चंदौली: पांच सौ रुपये की वसूली करते धराए वन दरोगा और चालक, भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंदौली जिले के सैयदराजा थाना क्षेत्र के बगहीं कुंभापुर गांव के पास मंगलवार रात एक ट्रक से पांच सौ रुपये की वसूली कर रहे वन दरोगा और चालक को पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ लिया। पुलिस पकड़े गए कर्मियों के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से वन विभाग के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
नौबतपुर बार्डर से होकर गुजरने वाले ट्रकों के चालक काफी दिनों से वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा धन वसूली की शिकायत कर रहे थे। उनकी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक हेमंत कुटियाल ने थाना प्रभारी एसपी सिंह को मामले में कार्रवाई करने का निर्देश दिया था।
इसके बाद मंगलवार को थाना प्रभारी, एसआई दिनेश चंद्र पटेल व अन्य पुलिसकर्मियों के साथ नौबतपुर चेक पोस्ट के समीप जांच-पड़ताल में जुटे थे। उसी दौरान सूचना मिली कि बगही कुंभापुर के पास कुछ वनकर्मी ट्रकों से वसूली कर रहे हैं। सूचना मिलते ही एसओ पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंच गए।
यहां उन्होंने सचल दस्ता के वन दरोगा केशव सिंह और विभाग के चालक मनोज पांडेय को एक पेट्रोल पंप के पास कोलकाता जा रहे आंवला लदे ट्रक से पांच सौ रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। पूछताछ में ट्रक के चालक ने बताया कि वनकर्मी बिल और बिल्टी लेकर उससे अभिवहन शुल्क जमा कराने की बजाए पांच सौ रुपये रिश्वत लेकर छोड़ने जा रहे थे। इस पर पुलिस वन दरोगा व चालक को गिरफ्तार कर थाने ले आई। यहां दोनों कर्मियों पर भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस संबंध में सीओ सदर त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि पिछले काफी दिनों से वनकर्मियों द्वारा ट्रक चालकों से रिश्वत लेकर उन्हें पास कराए जाने की शिकायत मिल रही थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई की गई है।