वाराणसी: रेलवे के निजीकरण और आउटसोर्सिंग के विरोध में डीआरएम कार्यालय पर गरजे रेलकर्मी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रेलवे में बढ़ रहे निजीकरण, आउटसोर्सिंग सहित कर्मचारियों व पेंशन भोगियों के डीए फ्रीजिंग के विरोध में एनई रेलवे मेंस कांग्रेस के बैनर तले रेलकर्मियों ने बृहस्पतिवार को वाराणसी में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान जमकर नारेबाजी की और पुरानी पेंशन नीति को बहाल करने संबंधित अन्य मांगों को लेकर डीआरएम को पत्रक भी सौंपा।
केंद्रीय अध्यक्ष अखिलेश पांडेय ने कहा कि भारत की धरोहर और फायदे में चल रही भारतीय रेलवे के संपूर्ण संसाधनों को केंद्र सरकार साजिश के तहत निजी हाथों में बेचना चाहती है और रेलवे में मिलने वाली सरकारी नौकरी को पूरी तरह से खत्म कर युवाओं को निजी कंपनी का गुलाम बनाना चाहती है। वहीं केंद्र सरकार द्वारा रेल कर्मियों व अन्य सरकारी कर्मियों का तिरस्कार कर कर्मचारियों एवं पेंशन भोगियों के डीए पर जुलाई 2021 तक फ्रीजिंग की गई और कई भत्तों की कटौती भी की गई है। श्रम विरोधी नीतियों को एनई रेलवे मेंस कांग्रेस किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।
संगठनों संग कर्मी रेल का चक्काजाम करने को बाध्य होंगे
मंडल मंत्री दुर्गेश पांडेय व मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि रेल कर्मियों के रात्रि ड्यूटी भत्ता पर लगी सीलिंग के आदेश को तत्काल रेल मंत्रालय वापस नहीं लेती है तो एनई रेलवे मेंस कांग्रेस व इसके सहयोगी संगठनों संग कर्मी रेल का चक्काजाम करने को बाध्य होंगे। इज्जतनगर मंडल के मंडल मंत्री रजनीश तिवारी ने मांग की कि भारतीय रेल में कार्यरत पिछड़े और अनुसूचित जाति कर्मचारियों के वेलफेयर के लिए मिलने वाली सभी सुविधाओं को अविलंब प्रदान किया जाए।
आल इंडिया पॉइंट्स मैन एसोसिएशन के राष्ट्रीय महामंत्री मनोज गोस्वामी ने मंडल के सभी स्टेशनों पर कार्यरत गेट मैन की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। भारतीय रेल दलित मजदूर एसोसिएशन के मंडल मंत्री प्रमोद कुमार ने मंच से सभी कर्मचारियों के एकजुट होने का आह्वान किया। विरोध प्रदर्शन में अन्य संगठनों के 12 कर्मचारियों ने मेंस कांग्रेस की सदस्यता भी ग्रहण की। संचालन केंद्रीय संयुक्त मंत्री केपी उपाध्याय व धन्यवाद ज्ञापन गोपीनाथ उपाध्याय ने किया। प्रदर्शन में महामंत्री अब्दुल शेख, राजीव पाठक, शैलेश राय, अमृत राय, तारकेश्वर यादव, जय प्रकाश, जिब्रान खान, राजीव सिंह, अभिषेक दूबे, राजपति पल, महेंद्र दूबे, अभिषेक सिंह आदि मौजूद रहे।