UP: तीन जिलों के सरकारी कॉलेजों में प्रवेश, संसाधनों का लखनऊ में होगा प्रेजेंटेशन, 28 को दिखानी होगी रिपोर्ट
Varanasi News: पूर्वांचल के तीन जिलों के सरकारी कॉलेजों में प्रवेश, संसाधनों का लखनऊ में प्रेजेंटेशन होगा। इसके तहत 28 को राज्यपाल सचिवालय में कुलपति और प्राचार्यों को प्रगति रिपोर्ट दिखानी होगी।
विस्तार
वाराणसी समेत तीन जिलों (वाराणसी, जौनपुर, आजमगढ़) के राज्य विश्वविद्यालयों से संबद्ध सरकारी-सहायता प्राप्त कॉलेजों में विद्यार्थियों के कोर्सवार प्रवेश, संचालित कोर्स के साथ ही परिणाम आदि की नए सिरे से समीक्षा होगी। राजभवन में कुलाधिपति के सामने अलग-अलग तिथियों में संबंधित विश्वविद्यालय के कुलपतियों के साथ ही संबंधित कॉलेजों के प्राचार्यों को प्रेजेंटेशन देना होगा। इसमें छात्र, शिक्षकों की संख्या, कोर्स, शोध आदि पर विशेष फोकस किया गया है।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय आजमगढ़ के साथ ही वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर को मिलाकर करीब 100 सरकारी और सहायता प्राप्त महाविद्यालय संचालित हो रहे हैं।
इसे भी पढ़ें; Varanasi News Today: रिंग रोड पर ट्रक चालक को पीटा, 15 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार, फर्जी डिग्री मामले में FIR
इन दिनों उच्च शिक्षा विभाग की ओर से सरकारी महाविद्यालयों की हर गतिविधि पर विशेष नजर रखी जा रही है। छात्रों की संख्या कम होने, कोर्स कम चलने आदि के बाद अब राज्यपाल सचिवालय की ओर से नए सिरे से विश्वविद्यालयों से जुड़े कॉलेजों की समीक्षा करने का निर्णय लिया गया है।
किस विश्वविद्यालय की राज्यपाल सचिवालय में कब होगी समीक्षा
- वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर 15 अप्रैल सुबह 10.30 बजे से दोपहर 2 बजे तक
- महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ वाराणसी 28 अप्रैल सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक
- संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी 28 अप्रैल अपराह्न 3 बजे से शाम 6 बजे तक
- महाराज सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ 29 अप्रैल अपराह्न 3 बजे से शाम 6 बजे तक
इन बिंदुओं पर राज्यपाल देखेंगे प्रेजेंटेशन
- महाविद्यालय में चलने वाले पाठ्यक्रम
- शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी-स्वीकृत, भरे, खाली पदों का विवरण
- छात्रों के प्रवेश की स्थिति-छात्र संख्या, कोर्स में स्वीकृत संख्या, प्रवेशलेने वाले और खाली सीट की संख्या
- कैंपस में सुविधाएं, रिसर्च लैब, हॉस्टल, खेल मैदान, कंप्यूटर लैब,।
- शिक्षकों, कर्मचारियों के आवासीय भवन।
- शिक्षकों, छात्रों की उपलब्धियां। एनसीसी, एनएसएस जैसे अन्य क्रियाकलाप