फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Special news of Varanasi in one click Fight over parking of vehicle protest when water was not provided

एक क्लिक में वाराणसी की खास खबरेंः गाड़ी खड़ा करने को लेकर मारपीट, नहीं मिला पानी तो किया प्रदर्शन

Mon, 08 Jul 2024 06:13 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Mon, 08 Jul 2024 06:13 PM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में सोमवार को काफी खबरें रहीं। लंका थाना क्षेत्र के सामनेघाट स्थित एक अपार्ट में गाड़ी खड़ा करने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गया। थानाध्यक्ष ने कार्रवाई की। वहीं, कज्जाकपुरा के एक कॉलोनी में पानी नहीं मिलने से स्थानीय महिलाओं ने जलकल पंप हाउस पर धरना-प्रदर्शन किया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Special news of Varanasi in one click Fight over parking of vehicle protest when water was not provided
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र के सामनेघाट स्थित त्रिदेव अपार्टमेंट में गाड़ी खड़ा करने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस सभी को समझाने में जुट गई। उल्टा हमलावर पुलिस के साथ ही उलझ गए और उनके साथ धक्का-मुक्की करने लगे। 

विज्ञापन


आरोप है कि देर रात अपार्टमेंट में रहने वाला एक परिवार रामनगर जा रहा था। इतने में सफेद रंग की एक एसयूवी गाड़ी में हूटर बजाते कुछ युवक आए और गाली-गलौज शुरू कर दिया। गाली-गलौज का विरोध करने पर सभी हाथापाई पर उतर आए।
विज्ञापन


देखते ही देखते दोनों पक्षों से दर्जनों युवक जुट गए और आमने-सामने हो गए। इस दौरान दोनों पक्षों की तरफ से जमकर मारपीट हुई। मौके पर पहुंचे लंका थानाध्यक्ष शिवकांत मिश्र ने कुछ लोगों को उठाकर थाने भेजवाया, तब जाकर मामला शान्त हुआ।
विज्ञापन
विज्ञापन


वीडीए ने दालमंडी में अवैध निर्माण सील कर पुलिस को सौंपा
वीडीए के उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के निर्देश पर सोमवार को चौक वार्ड के गोविंदपुरा दालमंडी में बादशाह अली को अवैध निर्माण के संबंध में नोटिस दिया गया था। बावजूद निर्माण कार्य कराने पर वीडीए के जोनल अधिकारी सौरभ देव प्रजापति ने अवैध निर्माण सील कर पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया। 

साइकिल चोरी करते दो को कर्मचारियों ने पकड़ा
चोलापुर बाजार के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में सोमवार दोपहर साइकिल चोरी करते दो लोगों को अस्पताल के कर्मचारियों ने पकड़ लिया। दोनों की पहचान गाजीपुर के खानपुर क्षेत्र के अजीत यादव और राजनाथ के रूप में हुई। चोलापुर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरबी यादव ने थाना प्रभारी चोलापुर ईश्वर दयाल दूबे को लिखित सूचना दी है। इसके बाद दोनों को चोलापुर थाने की पुलिस को सौंप दिया गया। 

वृद्ध की मौत के मामले में पांच नामजद और पांच अज्ञात पर मुकदमा
सेवापुरी के गहरपुर दशरथपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर तीन सगे भाइयों में हुई मारपीट में रविवार की देर शाम इलाज के दौरान घायल श्यामधनी (65) की मौत हो गई। 

इस मामले में श्यामधनी के पुत्र गोविंद पटेल की तहरीर पर जंसा थाने में उसके चाचा शिवधनी व राजधनी और चचेरे भाई त्रिभुवन पटेल, रामस्वरूप पटेल व कीर्तन पटेल के अलावा पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ जंसा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रकरण में पुलिस दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। 

मारपीट की यह घटना बीते चार जुलाई की है। उधर, घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। एहतियातन पुलिस तैनात की गई है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश जारी है।

बीच सड़क एंबुलेंस में गूंजी किलकारी, मां और नवजात दोनों स्वस्थ
वाराणसी के अमरा खैरा चक निवासी गर्भवती महिला सोमवार को दोपहर में प्रसव पीड़ा से परेशान थी। परिवारीजनों ने तुरंत 108 नंबर की एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। कुछ देर में घर के पास एंबुलेंस आई और उसमें मौजूद आशा कार्यकर्ता और इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन सीएचसी मिसिरपुर जा रहे थे। 

इसी बीच उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो आशा कार्यकर्ता ने बीच सड़क एंबुलेंस में ही प्रसव कराया। मां और उसका बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है।

गर्भवती महिलाओं को घर से अस्पताल, स्वास्थ्य केंद्र तक ले जाने और लेकर आने के लिए 102 और 108 नंबर की निशुल्क सेवा का लाभ मिलता है। सोमवार को अमरा खैरा निवासी किशन की पत्नी आरती देवी को तेज दर्द हुआ। इसके बाद किशन ने इसकी सूचना आशा कार्यकर्ता राधा को दी। 

राधा ने भी बिना देरी के तुरंत 108 नंबर एंबुलेंस को फोन कर बुलाया। कुछ ही देर में एंबुलेंस के पायलट अवधेश कुमार, ईएमटी धीरज और आशा कार्यकर्ता राधा के साथ महिला को एंबुलेंस से लेकर सीएचसी मिसिरपुर के लिए निकले। स्वास्थ्य केंद्र जाते समय एंबुलेंस में ही महिला का दर्द बढ़ गया। 

एंबुलेंस को रोककर आशा कार्यकर्ता राधा ने ईमएटी धीरज की मदद से एंबुलेंस में ही प्रसव करवाया। उसके बाद महिला और उसके नवजात को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिसिरपुर में भर्ती कराया। 

एंबुलेंस सेवा के ऑपरेशन हेड मिथिलेश त्रिपाठी, क्षेत्रीय प्रबंधक सुमित दुबे और जिला प्रोग्राम मैनेजर कृष्ण देव ने ईएमटी, पायलट के इस कार्य की सराहना की।

पानी नहीं आने से खफा गंगा नगर की महिलाओं ने किया प्रदर्शन
एक सप्ताह से कज्जाकपुरा के गंगा नगर कॉलोनी में पानी नहीं आने से खफा महिलाओं ने सोमवार को भदऊ चुंगी तिराहे के पास जलकल पंप हाउस पर तीन घंटे तक प्रदर्शन किया। क्षेत्रीय पार्षद ने कहा कि एक सप्ताह से पानी नहीं आ रहा है। कई बार जलकल से शिकायत की गई। बावजूद समाधान नहीं हुआ। 

मौके पर आए जलकल के अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि जल्द ही पानी की आपूर्ति शुरू कराई जाएगी। क्षेत्र में काम शुरू कराया गया है। प्रदर्शन करने वाली महिलाओं में शकुंतला देवी, मन्नो देवी, शर्मिला देवी, ममता आसवानी, आराधना देवी, रेखा देवी, पिंकी देवी, राधा देवी शामिल रहीं।

किशोरी की मौत के बाद जागा विद्युत निगम, जक्खिनी में लगाया गया नया पोल

करंट लगने से हुई मौत के बाद विद्युत विभाग जागा। सोमवार की सुबह विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने जक्खिनी में पहुंचकर विद्युत पोल लगाए। पुराने विद्युत पोल और जमीन पर गिरे तार को उठाकर खंभे पर लगाया गया। इसके बाद विद्युत आपूर्ति चालू की गई।

स्थानीय लोगों का कहना था कि विद्युत विभाग पहले ही सचेत हो गया होता तो ऐसी घटना ना घटती। स्थानीय अनिल सिंह, मणि सिंह, सर्वेश्वर नारायण सिंह, राकेश बिंद का कहना था कि विद्युत विभाग पहले ही सचेत हुआ होता तो किशोरी बच जाती। 

मालूम हो कि बीते रविवार को सरैया गांव की निवासी 16 वर्षी किशोरी पारो की विद्युत तार की चपेट में आने से मौत हो गई थी। जिसे लेकर गुस्साए ग्रामीणों ने चार घंटे से अधिक समय तक चक्का भी जाम कर दिया था।

पूर्व पार्षद की पत्नी की आत्महत्या के मामले में पांच पर मुकदमा

वाराणसी के गढ़वासी टोला के पूर्व पार्षद दिलीप यादव की पत्नी संध्या वर्मा (45) की आत्महत्या के मामले में पति सहित पांच लोगों के खिलाफ कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। 

इंस्पेक्टर कोतवाली राजीव कुमार सिंह ने बताया कि आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुर्गी गली, चौक निवासी दिलीप को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, समूह के माध्यम से पैसा देने का काम करने वाले अरविंद, सुरेश, आरोहन और अनुज की पुलिस तलाश कर रही है।

दुग्धविनायक स्थित मायके में रहने वाली संध्या वर्मा की दूसरी शादी दिलीप यादव से हुई थी। पहले पति से संध्या की एक बेटी है। संध्या बेटी के साथ मायके में रहती थी और दिलीप भी वहीं रहता था। संध्या के भाई विशाल वर्मा ने पुलिस को बताया कि रविवार को उनकी बहन ने अपने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी थी। 

कहा कि दिलीप हमारी बहन का किसी भी तरह से सहयोग नहीं करता था। संध्या को दिलीप न खर्चा देता था और न बेटी की पढ़ाई की फीस देता था। इस वजह से संध्या बहुत परेशान रहती थी। विशाल ने बताया कि संध्या एक समूह से जुड़ कर काम करती थी। 

संध्या से कुछ महिलाओं ने समूह का पैसा लिया था और उसे वापस नहीं लौटा रही थीं। इसके चलते समूह वाले संध्या के साथ आए दिन गालीगलौज कर उसे घर से उठा ले जाने की धमकी देते थे। पति की उपेक्षा और समूह के लोगों की धमकी व गालीगलौज से आजिज आकर उनकी बहन ने फंदा लगाकर जान दे दी।

जलकल के सात अभियंताओं को निलंबन की चेतावनी

कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में जलकल के सात अभियंताओं को नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने निलंबन की चेतावनी दी। नगर आयुक्त के अनुसार, इन अभियंताओं से स्पष्टीकरण मांगा गया था, उचित उत्तर न देने, समस्याओं का निस्तारण न करने, आदेशों की अवहेलना और काम में लापरवाही पर निलंबन की चेतावनी दी गई है। 

इनमें अनार, रामावतार सिंह, नीलम यादव, मंगलदेव वर्मा, चंदन यादव, मनीष सिंह, गौरव कुमार मिश्रा हैं। इन अभियंताओं को जलकल विभाग की ओर से सीवर ओवरफ्लो, दूषित पेयजल, पानी की आपूर्ति की व्यवस्था दुरुस्त कराने की जिम्मेदारी दी गई थी। प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय में निस्तारण नहीं करने पर जलकल विभाग को असहज की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।

रथयात्रा मेला क्षेत्र से 25 किलो प्लास्टिक जब्त, 2600 का जुर्माना
रथयात्रा मेले को नगर निगम की ओर से प्लास्टिक फ्री जोन घोषित किया गया। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर प्रवर्तन दल के प्रभारी संदीप शर्मा ने अभियान चलाया। दुकानदारों, वेंडरों से प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने की अपील की। मेला क्षेत्र से 25 किलो प्लास्टिक के थैले जब्त किए। 

2600 का जुर्माना भी वसूला गया। नगर निगम की ओर से नागरिकों को जागरूक करने के लिए 650 कपड़े के थैले भी बांटे गए। ये थैले होप संस्था ने पुराने कपड़ों को रिसाइकल कर बनाए हैं। थैले पर्यावरण के अनुकूल हैं।

नगर आयुक्त ने बताया कि रथयात्रा मेला क्षेत्र में प्लास्टिक का उपयोग करने वालों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। होर्डिंग, बैनर से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। पब्लिक एड्रेस सिस्टम से नियमित जागरूक किया जा रहा है।

