फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Special news of Varanasi Bail granted accused in misdeed case hearing Adivishweshwar case today

एक क्लिक में वाराणसी की खास खबरें : सामूहिक दुष्कर्म मामले में आरोपी को जमानत, आदिविश्वेश्वर वाद की सुनवाई आज

Thu, 05 Dec 2024 10:12 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Thu, 05 Dec 2024 10:12 AM IST
सार

Varanasi News : आईआईटी बीएचयू की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी को गैंगस्टर एक्ट में जमानत दे दी गई है। यह आदेश न्यायमूर्ति करुणेश सिंह पवार ने दिया है। वहीं, ज्ञानवापी में आदिविश्वेश्वर वाद की सुनवाई गुरुवार को की जाएगी। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Special news of Varanasi Bail granted accused in misdeed case hearing Adivishweshwar case today
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बीएचयू आईआईटी छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी सक्षम पटेल को गैंगस्टर एक्ट में जमानत दे दी है। यह आदेश न्यायमूर्ति करुणेश सिंह पवार ने दिया है। 

विज्ञापन


वाराणसी के लंका थाने में बीएचयू आईआईटी की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में सक्षम पटेल पर मुकदमा दर्ज किया गया था। बाद में गैंगस्टर की भी कार्रवाई की गई। आरोपी ने गैंगस्टर मामले में जमानत के लिए हाईकोर्ट में अर्जी दाखिल की थी।  
विज्ञापन


आवेदक के अधिवक्ता ने दलील दी कि गैंग चार्ट में एक मामला दर्शाया गया है, उसमें ट्रायल कोर्ट ने जमानत दे दी है। आरोपी का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। वह 31 दिसंबर 2023 से जेल में बंद है। जमानत मिलती है तो वह स्वतंत्रता का दुरुपयोग नहीं करेगा। न्यायालय ने आरोपी की सशर्त जमानत अर्जी मंजूर कर ली। वहीं, पीड़िता भी अब संस्थान में नहीं है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


बताया जा रहा है कि सेमेस्टर परीक्षा समाप्त होने के चलते पीड़िता हॉस्टल से वापस अपने घर चली गई। लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि जमानत की सूचना वाराणसी की अदालत को उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, रिहाई से पहले आरोपी से संबंधित थाने में भी एक सूचना भेजी जाती है। लेकिन, अभी तक उन्हें ये प्राप्त नहीं हुआ है। 

बीएचयू में चिपकाए गए विवादित पोस्टर
बीएचयू में दीवारों पर कई विवादित पोस्टर चिपकाए गए हैं। कुलपति और चार अधिकारियों की तस्वीर लगाई गई थी। कहा गया है कि ये सभी कुलपति के यस मैन हैं। पोस्टर देखकर प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम भी पहुंची और सारे पोस्टर हटवा दिए। 

पोस्टर में बीएचयू में ईसी का गठन न होने और प्रमुख पदों पर कार्यकारिणी में बैठे लोगों पर सवाल खड़े किए गए हैं। मैत्री जलपान गृह और कला संकाय की दीवारों पर पोस्टर चिपकाए गए थे। ये पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। चीफ प्रॉक्टर की ओर से इस प्रकरण की जांच की जाएगी। 

कारोबारी को स्काॅर्पियो सवार बदमाशों ने दी धमकी
सिगरा क्षेत्र के साड़ी कारोबारी को स्काॅर्पियो सवार बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी। व्यापारियों ने पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में एक नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

लक्सा थाने क्षेत्र के गुरुबाग संतनगर निवासी अमित के अनुसार उनका साड़ी का कारोबार है। रविवार की देर रात छावनी क्षेत्र स्थित होटल से व्यापारिक बैठक के बाद अपने मित्र कृष्णा मोदी के साथ उनकी इनोवा से घर लौट रहे थे। इस बीच मेरी फाॅर्च्यूनर गाड़ी में सिर्फ सरकारी गनर मनोज और चालक सुनील था। जब घर पहुंचा तो गनर मनोज और चालक सुनील यादव ने बताया कि ब्लैक स्काॅर्पियो सवार मनबढों ने मलदहिया चौराहा पार करते ही रोका और धमकी दी कि अमित को गोली मारूंगा। पुलिस ने हिमांशु यादव समेत अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। 

निर्माण कार्यों में लेटलतीफी पर ठेकेदार को नोटिस
डीएम एस राजलिंगम ने पुलिस लाइन चौराहे से पांडेयपुर तक सड़क मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्यों में लेटलतीफी, संदहा के पास सड़क के बीच लगाए गए पौधों की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

डीएम ने पुलिस लाइन चौराहे से पहड़िया चौराहे, संदहा रोड होते हुए बेलवा बाजार के आसपास निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इसके बाद नर्मदेश्वर मंदिर, पांडेयपुर सड़क मार्ग के दोनों तरफ चल रहे नाली निर्माण कार्य, सड़क चौड़ीकरण के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधूरे नाली निर्माण कार्य और सड़कों के चौड़ीकरण में कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

सभी स्कूलों में हो फायर सेफ्टी सिस्टम : डीएम
डीएम एस राजलिंगम ने जिलास्तरीय स्कूल सुरक्षा समन्वय समिति के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों के फायर एनओसी की ऑडिट कराएं। साथ ही जिन स्कूलों में नए भवनों का निर्माण हुआ है, उनमें फायर सेफ्टी भी सुनिश्चित कराएं। जिन स्कूलों की एनओसी समाप्त हो गई, उनका सर्वे कर, नवीनीकरण संबंधी रिपोर्ट भी लें। डीएम ने कहा कि सड़कों के किनारे जितने भी स्कूल हैं, उसकी सूची तैयार की जाए। डीएम ने बिल्डिंग के बेसमेंट में संचालित कोचिंग संस्थानों का सर्वे कर उनका पंजीकरण रद्द करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ हिमांशु नागपाल समेत अन्य अफसर मौजूद रहे। 

एफएएसटीपीएएस लागू करने के लिए कार्यशाला
वीडीए सभागार में नगर नियोजक प्रभात कुमार की अध्यक्षता में कार्यशाला हुई। प्रदेश के विकास अधिकार, आवास और विकास परिषद के फ्रेमवर्क की ऑनलाइन स्वीकृति दी जाएगी। इसके लिए विकसित हो रहे फास्ट एंड सिंप्लिफाइड ट्रस्ट बेस्ड प्लान अप्रूवल सिस्टम (एफएएसटीपीएएस) लागू होगा। इससे विकास प्राधिकरणों, आवास और विकास परिषद के तहत भवनों, भूखंडों के मानचित्र स्वीकृति प्रक्रिया को आसान और तेज बनाना है। 

विकास कार्यों का निरीक्षण किया  
वीडीए के अपर सचिव डॉ गुडाकेश शर्मा ने पांडेयपुर से आजमगढ़ मार्ग पर चल रहे 23 विकास कार्यों का निरीक्षण किया। यहां पर अवैध निर्माण कार्य को रुकवाते हुए शमन मानचित्र दाखिल कराने के निर्देश दिए। 

निजीकरण के विरोध में एक मंच पर आए कर्मचारी संगठन
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम और दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण के विरोध में बिजली कर्मचारियों से जुड़े संगठन एक मंच पर आ गए हैं। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले कर्मचारियों ने छह दिसंबर को देश के सभी प्रांतों के जिला, परियोजना मुख्यालयों पर विरोध सभा करने का निर्णय लिया है। 

अध्यक्ष शैलेंद्र दूबे, महासचिव जितेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि निजीकरण को लेकर होने वाले विरोध सभा के बारे में संगठनों के पदाधिकारियों की ओर से एक संयुक्त पत्र संघर्ष समिति की ओर से भेजा गया है। 

विरोध में भाकपा का प्रदर्शन
भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी ने बिजली के निजीकरण के विरोध में शास्त्री घाट पर प्रदर्शन कर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भेजा गया। जिला सचिव सीपीएम अनिल कुमार सिंह, नंदलाल पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार बिजली को निजी हाथों में देकर निजी कंपनियों को मुनाफा वृद्धि के लिए प्रयास कर रही है। इसे वापस लेना चाहिए। इस दौरान मोवीन अहमद, लालमणि वर्मा, श्यामलाल मौर्य, लक्ष्मण प्रसाद वर्मा, अमरनाथ राजभर आदि मौजूद रहे।

हर्बल उत्पादों के प्रचार के बहाने आभूषण लेकर भागे
लोहता के खेवसीपुर गांव में हर्बल उत्पादों के प्रचार का झांसा देकर तीन महिलाओं के आभूषण लेकर दो युवक फरार हो गए। पीड़िता विमला देवी ने बताया कि उचक्का उसका और बेटी चंदा के आभूषणों की सफाई के बहाने लेकर फरार हो गया। 

दंपती की पिटाई करने वालों पर केस
वाराणसी के भेलूपुर थाने क्षेत्र के जानकी नगर कालोनी बड़ी पटिया में दंपती की पिटाई के मामले में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। मिर्जापुर के चुनार सुल्तानपुर निवासी आशू ने अजय, विजय और उसकी मां के खिलाफ केस दर्ज कराया।

मनबढ़ों की पिटाई से घायल ने केस दर्ज कराया
हरहुआ में वाहन टक्कर के बाद मनबढ़ों की पिटाई से घायल पीड़ित ने केस दर्ज कराया है। शिवपुर तरना निवासी सरोज कुमार सुमन ने बताया कि दो दिन पूर्व वह बाबतपुर से अपने घर इनोवा से लौट रहा था। इस बीच हरहुआ स्थित वाहन शोरूम के सामने रात 9 बजे इनोवा गाड़ी में पीछे से आ रही अर्टिगा ने टक्कर मारी। उसमें सवार पांच मनबढ़ों ने पिटाई की। पुलिस ने पांच के खिलाफ केस दर्ज किया है।

छात्रा को गायब करने के मामले में तीन पर केस
भेलूपुर की खोजवा की रहने वाली डीफार्मा की छात्रा को गायब कराने मामले में भेलूपुर थाने में दंपती समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज किया गया। कश्मीरीगंज के रहने वाले राज कुमार विश्वकर्मा का आरोप है कि पड़ोसी दिलीप जायसवाल, पत्नी ममता देवी, अन्नू जायसवाल ने बेटी को गायब कराया है। 

महिलाओं से अभद्रता के आरोप में मुकदमा दर्ज
अस्सी स्थित घर में घुसकर महिलाओं से अभद्रता मामले में तीन के खिलाफ भेलूपुर थाने में केस दर्ज किया गया। पीड़ित रमेश कन्नौजिया ने बताया कि मंगलवार को विमलेश कुमार अपने तन दोस्तों के साथ पहुंचा और घर की महिलाओं से अभद्रता की। भेलूपुर पुलिस ने केस दर्ज किया है।

बीएचयू के बिरला हाॅस्टल के पास युवक की पिटाई
बीएचयू परिसर में रहने वाले आशीष सिंह की बीती रात बिरला सी हॉस्टल के पास युवकों ने पिटाई कर दी। आरोप है कि मोबाइल और बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। पीड़ित आशीष ने लंका थाने में अमन साहू व गौरव समेत अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया। 

मकान में आग लगने से 12 लाख का माल नष्ट
कैंट-लहरतारा मार्ग स्थित वसुंधरा कॉलोनी के पास बुधवार रात एक मकान के पहले तल में आग लग गई। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। मकान मालि के अनुसार 12 लाख रुपये मूल्य के सामान जलकर नष्ट हो गए। 

यात्री का आभूषण से भरा बैग चोरी
दिल्ली-सुपरफास्ट ट्रेन के ए-वन कोच से यात्री का बैग बनारस स्टेशन पहुंचने से पहले चोरी हो गया। यात्री विकास शर्मा के अनुसार बैग में पत्नी शिखा शर्मा के आभूषण, मोबाइल और अन्य सामान था। 

नाविकों ने बचाई युवक की जान
रामनगर के विश्वसुंदरी पुल से बुधवार को एक युवक गंगा में गिर गया। नाविकों ने उसे बचा लिया। जक्खिनी राजातालाब निवासी प्रभात विश्वकर्मा ने बताया कि वह पुल की रेलिंग से झांक रहा था। इसी दौरान चक्कर आने पर वह गंगा में गिर गया। 

निराश्रित पशुओं और पालतू पक्षियों की भी होगी गणना
जिले में पशुगणना शुरू हो गई है। इस बार निराश्रित पशुओं और घरों में पाले जाने वाले पक्षियों की भी गणना होगी। इसके अलावा हाथी, घोड़े, ऊंट, खच्चर आदि जानवरों की भी गणना होगी। जिला मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. बीपी पाठक ने बताया कि 1310 ग्रामों व 135 वार्डों में गणना की जानी है।

तहसील बार में लाइब्रेरी का उद्घाटन
तहसील बार एसोसिएशन सदर में बुधवार को लाइब्रेरी का उद्घाटन बार काउंसिल ऑफ यूपी के पूर्व चेयरमैन और सदस्य हरिशंकर सिंह ने किया। इस दौरान उन्होंने 70 हजार रुपए की लॉ-बुक्स बार को सौंपीं। 

लीवर की बीमारियों का समय से उपचार जरूरी
इंडियन सोसाइटी ऑफ गैस्ट्रोइंट्रोलॉजी की ओर से चार दिवसीय संगोष्ठी की शुरुआत बुधवार से हुई। संगोष्ठी में देश-विदेश से आए चिकित्सकों ने लीवर से जुड़ी बीमारियों के कारणों और उपचार पर मंथन किया। वक्ताओं ने कहा कि जीवनशैली से खिलवाड़ की वजह से ही लीवर संबंधी बीमारियों में इजाफा हो रहा है। समय से इसकी पहचान कर उपचार बहुत जरूरी होता है। साथ ही शराब के सेवन से भी बचना होगा। 

बड़ालालपुर स्थित दीनदयाल हस्तकला संकुल में आयोजित समारोह में वर्ल्ड गैस्ट्रोइंट्रोलॉजी ऑर्गेनाइजेशन के अध्यक्ष डॉ. जाफरी मेट्ज ने समय-समय पर उपचार की अपडेट हो रही तकनीक पर चर्चा करते हुए इस बारे में चिकित्सकों को जागरूक किया। कहा कि बदलते समय के साथ ही उपचार की तकनीक में भी इजाफा होता जा रहा है, चिकित्सकों, मेडिकल छात्रों को इस बारे में अपडेट करने की जरूरत है। संगोष्ठी में खाने की नली में गैस ऊपर आना, पेनक्रियाज में सूजन, लिवर का कैंसर,गट माइक्रोबायोम,आंत में  सूजन और छल्ले की बीमारी आदि पर विस्तार से चर्चा की गई। 

हीमोकॉन में खून संबंधी बीमारियों पर होगा मंथन
आईएमएस बीएचयू के जनरल मेडिसिन विभाग की ओर से रक्त विज्ञान सम्मेलन हीमोकॉन काशी 2024 सात और आठ दिसंबर को होगा। विशेषज्ञों की ओर से एनीमिया, हीमोफीलिया, थैलेसीमिया सहित खून संबंधी बीमारियों का कारण और नई तकनीक से उपचार पर विचार होगा। 

