देश विभाजन और बांग्लादेश निर्माण के समय भारत का हिंदू राष्ट्र घोषित न होना ऐतिहासिक भूल- भाजपा सांसद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सलेमपुर से भाजपा सांसद रवींद्र कुशवाहा ने कहा कि देश के विभाजन और बांग्लादेश के निर्माण के समय देश को हिंदू राष्ट्र घोषित कर देना चाहिए था। इस ऐतिहासिक भूल के चलते देश को आतंकी गतिविधियों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने दावा किया है कि आने वाले समय में भारत हिंदू राष्ट्र घोषित होगा।
मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद कुशवाहा ने कहा कि देश के विभाजन और बांग्लादेश के निर्माण के समय देश को हिंदू राष्ट्र घोषित न करने से ऐतिहासिक भूल हुई है। उन्होंने कहा है कि बंटवारे के समय जब पाकिस्तान और 1971 में बांग्लादेश ने जिस तरह स्वयं को इस्लामी राष्ट्र घोषित किया, उसी तर्ज पर भारत को भी स्वयं को हिंदू राष्ट्र घोषित कर देना चाहिए था।
उन्होंने इसके साथ ही कहा कि धर्म निरपेक्षता के नाम पर ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि हिंदू राष्ट्र घोषित न होने के कारण देश को आतंकी गतिविधियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हिंदू राष्ट्र घोषित न करने के कारण ही नागरिक संशोधन बिल पारित कराने के साथ ही कश्मीर से धारा 370, तीन तलाक आदि हटाने की जरूरत पड़ी है। उन्होंने कहा कि एनआरसी को देश में लागू करने का कदम स्वागत योग्य है।
इसके जरिए देश में उग्रवादी तत्वों को पहचान कर उनको देश से बाहर निकालने का कार्य होगा। सांसद कुशवाहा ने सपा, बसपा, वामपंथी दलों और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, यह दल अल्पसंख्यकों को उग्रवाद के रास्ते पर ले जा रहे हैं। इन दलों को भारत के अल्पसंख्यकों की चिंता नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों की शह पर देश में उग्रवादी घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने समाज विरोधी घटनाओं पर कार्रवाई को लेकर योगी सरकार की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि वास्तव में भारत हिंदू राष्ट्र ही है। भले ही यह हिंदू राष्ट्र घोषित न हुआ हो, क्योंकि इस देश में 85 फीसदी हिंदू रहते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज नहीं तो कल भारत हिंदू राष्ट्र घोषित होकर ही रहेगा।
उन्होंने संसद में एआईएमआईएम नेता असदउद्दीन ओवैसी के बयान का हवाला देते हुए कहा कि ओवैसी भी मानते हैं कि मोदी सरकार में देश हित में उठाए गए कदम हिंदू राष्ट्र बनाने की दिशा में ही हैं। ऐसे में भारत का हिंदू राष्ट्र बनना देश हित में है।