तीसरी लहर से जंग की तैयारी: वाराणसी में कोरोना के लक्षण वाले बच्चों को मिलेगी कोविड मेडिसिन किट, लखनऊ से आई पहली खेप
कोरोना वायरस के संक्रमण की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए हरसंभव उपाय किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले दिनों बच्चों में कोविड मेडिसिन किट का वितरण कराए जाने का फैसला लिया था, अब उस पर अमल शुरू हो गया है। बृहस्पतिवार को 12 हजार से अधिक मेडिसिन किट वाराणसी पहुंच गया।
विस्तार
कोरोना वायरस के संक्रमण की संभावित तीसरी लहर में बच्चों में संक्रमण की संभावनाओं को देखते हुए शासन, प्रशासन की तैयारियां तेज हो गई हैं। अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों पर पीआईसीयू, एनआईसीयू बनाए जाने के बाद अब कोरोना के लक्षण वाले बच्चों में कोविड मेडिसिन किट बांटने का निर्णय लिया गया है।
12 साल तक के बच्चों को मेडिसिन किट दी जाएगी। बृहस्पतिवार को दोपहर में लखनऊ से वाराणसी पहुंची किट की पहली खेप 12285 किट आई है। इसके बाद उसे स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की निगरानी समितियों के माध्यम से इसका वितरण कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले दिनों बच्चों में कोविड मेडिसिन किट का वितरण कराए जाने का फैसला लिया था, अब उस पर अमल शुरू हो गया है। बृहस्पतिवार को 12 हजार से अधिक मेडिसिन किट वाराणसी पहुंच गया।
सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि तीसरी लहर को लेकर बेड, जांच, इलाज सहित अन्य तैयारियां पूरी कराई जा रही हैं। एडिशनल सीएमओ डॉ. संजय राय ने बताया कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के आठ ब्लॉकों के 694 निगरानी समिति, शहरी क्षेत्र के नगर निगम, रामनगर व गंगापुर नगर पालिका सहित कुल 125 वार्डों में गठित निगरानी समिति के द्वारा दवा किट का वितरण किया जाएगा।
मेडिसिन किट में क्या हैं दवाइयां
0-5 वर्ष--पैरासिटामॉल सीरप (50 मिग्रा प्रति ), मल्टीविटामिन सीरप और ओआरएस पैकेट
06-12 वर्ष- पैरासिटामॉल टेबलेट (500 मिग्रा की आधी गोली), मल्टीविटामिन टेबलेट, ओआरएस पैकेट, आईवर्मेक्टिन (6 मिग्रा) दी जाएगी।
(बिना डॉक्टर की सलाह के इन दवाओं को नहीं देना है)