सर सुंदरलाल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक और आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रो.कैलाश कुमार, विभागाध्यक्ष प्रो. एलपी मीना, डॉ. अरूण कुमार सिंह, प्रो. नीलेश कुमार ने प्रेस काॅन्फ्रेंस में बताया कि भारतीय रक्त विज्ञान, रक्त संक्रमण सोसायटी और काशी हेमेटोलॉजी ग्रुप के संरक्षण में पहला सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। केएन उडुप्पा सभागार में होने वाले इस सम्मेलन में रक्त विज्ञान के शोध, उपचार और शिक्षा को बढ़ावा देने पर चर्चा की जाएगी। 

क्रूज, गैर मांझी नावों को चलने से रोकेंगे नाविक
मां गंगा निषादराज सेवा न्यास ने अस्सी घाट पर नाविकों के साथ बैठक की। रामनगर के रामेश्वरम क्रूज और गैर मांझी के नावों को चलने से रोकने का निर्णय लिया गया। किसी भी घाट से दूसरे घाट पर नाव लाकर पर्यटकों को नहीं बैठा सकते हैं। इस दौरान जय निषादराज, राकेश साहनी बबलू, विनोद साहनी, अजीत साहनी, रामबाबू साहनी, दीपक साहनी मौजूद रहे। 

धर्म के आधार पर उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं
मुस्लिम राष्ट्रीय मंच पूर्वी क्षेत्र के क्षेत्रीय संयोजक मो. अजहरुद्दीन ने कहा कि धर्म के आधार पर किसी का भी उत्पीड़न कतई बर्दाश्त लायक नहीं है। बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रहे हमले घृणित मानसिकता के लोगों द्वारा किया जा रहा गंभीर मामला है, इनके विरुद्ध भारत देश के प्रधानमंत्री मोदी को सख्त कदम उठाना चाहिए।

वह पांडेयपुर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में बैठक को संबोधित कर रहे थे। बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रहे हमले व हिंदू धर्म गुरु स्वामी चिन्मय कृष्णा दास की गिरफ्तारी तथा संभल में उपद्रवियों द्वारा प्रदेश के शांति व भाई चारा से भरे माहौल को बिगाड़ने की साजिश के विरोध में बैठक हुई। इस मौके पर ओम प्रकाश पांडेय, ताज मोहम्मद, मौलाना शफीक मुजद्दीदी, कलीम अशरफ, इरफान अहमद, राजेश कन्नौजिया उपस्थित रहे। 

मक्के को हानिकारक कवकों से बचाएगी जैव फैक्ट्री
बीएचयू में मक्के की फसलों को खतरनाक कवक से बचाने के लिए एक प्राकृतिक तकनीक तैयार की गई है। ये कवक फसलों के नुकसान की वजह हैं और वैश्विक खाद्य सुरक्षा के लिए खतरा है। वनस्पति विज्ञान विभाग के डॉ. सतीश कुमार वर्मा और उनकी टीम ने बीज जनित बैक्टीरिया तैयार किया। इसे एंडोफाइट्स के रूप में जानते हैं। ये पौधों के विकास को बढ़ावा देने और मक्के को फंगल रोगजनकों से बचाने का काम करता है। 

ये बीज के भीतर जैव-फैक्ट्री के रूप में काम करते हैं। पौधे के विकास के लिए आवश्यक ऑक्सिन, साइटोकाइनिन और जिब्रेल्लिन जैसे हार्मोन का उत्पादन करते हैं। साथ ही वायुमंडलीय नाइट्रोजन को फिक्स करते हैं। फॉस्फेट और लोहे जैसे खनिजों को घुलनशील बनाते हैं। गौरव पाल, कंचन कुमार, समीक्षा सक्सेना, आनंद वर्मा, दीपक कुमार और पूजा शुक्ला टीम में शामिल रहे। 

डॉ. राजेंद्र प्रसाद का जीवन सभी के लिए प्रेरणादायी
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की ओर से फुलवरिया वरूणापुरी कालोनी स्थित जिला कार्यालय पर देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती मनाई गई। इस दौरान वक्ताओं ने उनके जीवन को सभी के लिए प्रेरणादायी बताया। 

मुख्य अतिथि अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आरुणि चंद्र सिन्हा ने कहा कि राजेंद्र प्रसाद ने अपने जीवन में सभी के हक की आवाज उठाई लेकिन किसी भी केंद्रीय योजना का नाम उनके नाम से नहीं है। उनका पूरा जीवन संविधान, देश, समाज और सनातन परंपरा के नाम समर्पित था। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव, धन्यवाद ज्ञापन रंजन श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम में अखिलेश श्रीवास्तव, पवन तनय श्रीवास्तव,ललित मोहन मौजूद रहे। 

पूर्व संकाय अध्यक्ष को दी श्रद्धांजलि
बीएचयू के प्रोफेसर पूर्व संकाय अध्यक्ष भृगुनाथ पांडेय के निधन पर कांग्रेस ने शोक जताया। महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि भृगुनाथ पांडेय का निधन शिक्षा जगत व कांग्रेस पार्टी की अपूरणीय क्षति है। श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में फसाहत हुसैन बाबू, अरुण सोनी, सतनाम सिंह शामिल रहे। 

राममंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कराने वाले लक्ष्मीकांत दीक्षित की पत्नी का निधन
अयोध्या में राम जन्मभूमि पर श्रीराम मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा कराने वाले कर्मकांडी दल के प्रमुख आचार्य व वैदिक विद्वान स्व. पं. लक्ष्मीकांत दीक्षित की पत्नी ज्योत्सना लक्ष्मीकांत दीक्षित (75) का बुधवार को निधन हो गया। निधन की सूचना मिलते ही उनके शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई। उनका अंतिम यात्रा मंगला गौरी मंदिर स्थित आवास से मणिकर्णिका घाट के लिए निकली। मुखाग्नि उनके छोटे पुत्र सुनील दीक्षित ने दी। जून महीने में प. लक्ष्मीकांत दीक्षित का निधन हुआ था। 

शमन शुल्क जमा नहीं करने वालों पर करें कार्रवाई 
वीडीए सभागार में अपर सचिव डाॅ. गुडाकेश शर्मा ने शमन मानचित्रों की समीक्षा की। कहा कि शमन पत्रावली की स्वीकृति के बाद शमन शुल्क जमा न करने वालों पर कार्रवाई करें। सील हुए अवैध निर्माणों की जांच करने के साथ बेसमेंट खाली कराते हुए पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। जन शिकायतों का निस्तारण एक सप्ताह में करें। शहर में हो रहे अवैध निर्माण और अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई करें। 

अवैध प्लाॅटिंग कराई ध्वस्त 
वीडीए ने एक अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई और एक अवैध निर्माण सील किया। दशाश्वमेध वार्ड के अजित सिंह की ओर से अवैध प्लाॅटिंग की जा रही थी। प्रवर्तन टीम ने अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त करवाई। उधर कोतवाली वार्ड के राजीव अग्रवाल ने चौवारगली कालभैरव में बगैर नक्शा पास कराए निर्माण करा रहे थे। इसे सील किया गया। 

पुलिस लाइन में हुआ बलवा ड्रिल का अभ्यास
पुलिस लाइन में दंगा नियंत्रण (बलवा ड्रिल) का अभ्यास किया गया। इस दौरान सामरिक योजनाओं और बलवा की स्थिति में संयमित और अनुशासित तरीके से दंगाइयों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नवीनतम उपकरणों का प्रशिक्षण हुआ। अपर पुलिस उपायुक्त लाइन श्रुति श्रीवास्तव की मौजूदगी में अभ्यास के दौरान प्रशिक्षणाधीन मुख्य आरक्षी, पुलिस लाइन के जवान शामिल रहे। 

मिशन शक्ति अभियान के हर फेज का होगा मूल्यांकन
मिशन शक्ति अभियान के कार्यों के मूल्यांकन के लिए विकास भवन सभागार में बैठक हुई। इसमें मिशन शक्ति अभियान फेज 1 से फेज 5 के प्रगति का मूल्यांकन कार्य पर चर्चा की गई। मूल्यांकन प्रभाग के ज्येष्ठ मूल्यांकन अधिकारी डॉ. संतराम द्वारा 4 से 7 दिसंबर तक जनपद में रहकर प्रगति का मूल्यांकन कार्य किया जाएगा। इसमें महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के दृष्टिगत कराए गए कार्यों सूचना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। 

डॉ. प्रभाकर मोहन बने एमेरिटस वैज्ञानिक
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद ने भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (आईआईवीआर) के पूर्व प्रधान वैज्ञानिक डॉ. प्रभाकर मोहन सिंह को एमेरिटस वैज्ञानिक चयनित किया है। वह इस पद पर तीन वर्ष तक रहेंगे। उन्होंने आईआईवीआर के फसल उन्नयन विभाग में कार्य करते  हुए सब्जियों की 52 किस्में विकसित की है।

जियोट्रिक्स साॅफ्टवेयर से पकड़े 6 अवैध निर्माण
वीडीए ने जियोट्रिक्स साॅफ्टवेयर के माध्यम से छह अवैध निर्माणों को पकड़ा गया। सैटेलाइट डेटा की मदद से शिवपुर के पहाड़पुर बिरापट्टी में दो बड़े अवैध निर्माण मौके पर बंद करते हुए नोटिस जारी किया गया। कोईराजपुर में व्यावसायिक निर्माण पर नोटिस दिया गया। आदमपुर पुराने पुल के पास एक बड़ा नवनिर्माण शुरू हुआ था। इसे नोटिस देते हुए सील किया गया। सारनाथ वार्ड के सरिता मैरिज लॉन में अवैध निर्माण किया जा रहा था। इसे नोटिस दिया गया। दशाश्वमेध के हरदतपुर में व्यवसायिक निर्माण को नोटिस दिया गया। 

औसत से 2 डिग्री ज्यादा हुआ तापमान
पिछले सप्ताह हवा में नमी अधिक होने और तापमान में कमी के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बुधवार को अधिकतम तापमान औसत से 2.1 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 28.7 पहुंच गया। इसके अलावा न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि औसत से 1.8 अधिक रहा। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव का कहना है कि अभी दो-तीन दिन मौसम ऐसे ही रहने के आसार हैं। 

