मिर्जामुराद। अराजीलाइन ब्लाक स्थित गौर गांव के प्रधानी चुनाव की पुनर्मतगणना टल गई। एसडीएम राजातालाब कोर्ट में दाखिल मामले में शनिवार को पुनर्मतगणना होनी थी। हालांकि मिर्जामुराद पुलिस की आख्या रिपोर्ट पर राजातालाब एसडीएम सिद्धार्थ यादव ने पुनर्मतगणना को स्थगित कर दिया। वहीं उच्च न्यायालय में संबंधित रिट याचिका के पारित होने वाले आदेश केक्रम में पुनर्मतगणना की तिथि निर्धारित की जाएगी। रिट याचिका की सुनवाई नौ सितंबर को है। मिर्जामुराद पुलिस ने प्रत्याशी सहित तेरह लोगों को शांति भंग की आशंका में निरुद्ध किया।
गौर के ग्राम प्रधान पद चुनाव के मतगणना व चार्ट में मतों की जोड़ में धांधली बरतने समेत अन्य विभागीय त्रुटियों का आरोप लगाने के साथ पुन: मतगणना कराए जाने के लिए प्रधान पद के प्रत्याशी रहे शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने एसडीएम (राजातालाब) के न्यायालय में वाद दाखिल किया था। एसडीएम द्वारा निर्वाचित ग्राम प्रधान विजय गुप्ता समेत नौ प्रत्याशियों को नोटिस जारी कर अपना-अपना संबंधित पक्ष प्रस्तुत करने को कहा था। दोनों पक्षों को सुनने के बाद न्यायालय उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ यादव ने मतगणना की कार्रवाई दूषित होने के कारण निरस्त करते हुए पुनर्मतगणना कराए जाने के लिए आदेश पारित किया, जो न्यायालय उपजिलाधिकारी राजातालाब में चार सितंबर को पुनर्मतगणना की तिथि नियत की गई थी।