परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ः चंदौली में सड़क हादसे में पुत्र और पुत्री की मौत, सदमे में पिता ने भी तोड़ा दम
बुधवार सुबह ट्रक से कुचलकर बाइक सवार भाई-बहन की मौत हुई थी। मृतक आफताब (35) और उसकी बहन शमा बानो ( 40) कुछ काम से वाराणसी जी रहे थे। पुत्र और पुत्री की मौत की सूचना पिता अब्दुल हामिद बर्दाश्त नहीं कर सके।
विस्तार
चंदौली जिले में नेशनल हाईवे पर हुए सड़क हादसे में पुत्र और पुत्री की मौत हो गई, तो सदमे में पिता ने भी दम तोड़ दिया। जिस पर परिजन बिलख उठे। 24 घंटे के अंदर एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत के बाद गांव का माहौल भी गमगीन हो गया। परिवार पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
अलीनगर थाना क्षेत्र के पचफेड़वा के पास बुधवार सुबह ट्रक से कुचलकर बाइक सवार भाई-बहन की मौत हुई थी। मृतक आफताब (35) और उसकी बहन शमा बानो ( 40) कुछ काम से चंदौली जा रहे थे। पुत्र और पुत्री की मौत की सूचना पिता अब्दुल हामिद बर्दाश्त नहीं कर सके। बुधवार शाम तबीयत खराब होने लगी और बृहस्पतिवार सुबह मौत हो गई।
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के कसाब महाल निवासी आफताब और बहन शमा बानो बुधवार सुबह बाइक से चंदौली जा रहे थे। रास्ते में पचफेड़वा गांव के समीप नेशनल हाईवे पर बने ब्रेकर पर बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने दोनों को कुचल डाला। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। आफताब की हाल ही में शादी हुई थी। उसकी पत्नी भी घटना के बाद से बेसुध है। इस घटना की चर्चा पूरे क्षेत्र में है।
नाले में डूबने से वृद्ध की मौत
नौगढ़ थाना क्षेत्र के गोलाबाद गांव में बृहस्पतिवार सुबह एक वृद्ध की नाले में डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव को बाहर निकाला। तहसील नौगढ़ क्षेत्र में गोलाबाद बंधी का पानी उफान पर है। जिससे इससे जुड़े नालों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है।
गोलाबाद गांव निवासी छैबर विश्वकर्मा (70) बृहस्पतिवार सुबह शौच करने के लिए घर से निकले थे। पैर फिसल जाने के कारण नाले में गिरे और पानी की बहाव के साथ काफी दूर तक चले गए। घरवालों को जानकारी होने पर खोजबीन के बाद गहरे नाले से वृद्ध का शव निकाला गया।
ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
अलीनगर थाना क्षेत्र के तारापुर फ्लाईओवर के पास ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सहरोई गांव निवासी सुरेंद्र राम के तीन पुत्रों में दूसरे नंबर का पुत्र बहादुर (25) गांव में ही होम ट्यूशन पढ़ाने का काम कर रहा था।
एलएलबी पास बहादुर लॉकडाउन के बाद से ही आर्थिक तंगी के कारण मानसिक तनाव से गुजर रहा था। बृहस्पितवार सुबह पांच बजे अपने घर से तारापुर स्थित खेल मैदान की तरफ जा रहा था। रेलवे लाइन पार करने के दौरान किसी ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।