआ। प्रतियोगिता में रिमझिम, प्रियंका, हंसा धर्मेंद्र कुमार, प्रधानाचार्य मीनाक्षी शर्मा आदि रहीं। 161 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। 

शास्त्री और आचार्य की काउंसिलिंग 18 सितंबर से
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में शास्त्री, आचार्य और संस्कृत प्रमाणपत्रीय पाठ्यक्रम के प्रथम सेमेस्टर में दाखिले के लिए काउंसिलिंग 18 सितंबर को होगी। जिन छात्रों ने 15 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन किया है, वह मेरिट सूची के अनुसार विभाग में उपस्थित होंगे। इसके अलावा प्रतीक्षा सूची के छात्रों की द्वितीय प्रवेश काउंसिलिंग विभागों में होगी।

छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. हरिशंकर पांडेय ने बताया कि मेरिट सूची का प्रकाशन 16 सितंबर को होगा। 18 से 27 सितंबर तक काउंसिलिंग की जाएगी। शुल्क काउंटर पर 18 से 25 सितंबर तक शुल्क जमा कर सकते हैं। प्रवेशार्थियों को शैक्षिक अंकपत्र, प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, निवास प्रमाण पत्र, एंटी रैगिंग शपथ पत्र और टीसी की मूल प्रति के साथ एक स्वप्रमाणित छायाप्रति के साथ आवेदनपत्र की हार्ड कॉपी लेकर आना होगा। छात्रों को लिखित देना होगा कि विलंब से नामांकन होने के कारण जो काेर्स छूट गया है उसे अपने स्तर से पूरा कर लेंगे। 

चंदौली में होगी जनपदीय और मंडलीय तीरंदाजी
68वीं माध्यमिक स्कूली जनपदीय और मंडलीय तीरंदाजी प्रतियोगिता चंदौली के शहीद गांव के अमर शहीद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में खेली जाएगी। जनपदीय प्रतियोगिता 18 सितंबर और मंडलीय 20 सितंबर को सुबह दस बजे से खेली जाएगी। जनपदीय प्रतियोगिता में वाराणसी के दस जोन के खिलाड़ी जबकि मंडलीय में वाराणसी जिले की टीम खेलेगी। 

वक्फ बोर्ड की समाप्ति के लिए उद्यमियों ने निकाली रैली
वक्फ बोर्ड की समाप्ति के लिए लघु उद्योग भारती काशी प्रांत की ओर से रविवार को औद्योगिक आस्थान चांदपुर में रैली निकाली गई। अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने कहा कि वर्ष 2013 में मनमोहन सिंह की सरकार में वक्फ बोर्ड को असीमित अधिकार दे दिए गए हैं। इसे किसी अदालत में चुनौती नहीं दी जा सकती है।

प्रदेश उपाध्यक्ष दीना नाथ बरनवाल ने कहा कि इस तरह के बोर्ड की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि देश डॉ. आंबेडकर के संविधान के अनुसार चलेगा। रैली में राजकुमार रस्तोगी, नयन गुप्ता, संजीव देववंशी, राजेंद्र सिंह, दिनेश गुप्ता, मनीष चौबे आदि शामिल रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed