Varanasi: सड़क हादसे में बुजुर्ग समेत पांच की मौत और एक घायल, छात्रों से भरी मैजिक में ट्रैक्टर ने मारी टक्कर
वाराणसी में गुरुवार को अलग-अलग हुए सड़क हादसों में बुजुर्ग समेत पांच लोगों के मौत हो गई। साथ ही, एक युवक घायल हो गया। सूचना पाकर पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी के हरपुर गांव के सामने रिंग रोड फेज-2, गोसाईपुर बाजार और खजूरी गांव में गुरुवार को सड़क हादसे में एक बुजुर्ग और दो युवकों की मौत हो गई। साथ ही, एक युवक घायल हो गया। सूचना पाकर जंसा, चोलापुर और मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने तीनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। दो हादसे गुरुवार देर रात हुए। कठिरांव (लठिया) गांव के सामने पिंडरा-मड़ियाहूं मार्ग पर तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार अनिल पटेल (33) की मौत हो गई। कैंट रेलवे स्टेशन के समीप तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से चौकाघाट फ्लाईओवर के पिलर संख्या-74 से जा टकराए एक युवक की मौत हो गई। हादसे की सूचना पाकर पहुंची सिगरा थाने की पुलिस शव की पहचान नहीं करा सकी।
चोलापुर थाना क्षेत्र के भोहर गांव का निवासी आशीष कुमार गौड़ (32) प्लंबर का काम करता था। वह अपनी बाइक से गोसाईपुर गांव में काम करने जा रहा था। उसी दौरान आजमगढ़ से वाराणसी की ओर जा रहा बाइक सवार उससे टकरा गया।
हादसे में आशीष की मौत हो गई और दूसरी बाइक पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तीन बेटियों के पिता आशीष की मौत की सूचना पाकर उसकी पत्नी गुड़िया की हालत बेसुधों जैसी थी। परिजनों ने बताया कि आशीष अपने घर का इकलौता बेटा था।
ये भी पढ़ें: आजमगढ़ और विंध्य मंडल में छिटपुट घटनाओं के बीच पड़े वोट, कई जगह भाजपा और सपा कार्यकर्ता भिड़े
बदल रहे थे टायर, तेज रफ्तार वाहन ने कुचला
उधर, मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खजूरी गांव में नेशनल हाईवे पर पिकअप का टायर बदल रहे फरीदाबाद निवासी चालक रामप्रसाद (40) को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में रामप्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। रामप्रसाद के समीप ही खड़ा उसकी पत्नी का भाई संजीव कुमार बाल-बाल बच गया। संजीव ने बताया फरीदाबाद से पिकअप पर मशीन के पार्ट्स लादकर हम लोग झारखंड जा रहे थे। खजूरी गांव में नेशनल हाईवे पर पहुंचते ही टायर फट गया। इस पर रामप्रसाद पिकअप का टायर बदल रहे थे।
उसी दौरान प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप पर टक्कर मार कर रामप्रसाद को कुचल दिया। हादसे के कारण नेशनल हाईवे पर कुछ देरी के लिए आवागमन बाधित रहा। हरपुर गांव के सामने रिंग रोड फेज-2 पर गुरुवार को तेज रफ्तार चारपहिया वाहन की टक्कर से घायल मोपेड सवार बुजुर्ग की उपचार के दौरान बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। सूचना पाकर जंसा थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
छात्रों से भरी मैजिक में ट्रैक्टर ने मारी टक्कर
चमरहा नई बाजार में गुरुवार सुबह स्कूली छात्रों से भरी मैजिक में ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। टक्कर से मैजिक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में कुछ बच्चों को भी मामूली चोट लगी। मैजिक चोलापुर क्षेत्र के उदयपुर स्थित एक स्कूल की थी। हादसे के समय मैजिक में बच्चों को लेकर चालक स्कूल जा रहा था।
बुजुर्ग ने अस्पताल में तोड़ा दम
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के छोटी खजूरी गांव निवासी किसान नरेंद्र (72) मंगलपुर से दवा लेकर हरसोस की तरफ से अपने घर जा रहे थे। वह हरपुर गांव के सामने पहुंचे थे कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उनकी मोपेड में जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसे के बाद चार पहिया वाहन छोड़ कर आरोपी चालक भाग निकला। ग्रामीणों की सूचना पर बुजुर्ग को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान देर शाम उनकी मौत हो गई। तीन बेटों के पिता नरेंद्र की मौत के बाद उनकी पत्नी रेनू देवी की हालत बेसुधों जैसी थी।
युवक की पत्नी ने दर्ज कराया मुकदमा
नवापुरा की शशी किन्नर ने शिवपुर थाने में दारानगर निवासी किशन यादव और अर्पित भट्ट उर्फ देवेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। शशी किन्नर के अनुसार बीते चार मई की रात उसके पति आदिल अहमद उर्फ लालू को जबरन अपने साथ किशन और देवेश खजुरी में एक बारात में ले गए थे। अर्पित यादव उर्फ देवेश नशे की हालत में चारपहिया वाहन चला रहा था। इस वजह से शिवपुर क्षेत्र में वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में उसके पति सहित दो लोगों की मौत हो गई।