फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   RPF Inter-divisional Cricket Final Varanasi Division team misses out on the title Lucknow wins

आरपीएफ अंतरमंडलीय क्रिकेट फाइनल: वाराणसी मंडल की टीम खिताब से चूकी, लखनऊ ने 3 विकेट से जीता; पढ़ें अन्य खबरें

Mon, 19 Oct 2026 05:25 PM IST
किशन चौबे अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी Published by: किशन चौबे Updated Mon, 19 Oct 2026 05:25 PM IST
सार

पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल की ओर से लहरतारा के मिनी स्टेडियम में आयोजित आरपीएफ अंतरमंडलीय क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में लखनऊ मंडल ने वाराणसी मंडल को तीन विकेट से हराकर खिताब जीता।

विज्ञापन
RPF Inter-divisional Cricket Final Varanasi Division team misses out on the title Lucknow wins
आरपीएफ क्रिकेट प्रतियोगिता - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल की ओर से लहरतारा स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) अंतरमंडलीय क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल रविवार को खेला गया। इसमें लखनऊ मंडल ने वाराणसी मंडल को तीन विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया।

विज्ञापन


टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वाराणसी मंडल की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 144 रन बनाए। विवेक राय ने 33 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 45 रन और रामप्रवेश यादव ने 19 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 24 रन बनाए। लखनऊ मंडल की ओर से रामनरेश यादव ने तीन ओवर में 18 रन देकर तीन विकेट और जय सिंह ने चार ओवर में 20 रन देकर दो विकेट लिए।
विज्ञापन


145 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ मंडल की टीम ने 19.3 ओवर में सात विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। निखिल पासवान ने 31 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 43 रन और राजेश ने 24 रन बनाए।
विज्ञापन
विज्ञापन


बीएलडब्ल्यू जूनियर्स ने छह विकेट से जीता मुकाबला
वाराणसी। आर्य विद्या सभा के खेल मैदान पर रविवार को सनशाइन कप अंडर-19 जिलास्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का मुकाबला खेला गया। इसमें बीएलडब्ल्यू जूनियर्स ने जय नारायण घोषाल क्रिकेट क्लब को छह विकेट से हराया।

टॉस जीतकर बीएलडब्ल्यू जूनियर्स ने पहले क्षेत्ररक्षण चुना। जय नारायण घोषाल क्लब ने निर्धारित 35 ओवर में नौ विकेट पर 147 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बीएलडब्ल्यू जूनियर्स ने 27.3 ओवर में चार विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। बीएलडब्ल्यू के कप्तान विशाल कुमार ने छह ओवर में 21 रन देकर दो विकेट लिए। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
 

Trending Videos

RPF Inter-divisional Cricket Final Varanasi Division team misses out on the title Lucknow wins
ताइक्वांडो - फोटो : अमर उजाला
ताइक्वांडो में 60 खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा
वाराणसी। वुल्फ ताइक्वांडो अकादमी में जिला ताइक्वांडो संघ की ओर से रविवार को 2026 की तीसरी कलर बेल्ट परीक्षा कराई गई। इसमें 60 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने येलो बेल्ट से रेड वन बेल्ट तक विभिन्न स्तरों पर अपनी तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया। सभी खिलाड़ियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की।

जिला ताइक्वांडो संघ के सचिव चंद्रभान पटेल ने मुख्य परीक्षक के रूप में खिलाड़ियों का मूल्यांकन किया। इस अवसर पर प्रकाश यादव, अंशिका सेठ, वंदना यादव, प्रसाद साहनी, सुनील विश्वकर्मा और अखंड प्रताप मौजूद रहे। आयोजन सचिव गौरव कुमार ने बताया कि परीक्षा का उद्देश्य खिलाड़ियों की तकनीकी योग्यता और प्रशिक्षण स्तर का आकलन करना है।

कलर बेल्ट परीक्षा में 50 खिलाड़ी सफल
वाराणसी। जिला ताइक्वांडो संघ के तत्वावधान में पुअरी कला, प्रेमनगर स्थित पैरेंट्स टीचर्स मार्शल आर्ट एकेडमी में रविवार को तीसरी कलर बेल्ट परीक्षा हुई। इसमें 150 खिलाड़ियों ने अलग-अलग स्तर की परीक्षा दी, जिसमें 50 खिलाड़ी सफल हुए।

