वाराणसी: दिवाली व छठ पूजा के लिए 12 नवंबर से चलेंगी रोडवेज की स्पेशल बस
वाराणसी में दिवाली व छठ पूजा को लेकर रोडवेज ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। यात्रियों की सुविधा को लेकर लंबी रूटों पर रोडवेज की स्पेशल बसें चलाई जाएंगी। जिस रूट पर यात्रियों की भीड़ अधिक होगी, उस रूटों पर अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी और बसों के फेरे भी बढ़ाए जाएंगे।
ट्रेनों की संख्या कम होने के कारण रोडवेज पर यात्रियों की भीड़ अधिक उमड़ रही है, लिहाजा इस बार यात्रियों का दबाव भी बसों में अधिक होगा। इसके लिए अधिकारियों, चालकों, परिचालकों सहित कर्मचारियों की छुट्टियां भी निरस्त रहेंगी।
वाराणसी परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक एसके राय ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए रोडवेज की स्पेशल बसें 12 नवंबर से सड़क पर उतर जाएंगी, जो 20 नवंबर तक संचालित होंगी। इस दौरान संचालन से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त रहेंगी। हालांकि इस एवज में उन्हें प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
नियमित व संविदा पर तैनात चालक व परिचालक द्वारा 10 दिनों तक लगातार ड्यूटी की जाती है तो प्रत्येक दिवस के हिसाब से 400 रुपये और निर्धारित किमी की दर के हिसाब से 4000 रुपये मिलेंगे। वहीं कार्यशाला व क्षेत्रीय कार्यशाला में दस दिन लगातार ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को 1200 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।