लाॅर्ड आदिविश्वेश्वर मामले में आज सुनवाई
सिविल जज सीनियर डिवीजन (फास्ट ट्रैक) युगल शंभू की कोर्ट में गुरुवार को 1991 से लंबित अतिप्राचीन स्वयंभू लॉर्ड आदिविश्वेश्वर पुराने वाद में सुनवाई होनी है। वादी रहे मृतक सोमनाथ व्यास के भतीजे योगेंद्र नाथ व्यास की पक्षकार बनने की अर्जी के विरोध में वाद मित्र विजय शंकर रस्तोगी ने बहस जारी रखी हुई है। वादी रहे मृतक सोमनाथ व्यास के भतीजे योगेंद्र नाथ व्यास ने भी पक्षकार बनाने के लिए अर्जी दी थी। इसी अर्जी पर सुनवाई हुई है। पिछले दिनों योगेंद्र की ओर से  बहस पूरी कर ली गई थी। इसी के वाद मित्र का बहस चल रही है। 

सात जोनल अधिकारी समेत 22 का वेतन रोका
गृहकर वसूली खराब होने के कारण नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने बड़ी कार्रवाई की। सात जोनल अधिकारियों समेत 22 लोगों का वेतन रोका और तीन राजस्व निरीक्षकों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी। नगर आयुक्त ने जोनल अधिकारी वरुणापार जितेंद्र कुमार आनंद, आदमपुर जोनल अधिकारी कृष्ण चन्द्र, सारनाथ जोनल अधिकारी अनुपम त्रिपाठी, ऋषि मांडवी जोनल अधिकारी शिखा मौर्य, भेलूपुर जोनल अधिकारी कृष्ण चंद्र, दशाश्वमेध व कोतवाली के जोनल अधिकारी जितेंद्र कुमार आनंद का वेतन रोका। 

25 घंटे देरी से पहुंची गोरखपुर-दादर स्पेशल
कोहरे के चलते ट्रेनों की चाल सुधर नहीं पा रही है। गोरखपुर-दादर स्पेशल ट्रेन 25 घंटे की देरी से बुधवार को कैंट स्टेशन पहुंची। कैंट स्टेशन स्थित पूछताछ केंद्र के कर्मियों ने बताया कि देहरादून-हावड़ा कुंभ एक्सप्रेस पांच घंटे, प्रयागराज रामबाग बलिया मेमू सवा चार घंटे, साबरमती बीजी पटना फेयर स्पेशल छह घंटे, दादर सेंट्रल गोरखपुर फेयर स्पेशल चार घंटे, दानापुर आनंद विहार जनसाधारण पांच घंटे, मुंबई एलटीटी बलिया कामायनी एक्सप्रेस ढाई घंटे, लखनऊ वाराणसी स्पेशल ढाई घंटे और दादर सेंट्रल गोरखपुर भी चार घंटे की देरी से पहुंची। 

कथा वाचक देवकीनंदन ठाकुर के खिलाफ वाद दायर
वाराणसी में चल रही कथा में राजा जयचंद के बारे में टिप्पणी से आहत अधिवक्ता अजय प्रताप ने कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर पर आपराधिक मानहानि 356 (2) के अधीन सिविल जज (जूनियर डिविजन)-1 की अदालत में वाद दायर किया है। 
 



वादी अधिवक्ता अजय प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि देवकी नंदन ठाकुर ने वाराणसी में चल रही कथा में 2 दिसंबर को राजा जयचंद के बारे में आपराधिक टिप्पणी की। उन्होंने कथा में कहा कि भारत विभाजन व कश्मीरी ब्राह्मणों के नरसंहार के लिए जयचंद दोषी हैं। जयचंदों से सनातन धर्म को खतरा है। इन्हीं के कारण पाकिस्तान बना। 

वहीं वादी अधिवक्ता का कहना है कि भारत विभाजन व कश्मीरी ब्राह्मणों का नरसंहार धर्म आधारित था। किसी और के कृत्य के लिए राजा जयचंद दोषी कैसे हो सकते हैं? उन्हें अभी तक ऐसा कोई प्रमाण नहीं मिला है कि जो यह साबित करता हो कि जयचंद गद्दार थे। 

यह है इतिहास : जयचंद कन्नौज के राजा थे। जौनपुर सिविल न्यायालय में अटाला माता मंदिर केस विचाराधीन है। ऐतिहासिक साक्ष्य यह प्रमाणित करते है कि अटाला माता मंदिर महाराज जयचंद ने बनवाया था। 

बीएचयू में अब रोज 2 घंटे एग्जाम स्ट्रेस क्लीनिक
बीएचयू में परीक्षा से छात्रों में होने वाले तनाव को कम किया जाएगा। कैंपस में एक एग्जामिनेशन स्ट्रेस एंड मैनेजमेंट क्लीनिक चलाई जाएगी। सोमवार से शनिवार तक दोपहर तीन से पांच बजे तक स्टूडेंट वेलफेयर बिल्डिंग में छात्रों की काउंसिलिंग की जाएगी। स्टूडेंट काउंसलर नित्यानंद तिवारी स्ट्रेस मैनेजमेंट की तकनीक से रूबरू कराएंगे। रिलैक्स और स्टडी, एग्जाम स्ट्रेस को दूर कर बेहतर काम करने की ट्रेनिंग दी जाएगी। 

काशी विद्यापीठ में दीप्ति मिश्रा बनी परीक्षा नियंत्रक
ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय लखनऊ में उपकुलसचिव दीप्ति मिश्रा को कुलसचिव पद पर प्रमोशन के साथ ही महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ  में परीक्षा नियंत्रक की जिम्मेदारी दी गई है। 

एलएलएम द्वितीय सेमेस्टर की मौखिक परीक्षा 21 को
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के विधि विभाग की ओर से एलएलएम द्वितीय सेमेस्टर सत्र 2023-24 की मौखिक परीक्षा 21 दिसंबर को होगी। विभागाध्यक्ष और संकायाध्यक्ष प्रो. रंजन कुमार ने बताया कि द्वितीय सेमेस्टर के असाइनमेंट और चेंबर्स ऑफ लॉयर्स फर्म/ फील्ड प्रोजेक्ट/ आईटी स्किल की मौखिक परीक्षा सुबह 11 बजे से विधि विभाग में होगी। विद्यार्थियों को प्रोजेक्ट रिपोर्ट के साथ उपस्थित होना होगा। 

नौ को होगी एमए जेएमसी की प्रायोगिक परीक्षा
काशी विद्यापीठ के महामना मदन मोहन मालवीय हिंदी पत्रकारिता संस्थान में एमए (जेएमसी) तृतीय सेमेस्टर सत्र 2024-25 की मौखिक/प्रायोगिक परीक्षा 9 दिसंबर को होगी। निदेशक डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सुबह 10 बजे से होने वाली परीक्षा में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति अनिवार्य है। 

विद्यापीठ में शोध प्रवेश परीक्षा का प्रवेश पत्र जारी
काशी विद्यापीठ में 2023-24 की आठ दिसंबर को शोध प्रवेश परीक्षा करवाई जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से प्रवेश पत्र बुधवार को वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि अभ्यर्थी अपना प्रवेश-पत्र विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल पर लॉगिन कर डाउनलोड कर सकते हैं। 

15 को कृषि विज्ञान के मेधावियों को मिलेंगे मेडल
बीएचयू के कृषि विज्ञान केंद्र के शताब्दी कृषि में 15 दिसंबर को 104वें दीक्षांत का मेडल और उपाधियों का वितरण होगा। केंद्र ने बुधवार को सूचना जारी कर बताया कि रविवार सुबह 10 बजे से मेडल दिए जाएंगे। कितने छात्रों को मेडल मिलेंगे, इसकी सूचना नहीं दी गई है। बीएससी, बीटेक, एमटेक, एमएससी आदि स्पेशल कोर्स के मेधावियों को भी मेडल और उपाधियां दी जाएंगी। 

आईआईटी में टाटा स्टील के साथ ट्रेनिंग प्रोग्राम
आईआईटी बीएचयू ने टाटा स्टील लिमिटेड के साथ मिलकर दो दिवसीय कार्यक्रम में 65 पेशेवर सिविल इंजीनियरों, आर्किटेक्ट्स और डेवलपर्स को प्रशिक्षित किया गया। इसका मकसद सुरक्षित और सतत आधारभूत संरचनाओं को तैयार करा सके। सुरक्षा, स्थिरता और गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया गया। शुरुआत पंडित मदन मोहन मालवीय और रतन टाटा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। टाटा स्टील और टाटा टिस्कॉन के अधिकारी विवेक राय और चीफ सेल्स मैनेजर हेमंत भार्गव भी पहुंचे।  

आरटीई के तहत प्री प्राइमरी, कक्षा 1 में दाखिला शुरू
शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत निजी विद्यालयों में प्री प्राइमरी और कक्षा 1 में 25 फीसदी सीटों पर आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को प्रवेश दिया जाएगा। बेसिक शिक्षा विभाग ने 1 दिसंबर से आवेदन की प्रक्रिया शुरू की है। प्रवेश प्रक्रिया चार चरणों में पूरी होगी। पहले चरण के पंजीकरण की अंतिम तिथि 19 नंवबर है। 

मैहर धाम के प्रधान पुजारी ने िकए दर्शन
सेवापुरी ब्लॉक के ठटरा गांव स्थित मां शारदा देवी मैहर मंदिर में बीती शाम शक्तिपीठ मां शारदा देवी मैहर धाम के प्रधान पुजारी पवन पांडे उर्फ दाऊ सरकार का आगमन हुआ। सूचना मिलते ही कछवां रोड बाजार के व्यापारी एवं श्रद्धालु भारी संख्या में दर्शन के लिए पहुंचे। भजन सुनाते हुए उन्होंने कहा कि मैया जी के चरणों में संसार का खजाना है, जो मैया के चरणों में शीश झुकाता है उसे माता रानी के आशीर्वाद स्वरूप दुनिया का खजाना प्राप्त होता है। इस मौके राम सागर महाराज, जयमल पटेल, ओम प्रकाश पटेल, बलिस्टर पंडित, मोहन गुप्ता मौजूद रहे। 

बच्चों को संस्कार दें, तभी बुढ़ापे में करेंगे सेवा
कथावाचिका बाल विदुषी शिवांगी किशोरी ने ध्रुव चरित्र, भक्त प्रह्लाद चरित्र और नृसिंह अवतार प्रसंग को सुनाकर भक्तिरस में सभी को डुबो दिया। उन्होंने कहा कि मनुष्य को दिखावा न करते हुए भगवान को सच्चे हृदय से याद करना चाहिए। तभी प्रभु उनकी भक्तिभाव को स्वीकार करते हैं। सभी अपने बच्चों को संस्कार अवश्य दें, जिससे वे बुढ़ापे में अपने माता-पिता की सेवा कर सकें। मुख्य यजमान विनोद कुमार दुबे, रामदास त्यागी, कमलेश केशरी, डॉ. अजय मिश्रा, आनंद अग्रवाल, रामकरण दास आदि ने आरती उतारी। 

हिंदू राष्ट्र की कामना से रुद्र महायज्ञ और श्रीरामकथा
कथा वाचक शिव महाराज ने बुधवार को अस्सी घाट पर भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की कामना से चल रहे महायज्ञ कथा में प्रवचन दिया। उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार को सांसद में बांग्लादेश सरकार के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित करने को की मांग की। सुबह में काल हवन कुंड में आहुति डालकर सनातन हिंदू राष्ट्र बनाने की बाबा विश्वनाथ से कामना की गई। मानस मर्मज्ञ शिवकुमार महाराज ने कहा कि भारत में जल्द ही हिंदू राष्ट्र की स्थापना होगी। 

राज्य स्तरीय सम्मान मिलने पर कमांडेंट ने दी बधाई
नई सुबह संस्था की समावेशित और दिव्यांग व्यक्तियों के सशक्तीकरण के प्रति समर्पित सेवाओं को देखते राज्य स्तरीय सर्वश्रेष्ठ संस्था का पुरस्कार मिला है। राज्य की सर्वश्रेष्ठ संस्था का पुरस्कार मिलने पर 95 बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट राजेश्वर बालपुरकर ने बधाई दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीन दिसंबर को लोकभवन सभागार में संस्था के संस्थापक डॉ. अजय तिवारी को यह पुरस्कार प्रदान किया था। 

सांस्कृतिक महोत्सव में दिखाईं कलाएं
काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव के दूसरे दिन नगर क्षेत्र में वरुणापार, भेलूपुर और आदमपुर में कुल 12 स्थलों पर जोन स्तर की प्रतियोगिताएं हुईं। तीन आयु वर्गों 10 से 18, 18 से 40 और 40 वर्ष से अधिक में चार विधाओं गायन, वादन, नृत्य और नुक्कड़ नाटक में लोगों ने हिस्सा लिया। 10 से 18 आयुवर्ग में 1534 प्रतिभागियों ने एकल और सामूहिक प्रस्तुति दी। मनोरंजन अग्रवाल, पार्षद परशुरामपुर अभय कुमार पांडेय, मंडल अध्यक्ष दीनदयाल गोपाल गुप्ता और मंडल अध्यक्ष भाजपा संदीप चौरसिया मौजूद रहे। 

अमन ने सजाया सुबह ए बनारस का मंच
सुबह ए बनारस में युवा कलाकार अमन निवास का गायन हुआ। अमन ने गायन का आरंभ मध्य झपताल में निबद्ध बंदिश माथे सुहावे... से की। इसके उपरांत द्रुत तीनताल में निबद्ध बंदिश पायल की झंकार... पेश किया। समापन भजन प्रभु मोरे अवगुण चित्त ना धरो...से हुआ। तबला संगति रुद्रांश सिंह एवं संवादिनी पर प्रवीण कुमार सिंह ने संगत की। कलाकार को प्रमाणपत्र समाजसेवी विनय तिवारी ने दिया। संचालन पंडित प्रमोद मिश्रा ने किया। 

बच्चों को घर पर ही पढ़ाएंगे स्पेशल एजुकेटर्स
पीएम श्री योजना के अंतर्गत 15 विद्यालयों में दिसंबर के अंतिम सप्ताह तक 15 स्पेशल एजुकेटर्स की भर्ती होगी। समावेशी शिक्षा के तहत अभी विद्यालयों में  एक फिजियोथेरपिस्ट और 26 स्पेशल एजुकेटर्स काम कर रहे हैं। हर ब्लॉक पर तीन स्पेशल एजुकेटर और हर जिले में एक फिजियोथेरपिस्ट हैं। इसी क्रम में सुईचक, बड़ागांव, सथवान, जगदीशपुर, उदयपुर, अमरखैराचक, पिंडरा, भीतकुरी, चिरईगांव, सिंहपुर, भौमी, लोहता, भानपुर और थाथरा में कुल 15 स्पेशल एजुकेटर्स की भर्ती होनी है। 

कुलपति ने किया चार पुस्तकों का विमोचन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने चार पुस्तकों का विमोचन किया। पंत प्रशासनिक भवन के राधाकृष्णन सभागार में प्रो. दयाशंकर सिंह यादव, अजय कुमार यादव की लिखी पुस्तक शिक्षा और डिजिटल लाइब्रेरी, डिजिटल युग में खेल और स्वास्थ्य, शैक्षिक उन्नति में डिजिटल प्रौद्योगिकी की भूमिका और डिजिटल सुरक्षा और साइबर अपराध का विमोचन हुआ। इस दौरान कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय, कुलानुशासक प्रो. केके सिंह, उप कुलसचिव हरीश चंद मौजूद रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed