सीएम योगी का तंज: शिक्षक-स्नातक महासम्मेलन में बोले- सपा पर भूलकर भरोसा मत करना, इन गिरगिटों से सावधान रहें
एमएलसी चुनाव से पहले काशी में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन किया जा रहा है। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित शिक्षक-स्नातक महासम्मेलन में सीएम योगी के साथ कई मंत्री और विधायक वोटरों को साधने पहुंचे। इस दौरान सीएम ने भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में वोटरों से मतदान की अपील की।
विस्तार
इस दौरान शिक्षकों और स्नातकों से सीएम योगी ने अपील की कि सपा और कांग्रेस पर भरोसा मत करना। ये तोड़ने का काम करेंगे। इनको जोड़ने में नहीं इनको तोड़ने में मजा आता है। भारतीय जनता पार्टी के दोनों अधिकृत प्रत्याशियों को विजयी बना करके विधान परिषद में भेजना है। युवाओं और शिक्षकों की समस्या का भी समाधान होगा।
सीएम ने कहा कि सपा पर भूलकर भी विश्वास मत करना। ये जैसे कोई मगरमच्छ नदी किनारे बुलाकर नदी पार कराने के लिए आश्वस्त करेंगे, फिर बीच में ले जाकर क्या करेंगे ये आप सबको पता है। इन गिरगिटों से सावधान रहना। आप सब अच्छे प्रत्याशियों को जिताकर विधानसभा भेजिए।
सीएम ने कहा कि प्रदेश में अभी हाल ही में राज्यसभा का चुनाव संपन्न हुआ है। आपने देखा होगा 10 सीट थी। 10 सीट में से 8 सीट भारतीय जनता पार्टी जीतती है, समाजवादी पार्टी के पक्ष में 2 सीट रही है। भारतीय जनता पार्टी ने हर समाज को प्रतिनिधित्व देते हुए उन्हें राज्यसभा में भेजने का काम किया। लेकिन, मैं पूछना चाहता हूं समाजवादियों से, ये जो पीडीए-पीडीए चिल्लाते हैं, राज्यसभा के टिकट में वो पीडीए कहां चला गया। हम तो पहले दिन से कह रहे थे कि समाजवादी पार्टी का पीडीए का मतलब 'परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी' है।
सीएम योगी ने कहा कि एक टिकट अपने चचा जान रामगोपाल यादव को... अरे, काशी के ही किसी यादव को बना देते। गाजीपुर के बना देते। बलिया के बना देते... नहीं बनाया। दूसरी सीट पर ही किसी और को बना देते। किसी दलित को भेज देते, नहीं बनाया। अपने खानदानी वोट मुसलमानों को ही बना देते। वो भी तो नहीं बनाया। वो टिकट उन्होंने मुंबई के एक धन्ना सेठ को बेच दिया। हो गया ना 'परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी' और 'पराया धन अपना', दोनों साबित हो गए। यही सपा की सच्चाई है।
सीएम योगी ने कहा कि शाहजहांपुर में नया विश्वविद्यालय आ गया है। कुशीनगर में नया विश्वविद्यालय, बलरामपुर में कोई विश्वविद्यालय नहीं था वहां पर मां पाटेश्वरी के नाम पर विश्वविद्यालय की स्थापना, मुरादाबाद में विश्वविद्यालय नहीं था जगतगुरु जंभेश्वर के नाम पर विश्वविद्यालय, सहारनपुर में विश्वविद्यालय का निर्माण, अलीगढ़ में विश्वविद्यालय का निर्माण डबल इंजन की सरकार में किया गया है।
अटल बिहारी वाजपेई जी के नाम पर लखनऊ में मेडिकल यूनिवर्सिटी का निर्माण किया गया। गोरखपुर में आयुष विश्वविद्यालय का निर्माण और मेरठ में भारत यूनिवर्सिटी का निर्माण किया गया। ये काम पहले भी हो सकता था कांग्रेस तो कर सकती थी, समाजवादी पार्टी का शिक्षा से दूर-दूर तक कोई संबंध नहीं है।
मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से कहा कि आपको हर छात्र सम्मान देता है क्योंकि अच्छाई और बुराई का ज्ञान आप देते हैं। लोगों का मार्गदर्शन करते हैं। आप केवल एक छात्रा का जीवन नहीं बनाते हैं आप समाज के राष्ट्र के निर्माता होते हैं। ज्ञान की धारा हैं। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय कभी एकमात्र संस्कृत विश्वविद्यालय हुआ करता था।
कहा कि श्री राम हैं इसलिए क्योंकि एक आदर्श गुरु के रूप में महर्षि वशिष्ठ थे। श्री कृष्णा हैं इसलिए क्योंकि आचार्य चाणक्य थे और स्वामी विवेकानंद इसलिए क्योंकि रामकृष्ण परमहंस जैसी गुरु थे।