Ramnath Kovind Visit Varanasi: राष्ट्रपति के आगमन को लेकर अलर्ट पर पुलिस प्रशासन सहित स्वास्थ्य विभाग
देश के प्रथम नागरिक राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद पांच-छह जून को वाराणसी दौरे पर आने वाले हैं। राष्ट्रपति के वाराणसी दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन सहित स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है।
विस्तार
अगले महीने पांच-छह जून को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन सहित स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। प्रोटोकॉल के अनुसार बीएचयू अस्पताल, मंडलीय अस्पताल सहित अन्य अस्पतालों में जहां सेफ हाउस बनाया जाएगा वहीं फ्लीट के लिए दूसरे जिलों से एंबुलेंस, विशेषज्ञ चिकित्सक और कर्मचारी भी मंगाए जाएंगे। इधर फ्लीट में शामिल होने वाले एंबुलेंस में तैनात चिकित्सकों, कर्मचारियों की सूची भी तैयार कराई जा रही है।
पांच-छह जून को राष्ट्रपति का दौरा होना है। प्रोटोकॉल के अनुसार राष्ट्रपति की फ्लीट में अलग-अलग विभागों की गाड़ियां रहती हैं। चिकित्सा व्यवस्था के दृष्टिगत एडवांस लाइफ सपोर्ट/बेसिक लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस भी चिकित्सकीय टीम भी दवा/उपकरण के साथ ही फ्लीट में रहती है।
तीन जिलों से आएंगे मेडिकल स्टाफ
इधर सीएमओ कार्यालय की ओर से जौनपुर, चंदौली और गाजीपुर के सीएमओ को पत्र भेजकर एंबुलेंस के साथ ही उसमें फिजिशियन, सर्जन, पैथालॉजिस्ट, एनेस्थेसिस्ट, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स, वार्ड ब्वाय की ड्यूटी लगाने ईसीजी मशीन के साथ तीन जून को सीएमओ कार्यालय में भेजने को कहा गया है।
इस बारे में सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि अस्पतालों में सेफ हाउस बनाए जाने के साथ ही राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सभी महत्वपूर्ण तैयारियां की जा रही हैं। तीन जिलों के सीएमओ से समय से सभी स्टाफ को भेजने और सभी व्यवस्थाएं करने को कहा गया है।