संघ के सचिव चंद्रभान पटेल ने बताया कि परीक्षा 2026 के लिए आयोजित की गई थी। खिलाड़ियों ने यलो, ग्रीन, ब्लू, ब्लू वन और रेड वन बेल्ट के लिए अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया। संचालन कोच अंकिता वर्मा और धन्यवाद ज्ञापन अनंत वर्मा ने किया।

 

मां राधिका इंटर कॉलेज में बनेगा इंडोर स्टेडियम
सिंधौरा। ओदार गांव स्थित मां राधिका इंटर कॉलेज परिसर में इंडोर स्पोर्ट्स स्टेडियम के निर्माण के लिए रविवार को भूमि पूजन किया गया। विद्यालय की संस्थापिका राधिका पाठक और डॉ. विपिन पाठक ने भूमि पूजन किया।

भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष (एनजीओ प्रकोष्ठ) डॉ. विपिन पाठक ने कहा कि स्टेडियम का निर्माण ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को खेलों की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उनकी प्रतिभा निखारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इंडोर स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट, लॉन टेनिस, कबड्डी समेत कई खेलों की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

विवेक एकेडमी ने गंगापुर को 3-0 से हराया
वाराणसी। गंगापुर इंटर कॉलेज मैदान पर स्व. गुलाब प्रसाद मौर्य स्मृति 11वीं एक दिवसीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। फाइनल में विवेक एकेडमी की बालिका टीम ने गंगापुर एकेडमी को 3-0 से हराकर खिताब जीता।

विवेक एकेडमी ने 10वें मिनट में पहला गोल कर बढ़त बनाई। 42वें मिनट में आशु ने पेनाल्टी कॉर्नर पर दूसरा गोल किया। खेल के अंतिम मिनट में बबीता ने तीसरा गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की। विनोद कुमार सिंह एडवोकेट और सभासद करन गुप्ता विशिष्ट अतिथि रहे।

 

खरगीपुर के इनामी दंगल में आजमाएंगे दांव
चिरईगांव। ब्लॉक के खरगीपुर गांव स्थित भगवती धाम इंटर कॉलेज के खेल मैदान में सोमवार को दिवंगत शरण शंकर सिंह नेपाली की स्मृति में इनामी दंगल होगा। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले नामी पहलवान दांव-पेच आजमाएंगे।

आयोजक फौजी शत्रुघ्न सिंह और ग्राम प्रधान गीतांजलि सिंह ने बताया कि ग्रामीणों के सहयोग से वर्षों से कुश्ती दंगल की परंपरा को आगे बढ़ाया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देना और दंगल कला को संरक्षित करना है।

सिंथेटिक ट्रैक पर प्रदर्शन की होगी चुनौती
वाराणसी। 70वीं प्रदेशीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल के एथलीट सिंथेटिक ट्रैक पर चुनौती पेश करेंगे। प्रतियोगिता 27 से 31 अक्तूबर तक प्रयागराज में होगी। वाराणसी जनपद और मंडल की एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं मिट्टी के ट्रैक पर हुई थीं। ऐसे में खिलाड़ियों के सामने सिंथेटिक ट्रैक पर बेहतर प्रदर्शन करने की चुनौती होगी।

जिन एथलीटों के पास सिंथेटिक ट्रैक पर दौड़ने के लिए स्पाइक्स नहीं हैं, उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम और लालपुर में आधुनिक सिंथेटिक ट्रैक उपलब्ध हैं। खेल विभाग इन्हें शिक्षा विभाग को निशुल्क उपलब्ध कराता है, इसके बावजूद प्रतियोगिताएं मिट्टी के ट्रैक पर कराई जाती हैं।

कबड्डी में छह बालिका टीमों ने दिखाई फुर्ती
रोहनिया। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर रविवार को सृजन सेवा ट्रस्ट, लठियां-बच्छाव और महिला-किशोरी संगठन के संयुक्त तत्वावधान में बच्छाव पंचायत भवन पर कार्यक्रम हुआ। इस दौरान किशोरी कबड्डी प्रतियोगिता भी कराई गई।

प्रतियोगिता में बेटवार, कुरुहुआ, मुड़ादेव, बच्छाव, टिकरी और करसड़ा की छह टीमों ने हिस्सा लिया। खनाव की टीम ने कुरुहुआ को 9-2 से हराकर पहला स्थान हासिल किया। कुरुहुआ दूसरे और टिकरी की टीम तीसरे स्थान पर रही। कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक और भाषण के माध्यम से बालिका शिक्षा और लैंगिक समानता का संदेश दिया गया।

 

