पुलिस की पाठशाला: डीसीपी काशी बोले - मेहनत, अनुशासन और ईमानदारी ही सफलता की पहली सीढ़ी; पढ़ें सवाल-जवाब
अमर उजाला की पुलिस की पाठशाला में डीसीपी काशी ने विद्यार्थियों को सफलता का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि कक्षा नौ से ही पढ़ाई की नींव मजबूत करनी होगी, वरना आगे चलकर दिक्कतें आएंगी। मेहनत, अनुशासन और ईमानदारी को सफलता की पहली सीढ़ी बताते हुए उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य तय कर नियमित पढ़ाई करने की अपील की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अमर उजाला की ओर से सोमवार को रविंद्रपुरी के गोपी राधा बालिका इंटर कॉलेज में पुलिस की पाठशाला हुई। मुख्य अतिथि अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर ने छात्राओं को नारी सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों, साइबर अपराध से बचाव की जानकारियां दीं। उन्होंने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए मेहनत, अनुशासन और ईमानदारी बहुत जरूरी है। सफलता ही पहली सीढ़ी है।
एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर ने छात्राओं से कहा कि 9वीं से ही अपनी पढ़ाई की नींव मजबूत करनी होगी। ऐसा नहीं किया तो आगे चलकर उन्हें कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है। पढ़ाई का सबसे मजबूत आधार किताबों को पढ़ना है। माता-पिता और शिक्षकों को भी ध्यान देना होगा। बच्चों को उनकी दिलचस्पी के अनुसार उसी क्षेत्र में मेहनत करने के लिए प्रेरित करें। वर्तमान में इंटरनेट का युग चल रहा है। इसके फायदे के साथ नुकसान भी हैं।
सिर्फ पढ़ाई और ज्ञान बढ़ाने के लिए ही मोबाइल का उपयोग करें। सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों से बचें। फेसबुक, इंस्टाग्राम का उपयोग सोच समझकर ही करें। वर्तमान में सबसे बड़ी चुनौती साइबर अपराध है। यह एक ऐसा अपराध है, जिसमें अपराधी दिखाई नहीं देता है और आपराधिक वारदात को अंजाम देकर छुप जाता है।
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने पुलिस की कार्यशैली से लेकर सुरक्षा के बारे में जानकारी दी। कहा कि पुलिस लोगों की मित्र है, हर परिस्थितियों में पुलिस मदद के लिए आगे रहती है। कॉलेज की निदेशिका डॉ. शालिनी शाह, प्रिंसिपल नीति जायसवाल, प्रशासक अभिनव भट्ट, थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गा सिंह, मिशन शक्ति प्रभारी शिखा कुमारी, चौकी इंचार्ज रणजीत श्रीवास्तव, दरोगा संजय पांडेय आदि रहे।
सवाल- सड़क दुर्घटना की रोकथाम और कार चालक को ड्राइविंग के समय हार्ट अटैक से बचाव को लेकर कुछ ऐसे डिवाइस बनाने चाहिए, यह मेरा आइडिया है, क्या यह सही है?- अनन्या तिवारी
जवाब- यह बहुत ही अच्छा आइडिया है, इस पर मेहनत और रिसर्च करिए। स्कूल और अन्य माध्यमों से सरकार तक इस आइडिया को पहुंचाया जाएगा।
सवाल- किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए क्या करना चाहिए? -कोमल मौर्य
जवाब- किसी भी क्षेत्र में सफल होने के लिए अनुशासन और ईमानदारी का होना बहुत जरूरी है। हार्ड वर्क ही सफलता की ओर ले जाती है।
सवाल- स्टेज फियर से कैसे बचें ?- कनिष्का यादव
जवाब- तैयारी और अभ्यास से इसे दूर किया जा सकता है। शीशे के सामने, दोस्तों के आगे 4-5 बार अभ्यास करें। विषय पर अच्छी पकड़ डर को आधा कर देती है।
सवाल- साइबर अपराध होने पर सबसे पहले क्या करना चाहिए, कहां शिकायत करें? सृष्टि
जवाब- तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। अपराध होने पर 1-2 घंटे गोल्डन ऑवर में शिकायत पर रकम खाते में होल्ड हो जाती है। रिकवरी की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। नजदीकी थाने में भी शिकायत दर्ज करें। हर थाने में साइबर हेल्प डेस्क है।
सवाल- किस क्षेत्र में कॅरिअर बनाना चाहिए ?
जवाब- किस क्षेत्र में रूचि हो, उसी क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए। चाहे पढ़ाई हो या फिर खेलकूद, सोशल मीडिया।
प्रमुख आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर
- 1090: महिला पावर लाइन
- 112: आपातकालीन सेवा (पुलिस सहायता)
- 1098: चाइल्ड हेल्पलाइन
- 102 / 108: स्वास्थ्य एवं एम्बुलेंस सेवा
- 1076: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन