वाराणसी: चीनी मांझे से मौत के जिम्मेदार ‘अज्ञात’ हैं, पुराने मामले और उसकी जांच पर खड़े हुए सवाल
वाराणसी में चीनी मांझे से कारोबारी की मौत और मामले में हुई कार्रवाई के बाद पुराने मामलों और उनकी जांच पर सवाल खड़े हो गए हैं। मांझे से पहले हुई चार मौत के मामले में एक भी जिम्मेदार नहीं मिला है। हर मामले में अज्ञात के खिलाफ अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया गया है।
विस्तार
वाराणसी में साड़ी कारोबारी सुनील कुमार गुजराती की चीनी मांझे से मौत के बाद पुलिस की कार्रवाई में तेजी आई है। प्राथमिकी दर्ज करके जांच-पड़ताल भी शुरू कर दी गई। लेकिन पुराने मामले और उसकी जांच व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं। मांझे से पहले हुई चार मौत के मामले में एक भी जिम्मेदार नहीं मिला है। हर मामले में अज्ञात के खिलाफ अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया गया है। अब पांचवें मामले की जांच चल रही है।
दूसरी तरफ 24 घंटे में कमिश्नरेट पुलिस ने आठ प्राथमिकी दर्ज की और 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया। 137 किलो से अधिक चीनी मांझे बरामद भी किए। नदेसर के संदीप गुप्ता की बेटी कृतिका की चीनी मंझे ने 29 अगस्त 2020 में पांडेयपुर फ्लाईओवर पर जान ले ली। लालपुर-पांडेयपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई और चार्जशीट तक कोर्ट में दाखिल हो गई। मगर, आरोपी को पुलिस ढूंढ़ नहीं सकी। छह साल से पिता संदीप अब भी न्याय के इंतजार में है।
भदोही के आकाश शुक्ला अपने परिवार के इकलौते थे और चौकाघाट फ्लाईओवर पर 5 जून 2021 को बाइक सवार आकाश की चीनी मांझे ने गर्दन रेत दी। आकाश ने हफ्ते भर बाद दम तोड़ दिया। चेतगंज थाने में गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई थी, चार्जशीट कोर्ट में दाखिल हुई और सजा आज तक किसी को नहीं हुई।
दिसंबर 2021 में गोलाघाट निवासी वैश अंसारी का सामनेघाट-रामनगर पुल पर चीनी मांझे ने गला रेत दिया था। बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती वैश की 11 जनवरी 2022 को मौत हो गई थी। रामनगर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। फाइनल रिपोर्ट लग गई और अब भी परिजन न्याय के इंतजार में हैं।
इसे भी पढ़ें; काशी में सीएम योगी का संदेश: धन के लिए धर्म नहीं त्यागेंगे, युद्ध छिड़ा तो बम-गोले भी दागेंगे
31 दिसंबर 2024 को कोनिया निवासी विवेक शर्मा की चौकाघाट-लहरतारा फ्लाईओवर पर चीनी मांझे ने जान ले ली थी। सिगरा थाने में गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस प्रभावी पैरवी नहीं कर सकी और फाइनल रिपोर्ट लग गई।
इस तरह अन्य कई ऐसे भी लोग है, जिन्हें चीनी मांझे ने जीवन भर का दर्द दिया। 10 अक्तूबर को साड़ी कारोबारी सुनील कुमार गुजराती की कज्जाकपुरा फ्लाईओवर पर चीनी मांझे की चपेट में आने से मौत हो गई। पीड़ित बेटे तेजस ने जैतपुरा थाने में गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
सारनाथ पुलिस का छापा, दो आरोपी गिरफ्तार
चंद्रा-बलुआ मार्ग पर चीनी मांझे की बिक्री के आरोप में सारनाथ पुलिस ने सोमवार रात दो आरोपियों भानु प्रकाश और सुनील चौहान को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी आशापुर के निवासी है। आरोपियों के पास से तीन किलोग्राम चीनी मांझा मिला। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि दोनों दुकानदार चीनी मांझे की बिक्री कर रहे थे। दोनों आरोपियों को मुचलका पर रिहा कर दिया गया।
चीनी मांझे के खिलाफ चेकिंग अभियान जारी है। सभी एसीपी और थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि इस कृत्य में जो भी लोग है, उन पर सख्त कार्रवाई करें। -गौरव बंशवाल, डीसीपी काशी