तीन बाय पांच एमएम में बना दी भगवान जगन्नाथ की तस्वीर

Special news of Varanasi in one click Fight over parking of vehicle protest when water was not provided
भगवान जगन्नाथ की तस्वीर। - फोटो : अमर उजाला
बीएचयू गोल्ड मेडलिस्ट सतीश कुमार पटेल ने एक बार फिर से सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। 3×5mm में बनी इस तस्वीर में भगवान जगन्नाथ का एक रूप दिखाया गया है। प्रभु जगन्नाथ को कलर, ब्रश के मदद से केवल 78 सेकेंड में ही बनाया गया है।

सतीश बताते हैं कि इस तस्वीर को उन्होंने बिना लेंस की सहायता से बनाया है। बिना लेंस की सहायता से बनी यह सबसे छोटी तीसरी पेंटिंग बताई जा रही है। इसके पहले उन्होंने मां दुर्गा, संकट मोचन के हनुमान जी की सबसे छोटी तस्वीर बना कर रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं। 

सुसाइड नोट लिखने के बाद मोबाइल छोड़कर कमरे से लापता हुआ छात्र

दुर्गाकुंड की ब्रह्मानंद कॉलोनी में हॉस्टल में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी करने वाला 16 साल का छात्र सुसाइड नोट लिखने के बाद मोबाइल छोड़ कर अपने कमरे से चला गया। परिजनों और हॉस्टल संचालक की सूचना पर सक्रिय हुई पांच पुलिसकर्मियों की टीम ने छह घंटे की मशक्कत के बाद 49 सीसी कैमरों की फुटेज की मदद से छात्र को नमो घाट से खोज निकाला।

चंदौली के जमालपुर में रहने वाले परिजनों ने छात्र को कई बार फोन किया तो उसने कॉल रिसीव नहीं की। उन्होंने हॉस्टल संचालक से संपर्क किया तो वह उसके कमरे में पहुंचे। कमरा खुलवाने पर छात्र के मोबाइल के साथ ही सुसाइड नोट रखा मिला। 

सुसाइड नोट में लिखा था कि मां आप बहुत ही अच्छी हैं। आपकी चिंता जायज है और आप हद से भी ज्यादा चिंता करती हैं, लेकिन मैं लायक बेटा नहीं बन सका। मां आप की बराबरी कोई नहीं कर सकता। 

आप जो हैं, मेरे लिए भगवान से भी बढ़कर हैं। मैं आपको और परेशान नहीं कर सकता। मेरी तरफ से आपको जो परेशानियां उठानी पड़ी हैं, उनके लिए माफी मांगता हूं, लेकिन अब और नहीं...। मैं वहां जा रहा हूं जहां से आपको परेशान न कर सकूं... अलविदा मां...।

विस्तृत खबर यहां पढ़ें... UP News: मैं वहां जा रहा हूं जहां से आपको परेशान न कर सकूं..., सुसाइड नोट लिख छात्र लापता; पुलिस ने खोज निकाला

एनजीओ में काम करने वाली युवती से उसके साथी और सिपाही ने दुष्कर्म किया
बेनीपुर रोड, पहड़िया क्षेत्र में किराये पर कमरा लेकर रहने वाली एक युवती के साथ काम करने वाले युवक ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। इसके बाद उस युवक सिपाही दोस्त ने भी युवती के साथ दुष्कर्म किया। 

पुलिस आयुक्त के निर्देश पर प्रकरण को लेकर लालपुर पांडेयपुर थाने में अंबेडकर नगर जिले के म्योरी गांव निवासी नवीन यादव उर्फ सूरज और सिपाही विवेक यादव के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह मूलरूप से गाजीपुर की रहने वाली है और एक एनजीओ में काम करती है। कामकाज के दौरान उसकी मुलाकात नवीन यादव से हुई, जो एनजीओ में ड्राइवर का काम करता था। नवीन उससे बात करने के बहाने खोजता था और एक दिन उसके कमरे पर आ गया। 

नवीन ने उसे शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया और उसकी आपत्तिजनक तस्वीर अपने मोबाइल से खींच ली। इस बीच वह दो बार गर्भवती हुई, लेकिन नवीन ने गर्भपात करा दिया। शादी का दबाव बनाने लगी तो नवीन ने सिपाही विवेक यादव से कहा कि इस लड़की को रास्ते पर लाना है। सिपाही विवेक यादव ने पुलिस की धौंस देकर उसे शारीरिक संबंध स्थापित करने के लिए मजबूर किया।

वाहन पार्किंग को लेकर जानलेवा हमला, दो नामजद, चार अज्ञात पर केस
वाराणसी के कैंट थाना के पटेल नगर में मिर्जामुराद निवासी व्यक्ति के साथ वाहन पार्किंग को लेकर हुए विवाद में जानलेवा हमला किया गया। घायल धनंजय सिंह की तहरीर पर कैंट थाने में दो नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 

मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के वादीपुर निवासी धनंजय सिंह के अनुसार, रविवार को वह एक वैवाहिक कार्यक्रम के लिए अपने दोस्त के साथ पटेल नगर स्थित एक गेस्ट हाउस में कमरा बुक करने गए थे। 

उसी दौरान वहां वाहन पार्किंग को लेकर बघवा नाला, जैतपुरा के आशुतोष मिश्रा और सारंग तालाब के पुनीत यादव और उनके चार अन्य साथी गालीगलौज करने लगे। फिर डंडे व ईंट से मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। लोगों के जुटने पर सभी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।

गांजा बरामदगी के मामले में आठ माह का कठोर कारावास
गांजा बरामदगी के एक मामले में अपर जिला जज (पंचम) यजुवेंद्र विक्रम सिंह की अदालत ने अर्दली बाजार कैंट निवासी अभियुक्त शोभनाथ पांडेय को दोषी पाया है। अदालत ने अभियुक्त को आठ माह के कठोर कारावास और 20 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। 

अर्थदंड अदा न करने पर अभियुक्त को 20 दिन के अतिरिक्त कारावास की सजा भुगतनी पड़ेगी। अभियोजन पक्ष के अनुसार, कैंट थाने के उपनिरीक्षक मनोज कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ 9 नवंबर 2023 को वरुणा पुल के पास गश्त कर रहे थे। उसी दौरान एक व्यक्ति हाथ में एक झोला लेकर सड़क पर आता दिखाई दिया।

पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा, लेकिन उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से झोले में छिपाकर रखा हुआ एक किलोग्राम 410 ग्राम गांजा बरामद हुआ। 

दुकान के कैश बॉक्स से 44 हजार रुपये निकाल कर भागीं दो युवतियां
सेवापुरी कस्बा बाजार में सब्जी मंडी के पास एक जनरल स्टोर के कैश बॉक्स का ताला खोलकर दो युवतियां 44 हजार रुपये निकाल कर भाग गईं। दुकानदार को घटना की जानकारी काफी देर बाद हुई। जंसा गांव निवासी अवधेश मौर्य का जनरल स्टोर जंसा कस्बे में है। 

एक डॉक्टर को 44 हजार रुपये देने के लिए वह दुकान के कैश बॉक्स में ताला बंद कर उसमें पैसे रखे थे। दुकान खुली छोड़कर वह जंसा बाजार के पास हरदेउवा में दवा लेने चले गए थे। लौटकर आने के बाद दुकान में व्यस्त हो गए। दोपहर बाद जब रुपये लेने के लिए डॉक्टर आए तो दुकानदार ने कैश बॉक्स खोला और देखा कि रुपये गायब थे। 

दुकान में लगे सीसी कैमरे की फुटेज को उन्होंने खंगाला तो दो युवतियां रुपये निकाल कर जाती दिखीं। अवधेश की सूचना के आधार पर जंसा थाने की पुलिस सीसी कैमरे की फुटेज की मदद से दोनों युवतियों को चिह्नित करने का प्रयास कर रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed