विधायक विजय मिश्र के पुत्र की संपत्ति कुर्क करने भदोही से मिर्जापुर पहुंची पुलिस, इस वजह से टीम बैरंग लौटी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के भदोही जनपद के ज्ञानपुर से बाहुबली विधायक विजय मिश्र के बेटे विष्णु मिश्र की संपत्ति कुर्क करने के लिए बृहस्पतिवार को मिर्जापुर के मुजेहरा गई गोपीगंज पुलिस बैरंग लौट आई। अब पुलिस ने इस मामले में विष्णु मिश्र के जीजा को थाने में बुलाया है।
गोपीगंज कोतवाल केके सिंह ने बताया कि विष्णु मिश्र की नव निर्मित कंपनी का प्लांट जो चील्ह थाना क्षेत्र के मुजेहरा गांव में स्थित है, उस प्रॉपर्टी को कुर्क करने के लिए टीम गई थी। कोतवाल ने बताया कि वहां पहुंचने पर जानकारी मिली कि उक्त संपत्ति अब विधायक विजय मिश्र की पुत्री सीमा मिश्रा के पति हरिशंकर मिश्रा के नाम हो गई है। इसके बाद कुर्की की कार्रवाई नहीं हो सकी। अब इस मामले में हरिशंकर मिश्रा को संपत्ति के पेपर के साथ बुलाया गया है।
जांच के बाद ही आगे की कार्यवाही की जाएगी। बता दें कि रिश्तेदार की संपत्ति हड़पने के मामले में ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र, एमएलसी रामलली मिश्र और बेटे विष्णु मिश्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। वहीं ज्ञानपुर के विधायक मौजूदा समय में आगरा जेल में बंद है जबकि एमएलसी जमानत पर हैं। इसके साथ ही विष्णु मिश्र अभी भी फरार चल रहे हैं। सप्ताह भर पूर्व गोपीगंज पुलिस ने कौलापुर स्थित आवास पर कुर्की की कार्रवाई की थी। इस संबंध में भदोही के पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह ने कहा कि पुलिस कोर्ट के आदेश पर कुर्की की कार्रवाई कर रही है।
वहीं मिर्जापुर के औराई थानाध्यक्ष श्रीकांत राय ने बताया कि संपत्ति कुर्क करने के लिए मुजेहरा पहुंचे थे। वहां पर कोई नहीं मिला। प्लांट के डायरेक्टर ने कहा कि वह शुक्रवार को थाने में कंपनी के कागजात प्रस्तुत करेंगे। शुक्रवार को विधिक कार्यवाही की जाएगी।