हैंडपंप से पानी के साथ निकल रहे सांप के बच्चे, इलाके में दहशत का माहौल
जौनपुर जिले के रामपुर ब्लॉक के अड़ियार गांव में एक हैंडपंप ऐसा है, जिससे पानी के साथ सांप के बच्चे निकल रहे हैं। पिछले कई दिनों से यह स्थिति बनी हुई है। इससे ग्रामीण भयभीत हैं।
जानकारी के बाद बीडीओ ने हैंडपंप का हैंडिल निकलवा दिया है। ग्रामीणों को इस हैंडपंप का पानी न पीने की सलाह दी गई है। माना जा रहा है कि बोरिंग में गड़बड़ी से यह समस्या बनी है।
अड़ियार निवासी चंद्रकेश गौतम के घर के पास लगा इंडिया मार्का हैंडपंप से पिछले कई दिनों से पानी के साथ सांप के छोटे-छोटे बच्चे भी बाहर आ रहे हैं। पहले तो लोगों ने एक-दो बच्चे कहीं से आ जाने का समझकर अनदेखा किया, लेकिन लगातार यह क्रम बना रहने से लोगों में भय बन गया है।
चिंता की बात है कि आसपास कोई अन्य जलस्रोत न होने से लोगों को मजबूरी में उसी पानी को छानकर पीना पड़ रहा है। ग्रामीण इस घटना से सहमे हुए हैं। उन्होंने इसकी सूचना ग्राम प्रधान राजेश यादव के माध्यम से बीडीओ को दी।
बीडीओ राजीव सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। हैंडपंप का हैंडिल सहित ऊपरी हिस्सा हटवा दिया गया है। ग्रामीणों को हिदायत दी गई है कि वह इसका पानी न पीएं। पानी की जांच कराई जाएगी।