Pollution: यलो जोन में काशी, अर्दली बाजार सबसे प्रदूषित, डॉक्टरों ने दी सलाह- बरतें ये सावधानी
Pollution in Varanasi: बनारस यलो जोन में पहुंच गया है। यहां सबसे अधिक प्रदूषित अर्दली बाजार, मलदहिया और भेलूपुर है। ठंड बढ़ने के साथ ही हवा में प्रदूषक तत्वों की मात्रा बढ़ी है। बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए चिकित्सकों ने सावधानी बरतने की सलाह दी है।
विस्तार
ठंड बढ़ने के साथ ही बनारस की हवा में प्रदूषक तत्वों की मात्रा बढ़ने लगी है। पिछले 48 घंटों से बनारस का एयर क्वालिटी इंडेक्स यलो जोन में बना हुआ है। शहर में सबसे अधिक प्रदूषित इलाका अर्दली बाजार, मलदहिया और भेलूपुर है। अर्दली बाजार की हवा में नाइट्रोजन की मात्रा 107 और मलदहिया में कार्बन की मात्रा 106 से ऊपर दर्ज की गई।
एक नजर आंकड़ों पर...
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के समीर एप के आंकड़ों के अनुसार बुधवार की सुबह शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 119 था जो रात नौ बजे 132 पहुंच गया। अर्दली बाजार सबसे अधिक प्रदूषित रहा, जिसका एक्यूआई 165, मलदहिया दूसरे नंबर पर 151, भेलूपुर का 128 और बीएचयू का एक्यूआई 82 रहा।
अर्दली बाजार में पीएम 2.5 की अधिकतम मात्रा 230, पीएम 10 की मात्रा 187, नाइट्रोजन की मात्रा 100, सल्फर 21, कार्बन की मात्रा 108 रही। मलदहिया में पीएम 2.5 की अधिकतम मात्रा 236, पीएम 10 की मात्रा 114, नाइट्रोजन की मात्रा दो, सल्फर 27, कार्बन की मात्रा 101 दर्ज की गई।
भेलूपुर में पीएम 2.5 व 10 की मात्रा 146, सल्फर की मात्रा 37, कार्बन की मात्रा 102, और नाइट्रोजन की मात्रा आठ रही। बीएचयू में पीएम 2.5 की अधिकतम मात्रा 81, पीएम 10 की मात्रा 99, नाइट्रोजन दो, सल्फर 30 और कार्बन की मात्रा 40 रही।
क्या बोले अधिकारी
शहर में प्रदूषक तत्वों की मात्रा बढ़ने से हवा प्रदूषित हुई है। यह सांस रोगियों के साथ ही बच्चों और बुजुर्गों की सेहत के लिए ठीक नहीं है। घर से बाहर निकलते समय मास्क लगाकर निकलें। अगर कोई परेशानी हो तो अपने चिकित्सक से परामर्श अवश्य लें। -डॉ. पीके सिंह, फिजिशियन, जिला अस्पताल
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.