Varanasi: तीन जिलों की पुलिस ने पीछा कर पकड़ा कंटेनर, पशु लेकर पश्चिम बंगाल जा रहे थे दो तस्कर
वाराणसी में नेशनल हाईवे पर रविवार को तीन जिलों की पुलिस ने पशु लादे हुए एक कंटेनर का पीछा कर उसे अखरी के पास रोकने में सफलता पाई। कंटेनर के साथ दो पशु तस्करों को भी पकड़ा गया है।
विस्तार
वाराणसी में नेशनल हाईवे पर रविवार को तीन जिलों की पुलिस ने पशु लादे हुए एक कंटेनर का पीछा कर उसे अखरी के पास रोकने में सफलता पाई। कंटेनर के साथ दो पशु तस्करों को भी पकड़ा गया है। आरोपियों को पकड़ कर कंटेनर के साथ भदोही जिले की औराई थाने की पुलिस अपने साथ ले गई।
प्रयागराज में नेशनल हाईवे पर पुलिस ने पशु लादे हुए एक कंटेनर को रोकने का इशारा किया था। इस पर वह रफ्तार तेज करते हुए भाग निकला था। प्रयागराज पुलिस की सूचना पर भदोही में औराई थाने की पुलिस ने हाईवे पर बैरिकेडिंग कराई। इस पर कंटेनर चालक बैरिकेडिंग को टक्कर मार कर वाराणसी की ओर बढ़ा।
गलत दिशा में कंटेनर चलाने लगा चालक
औराई थाने की पुलिस की सूचना पर मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने हाईवे पर घेराबंदी की। इस पर कंटेनर का चालक हाईवे का डिवाइडर पार कर गलत दिशा में कंटेनर चलाने लगा।
ये भी पढ़ें: आकांक्षा दुबे की मां को अनहोनी की आशंका, कहा- कुछ हुआ तो समर सिंह और संजय होंगे जिम्मेदार
इसकी सूचना रोहनिया और लंका थाने की पुलिस को भी दी गई। अंतत: अखरी स्थित एक स्कूल के सामने नेशनल हाईवे पर कंटेनर को रोकने में पुलिस को सफलता मिली। कंटेनर खड़ा कर उसमें सवार दो तस्कर भाग रहे थे, लेकिन पकड़े गए। पुलिस अफसरों ने बताया कि गिरफ्त में आए दोनों तस्कर कंटेनर में गोवंश लाद कर पश्चिम बंगाल जा रहे थे।
चोरी हुआ ट्रक 24 घंटे में बरामद
मंडुवाडीह थाने की पुलिस ने लहरतारा से शनिवार को चोरी हुआ ट्रक रविवार को बरामद कर लिया। ट्रक चुराने वाले चोर की तलाश जारी है। थानाध्यक्ष मंडुवाडीह राजीव कुमार सिंह ने बताया कि एक अप्रैल की रात लहरतारा के ठाकुर बाड़ा से एक ट्रक चोरी हुआ था।
मुकदमा पंजीकृत कर जांच चौकी इंचार्ज लहरतारा अरुण कुमार सिंह को दी गई। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और मुखबिर की सूचना पर चौकी इंचार्ज लहरतारा ने ट्रक को डाफी टोल प्लाजा के पास से बरामद कर लिया। चोर की तलाश की जा रही है।