UP News: वाराणसी में भीषण हादसा... डिवाइडर से टकराकर पलटा टैंकर, उड़े परखच्चे, चालक-सहायक की मौत
Varanasi News: वाराणसी जिले में मंगलवार की भोर में भीषण हादसा हुआ। इसमें चालक और उसके सहायक की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब सीमेंट लदा टैंकर जौनपुर की तरफ जा रहा था।
विस्तार
चौबेपुर थाना क्षेत्र के संदहा में रिंग रोड चौराहे पर मंगलवार सुबह 4 बजे डिवाइडर से टकराकर लिक्विड लदा सीमेंट टैंकर पलटने से चालक रामकुमार यादव (25) और सहायक चालक भोलानाथ यादव (36) की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मध्य प्रदेश के रीवा निवासी रामकुमार और भोलानाथ प्रिज्म सीमेंट कंपनी में टैंकर चालक थे। सोमवार रात रीवा स्थित कंपनी से ओपीसी 43 लिक्विड सीमेंट लोड कर जौनपुर के केराकत के लिए निकले। सुबह 4 बजे संदहा रिंगरोड चौराहे के पश्चिमी छोर पर पुल की एक लेन पर बड़े वाहनों को रोकने के लिए लगाए गए अवरोधक डिवाइडर में टकरा गए। टक्कर लगते ही टैंकर पलट गया।
घटनास्थल पर भाग कर पहुंचे लोग
हादसे में दबकर दोनों घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। चौबेपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि दोनों चालकों के पास से बरामद आधार कार्ड से परिजनों को सूचना दी गई।
इसे भी पढ़ें; UP: कफ सिरप मामले की जांच करेगी तीन सदस्यीय एसआईटी, ईडी-आयकर विभाग भी कसेगा शिकंजा; पढें- पूरा मामला