कानपुर में डीएसपी सहित 8 पुलिसकर्मियों की हत्या में वांछित 5 लाख इनामी विकास दूबे की तलाश में बुधवार को कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान प्लेटफॉर्म, यात्री हाल और सर्कुलेटिंग एरिया के पार्किंग स्थलों के आसपास विकास दुबे के पोस्टर चस्पा किए गए।
Vikas Dubey News:पूर्वांचल में विकास दूबे की खैर नहीं, वाराणसी और जौनपुर में सर्च अभियान तेज
विकास दुबे की तलाश में खंगाले गए होटल
आठ पुलिस कर्मियों की हत्या कर फरार विकास दुबे की तलाश में जौनपुर जिले की पुलिस ने भी बुधवार की शाम सर्च अभियान चलाया। पांच लाख के इनामी विकास दुबे को जिले में छिपने की कोई सूचना तो नहीं थी लेकिन एहतियातन पुलिस ने शहर के कई होटलों में तलाशी ली। इस कार्रवाई में पुलिस को विकास दुबे का कोई सुराग नहीं लगा।
फरार विकास दुबे की तलाश के लिए जिले के अन्य थानों की पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है। सभी चौकीदारों और शांति समिति के पदाधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि गांव में अगर कोई संदिग्ध दिखता है तो उसे कतई हल्के में न लें। उसकी सूचना फौरन पुलिस को दें।
एएसपी नगर डॉ. संजय कुमार का कहना है कि वैसे तो लॉकडाउन को देखते हुए सभी होटल बंद हैं फिर भी नगर के सभी होटलों की तलाशी ली जा रही है। सभी थाने और चौकीदारों को भी अलर्ट कर दिया गया है। जेसीज चौराहा, सिपाह, पॉलीटेक्निक चौराहा, नईगंज, सुतहट्टी, सिपाह आदि इलाकों के होटलों में छापेमारी की गई। सभी होटलों के कमरे बंद मिले। भारी फोर्स के साथ अचानक होटलों में छापेमारी को देख होटल कारोबारियों और आस पास के लोगों में भी हड़कंप मचा रहा।