रविदास जयंती 2022: वाराणसी के सीर गोबर्धन में उमड़ेगा अनुयायियों का रेला, सुरक्षा व्यवस्था का एडिशनल सीपी ने लिया जायजा
वाराणसी के एडिशनल पुलिस आयुक्त अनिल कुमार सिंह शनिवार को सीर गोवर्धन पहुंचे। संत रविदास जयंती की तैयारियों का जायजा लिया और मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कई निर्देश दिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
संत रविदास की जयंती समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। संत रविदास की कर्मस्थली वाराणसी के सीर गोवर्धन में संत के सपनों का गांव बेगमपुरा अब आकार ले लिया है। सेवादारों के जत्थों का पहुंचना भी शुरू हो गया है। जयंती की तैयारियों का जायजा और निरीक्षण करने एडिशनल आयुक्त अनिल कुमार सिंह (लॉ एंड ऑर्डर) शनिवार दोपहर बाद सीरगोवर्धनपुर पहुंचे।
मंदिर ट्रस्टी के एल सरोवा के साथ मेला क्षेत्र को घूमकर देखा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर इस बार दो पुलिस चौकियां बनाने का निर्देश दिए। पुलिस चौकी में दो चौकी प्रभारी एवं एक इंस्पेक्टर मॉनिटरिंग करेंगे। साथ ही वाहनों के लिए दो पार्किंग की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। सुरक्षा को लेकर नगर निगम की ओर से सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं।
निरीक्षण में डीसीपी काशी जोन आरएस गौतम, एडीसीपी काशी राजेश पांडेय, एसीपी भेलूपुर प्रवीण कुमार, लंका इंस्पेक्टर वेदप्रकाश राय तथा थाने की पुलिस फोर्स रही। बनारस में गुरु रविदास के दरबार में हाजिरी लगाने के लिए उनकी जयंती पर सीर गोवर्धन में अनुयायियों का रेला उमड़ता है।
पंजाब और हरियाणा से आए सेवादारों ने संभाली कमान
पंजाब और हरियाणा से आए सेवादारों ने सेवा की कमान भी संभाल ली है। जत्थे के पहुंचने के साथ ही संत रविदास मंदिर में सुबह और शाम की अमृतवाणी का पाठ भी आरंभ हो गया। मेले की रंगत 10 फरवरी से और भी चटख होने लगेगी। मेले की दुकानें भी सजने लगेंगी।
सीर में सज गया तंबुओं का शहर
संत गुरु रविदास की जयंती की तैयारियां सीर गोवर्धनपुर में तेजी से चल रही है। सीर में अब तंबुओं का शहर सज चुका है। जिला प्रशासन ने भी मेला क्षेत्र में इंतजाम चाक-चौबंद करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी शौचालय, पानी, सड़क और बिजली के इंतजाम किए जा रहे हैं।
मंदिर के प्रमुख संत निरंजन दास अपने भक्तों और संतों के साथ 13 फरवरी को पंजाब से रवाना होंगे और 14 फरवरी को काशी पहुंचेंगे। 16 फरवरी के आयोजन में हिस्सा लेने के बाद वह 18 को स्पेशल ट्रेन से पंजाब रवाना होंगे।