पंजाब में सनबीम लहरतारा बनी सीबीएसई राष्ट्रीय शतरंज चैंपियन
वाराणसी। सनबीम लहरतारा की अंडर-17 बालक टीम ने सीबीएसई राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप 2026 का खिताब जीत लिया। प्रतियोगिता पंजाब के जालंधर स्थित ला ब्लॉसम्स स्कूल में 14 से 18 अक्तूबर तक हुई।

चैंपियन टीम में प्रखर त्रिपाठी, अर्णव अग्रवाल, माज़ इकबाल, अजय पार्वथा रेड्डी और श्रेयांश सिंह शामिल रहे। श्रेयांश सिंह को बोर्ड विनर का सम्मान भी मिला। विद्यालय की अंडर-11 सब जूनियर बालक टीम ने प्रतियोगिता में दूसरा उपविजेता स्थान हासिल किया।

प्रादेशिक फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए वाराणसी मंडल की टीम घोषित
वाराणसी। सीनियर इंटर रीजन पुरुष फुटबॉल चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए वाराणसी मंडल की टीम घोषित कर दी गई है। जिला फुटबॉल एसोसिएशन वाराणसी के अवैतनिक सचिव मो. शाहिद ने बताया कि चयन परीक्षण 17 और 18 अक्तूबर को डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सिगरा में हुआ।

परीक्षण के बाद 19 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। चैंपियनशिप 23 से 30 अक्तूबर तक होगी। चयनित खिलाड़ियों में आकाश चौधरी, सदाकत खान, मोहसिन खान, रशीद अनवर, प्रशांत कुमार यादव, जावेद अहमद, पर्व कुमार, सलमान खान, अजय चौहान और अंकित सिंह शामिल हैं।
 


राष्ट्रीय स्कूली रग्बी में खेलेंगे काशी के 24 खिलाड़ी
वाराणसी। दिल्ली में 23 से 28 अक्तूबर तक होने वाली राष्ट्रीय स्कूली रग्बी प्रतियोगिता में वाराणसी के 24 खिलाड़ी उत्तर प्रदेश की टीम से हिस्सा लेंगे। सभी खिलाड़ी इन दिनों शिविर में प्रशिक्षण ले रहे हैं। प्रदेश टीम 22 अक्तूबर को दिल्ली के लिए रवाना होगी।

वाराणसी के खिलाड़ी सब जूनियर अंडर-14 और जूनियर अंडर-17 वर्ग में खेलेंगे। प्रदेश की बालिकाओं को पहली बार इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का मौका मिला है। जिला रग्बी संघ के अध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने बताया कि सभी चयनित बालिकाएं ग्रामीण क्षेत्र से हैं। तीन साल की मेहनत के बाद 24 बालिकाओं को एक साथ राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलने का अवसर मिला है। इनमें 12 खिलाड़ी अंडर-14 और 12 अंडर-17 वर्ग में उतरेंगी।

बैडमिंटन खिलाड़ियों को फुटवर्क और शॉर्ट का प्रशिक्षण
वाराणसी। विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद, बीएचयू की ओर से डॉ. विभूति नारायण इंडोर हॉल में बैडमिंटन खिलाड़ियों को फुटवर्क और शॉर्ट मारने का प्रशिक्षण दिया गया। क्रीड़ा परिषद के सहायक निदेशक प्रो. राजीव सिंह ने बताया कि एक सत्र में 30 खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं।

महासचिव प्रो. एके नेमा ने बताया कि खिलाड़ियों के लिए सालभर अलग-अलग सत्रों में प्रशिक्षण आयोजित किए जाते हैं।

बालिका सीनियर कबड्डी में वाराणसी मंडल चैंपियन
वाराणसी। 70वीं माध्यमिक स्कूली प्रादेशिक कबड्डी प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल की अंडर-19 बालिका टीम ने खिताब जीत लिया। प्रतियोगिता गोरखपुर के पीएमश्री राजकीय जुबली इंटर कॉलेज में 14 से 17 अक्तूबर तक हुई।

वाराणसी मंडल की टीम ने अंडर-19 बालिका वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। अब टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी। इस वर्ग में आगरा दूसरे और आजमगढ़ तीसरे स्थान पर रहा। हालांकि अन्य पांच वर्गों में वाराणसी मंडल की टीमें शीर्ष चार में भी जगह नहीं बना सकीं। ऐसे में अंडर-19 बालिका वर्ग का खिताब वाराणसी के लिए खास उपलब्धि रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed