Varanasi: विंध्याचल से लौट रही दर्शनार्थियों से भरी स्कॉर्पियो कंटेनर में घुसी, 11 घायल
वाराणसी-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर तमाचाबाद के पास शुक्रवार को विंध्याचल से लौट रही दर्शनार्थियों से भरी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर खड़े कंटेनर में जा घुसी। हादसे में स्कॉर्पियो 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत गंभीर है।
विस्तार
वाराणसी-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर तमाचाबाद के पास शुक्रवार को विंध्याचल से बनारस आ रही दर्शनार्थियों से भरी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर खड़े कंटेनर में जा घुसी। हादसे में स्कॉर्पियो 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। एक महिला की हालत गंभर होने पर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। चालक कंटेनर लेकर फरार हो गया।
मऊ जिले के मोहम्मदाबाद सैदपुर के संतोष चौहान अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ स्कॉर्पियो से विंध्याचल आए थे। दर्शन-पूजन के बाद शुक्रवार को सभी वापस लौट रहे थे। नेशनल हाईवे पर तमाचाबाद स्थित ढाबे के समीप स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर खड़े कंटेनर में जा घुसी। मौके पर चीख-पुकार मच गई।
स्कॉर्पियो सवार लोग वाहन में ही फंस गए। राहगीर और ग्रामीण मोके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना देने के साथ ही राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया। जहां से महिमा चौहान (42) को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
ये भी पढ़ें: सीएम योगी बोले- सोनभद्र जिले को नंबर वन बनाने के लिए काम कर रही सरकार, विकास में व्यवधान डाल रहा विपक्ष
संतोष चौहान (40), अजय चौहान (44), महिमा चौहान (39), अंशिका चौहान (17), उषा चौहान (36), उमा चौहान, भूपेंद्र चौहान (46), प्रियंका चौहान (16), प्रशांत चौहान, शीला चौहान और उपेंद्र चौहान का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इधर, घटनास्थल पर पुलिस के पहुंचने के पहले ही चालक कंटेनर लेकर वाराणसी की ओर भाग निकला।
जहां हुआ हादसा वह बना दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र
स्थानीय लोगों ने बताया कि नेशनल हाईवे पर जिस स्थान पर हादसा हुआ है, वह दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र बन गया है। सर्विस लेन पर चौबीसों घंटे वाहन खड़े रहते हैं और जाम लगा रहता है। वहीं, जिन वाहनों को सर्विस लेन पर जगह नहीं मिल पाती है वह नेशनल हाईवे पर खड़े हो जाते हैं। इसके चलते रोजाना जाम लगने के साथ ही दुर्घटनाएं होती रहती हैं।