यूपी: आजमगढ़ में नौ साल की मासूम के साथ दरिंदगी, आरोपी गिरफ्तार
हाथरस और बलरामपुर में हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना से लोगों में आक्रोश है, तो वहीं आजमगढ़ जिले में नौ साल की मासूम के साथ हुई दरिंदगी ने और दहला दिया है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
आजमगढ़ के जीयनपुर कस्बे में बुधवार को एक नौ वर्षीया बच्ची के साथ दरिंदगी हुई है। घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच देर शाम तक पंचायत हुई। जिसमें कोई परिणाम न निकलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं बच्ची को मेडिकल के लिए जिला महिला अस्पतला भेज दिया गया है।
कस्बे की रहने वाली एक नौ वर्षीया बच्ची का पड़ोसी के घर अक्सर आना-जाना रहता था। बुधवार को भी वह पड़ोसी के घर गई थी। वहीं से आरोपी दानिश(20) पुत्र फखरूद्दीन उसे बहला-फुसला कर अजमतगढ़ रोड स्थित अपने टेंट हाऊस पर ले गया। जहां उसने बच्ची के साथ दरिंदगी की और फिर वहीं उसे लाकर घर भी पहुंचाया।
घर पहुंचने पर बच्ची ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन आरोपी के घर शिकायत लेकर पहुंच गए। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच पंचायत शुरू हुई जो देर शाम तक चलती रही। बात नहीं बनी तो शाम में बच्ची की मां ने पुलिस को तहरीर दी।
इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी के घर पहुंचने पर उसकी मां ने बेटे की तबीयत खराब होने की बात कहते हुए दवा लेने जाने की बात कही। इस पर कोतवाल नंद कुमार तिवारी जीयनपुर कस्बा स्थित एक प्राइवेट अस्पताल पहुंचे और वहां से आरोपी दानिश को गिरफ्तार कर लिया।
बच्ची को मेडिकल के लिए जिला महिला अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं पीड़िता के मां की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया।