यूपी: गाली देने की पुलिस से शिकायत से नाराज पूर्व प्रधान चाचा का गुस्सा भतीजे पर फूटा, पीट-पीटकर हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सराय पलटू गांव में पूर्व प्रधान ने अपने भतीजे की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद पूर्व प्रधान परिजनों समेत मौके से भाग निकला। वहीं घटना से मृतक के परिजन व ग्रामीणों में आक्रोश है। सुबह साढ़े आठ बजे घटना हुई और दोपहर तीन बजे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मौके पर एसपी सिटी के साथ ही कई थानों की पुलिस जुटी थी। वहीं चाचा श्याम बिहारी की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व प्रधान समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सराय पलटू गांव निवासी कन्हैया सात भाई है। इसमें एक भाई महेश गांव का पूर्व प्रधान रह चुका है। शनिवार की सुबह कन्हैया की पुत्री सुमन शौच के लिए गई हुई थी। आरोप है कि शौच से वह लौटी तो चाचा महेश किसी बात को लेकर उसे गालियां देने लगा। इस पर सुमन से यूपी 112 पर फोन कर दिया। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और महेश को थाने लेकर चली गई।
कुछ ही देर में पुलिस ने महेश को छोड़ दिया। इसके बाद महेश घर पहुंचा। घर पर सिर्फ कन्हैया का 28 वर्षीय पुत्र अमरनाथ मौजूद था। पुलिस द्वारा पकड़े जाने से नाराज महेश का गुस्सा अमरनाथ पर फूट पड़ा। महेश, उसकी पत्नी व पुत्र ने मिल कर अमरनाथ पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। उसकी तब तक पिटाई की गई जब तक अमरनाथ ने मौके पर ही दम न तोड़ दिया।
युवक की मौत होते ही हमलावर पूर्व प्रधान परिवार सहित मौके से फरार हो गया। वहीं सूचना पर अमरनाथ के परिजन खेत से पहुंचे तो पुत्र की लाश देख कर आक्रोशित हो उठे। वहीं सूचना पर गंभीरपुर थाना के साथ ही कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। परिजनों ने शव पोस्टमार्टम में देने से इंकार कर दिया उनकी मांग थी कि पहले हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया जाए।
घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, मौके पर फोर्स जुटी हुई है। तीन बजे पुलिस शव को कब्जे में ले सकी। वहीं घटना के बाबत मृतक के चाचा श्याम बिहारी ने पूर्व प्रधान महेश, उसकी पत्नी राजवती व पुत्र शुभम उर्फ गोलू के खिलाफ नामजद तहरीर दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा भी पंजीकृत कर लिया है।
पारिवारिक झगड़े में युवक की हत्या हुई है। जहां तक पुलिस की बात है तो पीआरवी पहुंची थी, हत्यारोपी को घटना के पहले ही ले गई थी और फिर छोड़ भी दी। ऐसा परिजनों का आरोप है, इसकी जांच कराई जाएगी। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम जुट गई है। जल्द हत्यारोपी गिरफ्त में होंगे।
पंकज पांडेय, एसपी सिटी