वाराणसी: सोमवार से पहले कांवरिया पहुंचे बाबा के द्वार, 55 हजार भक्तों ने किया जलाभिषेक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सावन में बाबा को जल अर्पित करने के लिए शिवभक्तों के काशी आने का सिलसिला लगातार जारी है। सावन की प्रतिपदा से रोजाना हजारों की संख्या में शिव भक्त बाबा विश्वनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए आ रहे हैं।
रविवार को भगवान शिव की नगरी बोल-बम और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठी। गंगा तट से लेकर मंदिर परिक्षेत्र की गलियों में केसरिया वेशधारी कांवरिया और भक्तों की लंबी-लंबी कतार लग रही है। शनिवार को भी बाबा दरबार में लगभग 55 हजार भक्तों ने दर्शन पूजन किया।
शनिवार को मंगला आरती के बाद से ही बाबा विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन के लिए भक्तों की कतार लगनी शुरू हो गई थी। मां सदानीरा के जल से स्नान के बाद कांवर में जल भरकर भक्त बाबा के दरबार पहुंचने लगे थे। हर-हर महादेव का जयघोष करते हुए नंगे पांव भक्तों का रेला मंदिर की ओर बढ़ने लगा।
दिन चढ़ने के साथ ही भक्तों की कतार लंबी होने लगी थी। सुगम दर्शन काउंटर पर भी बाबा के दर्शन के लिए लंबी कतार लगी रही। सावन के पहले सोमवार पर दर्शन-पूजन के लिए मंदिर परिसर में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। शहर के सभी प्रमुख शिव मंदिरों में भी सावन के पहले सोमवार पर दर्शन के लिए इंतजाम किए जा रहे हैं।