वाराणसी में पोस्टर वार: अखिलेश यादव को लिखा बिजली चोर, सपा नेताओं ने किया प्रदर्शन; सरकार विरोधी नारे
Varanasi News: वाराणसी के रामनगर चाैराहे पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ पोस्टर लगने के बाद कार्यकर्ताओं में काफी नाराजगी देखी गई। वे दर्जनों की संख्या में यहां पहुंचे और सरकार विरोधी नारे लगाने लगे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया।
विस्तार
Varanasi News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ रामनगर स्थित पीएसी तिराहे पर लगाए गए आपत्तिजनक पोस्टर को लेकर रविवार को सपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं ने इसे भाजपा समर्थित तत्वों की साजिश बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई और दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।
सपा नेताओं का आरोप था कि पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों और गरीबों की आवाज उठाने के कारण विरोधी दल अखिलेश यादव की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना मिलने पर महानगर अध्यक्ष पिछड़ा प्रकोष्ठ विवेक राकी, महिला सभा की महानगर अध्यक्ष संगीता पटेल तथा लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सौरभ आनंद के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे।
रामनगर पुलिस की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने आपत्तिजनक पोस्टर हटाकर फाड़ दिया। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए घटना की निंदा की और इसे राजनीतिक साजिश करार दिया।
सरकारी के खिलाफ जमकर की नारेबाजी
प्रदर्शन के बाद सपा नेताओं ने रामनगर थाने पहुंचकर थानाध्यक्ष राजकिशोर पाण्डेय को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि पोस्टर लगाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो समाजवादी पार्टी व्यापक आंदोलन करेगी।
सपा नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन किसी नेता की छवि खराब करने के लिए इस तरह के आपत्तिजनक पोस्टर लगाना गलत परंपरा है। इससे सामाजिक माहौल भी प्रभावित होता है।
थानाध्यक्ष राजकिशोर पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोषियों की पहचान कर उचित विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शन में मणि शंकर, इंजामुल खान, हमजा खान, मनीष यादव, उमेश यादव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे।