ग्रीष्मकालीन टी-20 क्रिकेट: 223 रन के बड़े स्कोर का पीछा करने में बिखर गई विद्युत विभाग की टीम, 138 पर ऑलआउट
ग्रीष्मकालीन टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में पहली पाली में आरपीएफ और विद्युत विभाग के बीच मुकाबला हुआ। इस दौरान 223 रन के बड़े स्कोर का पीछा करने में विद्युत विभाग की टीम बिखर गई।
विस्तार
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल की ओर से आयोजित ग्रीष्मकालीन टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन रेलवे सुरक्षा बल और लेखा विभाग ने लीग मुकाबले जीतकर अगले चक्र में प्रवेश कर लिया है। बुधवार को हुई प्रतियोगिता में दो मुकाबले खेले गए। पहली पाली में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और विद्युत विभाग के बीच हुआ। दूसरी पाली में लेखा विभाग और चिकित्सा विभाग की टीमें आमने-सामने रहीं।
पहले मैच में रेलवे सुरक्षा बल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। आरपीएफ के बल्लेबाजों ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 223 रन का विशाल स्कोर बनाया। आरपीएफ की ओर से रामप्रवेश ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 41 गेंद पर 7 चौके और 2 छक्कों की मदद से 61 रन बनाए।
224 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी विद्युत विभाग की टीम दबाव में आ गई और नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम 18 ओवरों में महज 138 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। विद्युत विभाग के शशिकांत ने जुझारू पारी खेलते हुए केवल 25 गेंद पर 13 चौकों की मदद से 58 रन बनाए। इसके बाद भी टीम को जीत नहीं मिल पाई। आरपीएफ के राम बहादुर को उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड मिला।
दूसरी पाली में टूर्नामेंट का चौथा मैच लेखा विभाग और चिकित्सा विभाग के बीच खेला गया। लेखा विभाग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। लेखा विभाग के अखिलेश ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए मात्र 45 गेंदों में 92 रन बनाए। इसमें 11 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। इस तरह लेखा विभाग ने 19.3 ओवरों में 196 रनों का मजबूत स्कोर बनाया।
197 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए चिकित्सा विभाग की टीम 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 154 रन ही बना सकी। इस तरह लेखा विभाग ने यह मुकाबला 42 रनों से जीत लिया। लेखा विभाग के आकाश पांडेय को उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 4 ओवरों में 24 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके।