वाराणसी में बैंक मैनेजर हत्याकांड: फरार हत्यारोपियों पर घोषित होगा इनाम, गाजीपुर से बिहार तक ताबड़तोड़ छापेमारी
बैंक मैनेजर हत्याकांड मामले में वाराणसी पुलिस को शूटर राजू और धीरेंद्र के अलावा सतपाल की भी तलाश है। गाजीपुर के रहने वाले इन आरोपियों के घर और इनके रिश्तेदारों से पुलिस पूछताछ कर रही है। वहीं पुलिस की एक टीम बिहार में भी ताबड़तोड़ छापा मार रही है। बता दें कि हत्याकांड के मास्टर माइंड सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
विस्तार
वाराणसी में पंजाब नेशनल बैंक के करखियांव शाखा प्रबंधक फूलचंद्र राम की हत्या कर लूट मामले में फरार शूटर राजू पंडित और धीरेंद्र सिंह पर पुलिस इनाम घोषित करने की तैयारी में है। वहीं शूटरों की तलाश में पुलिस की टीमें विभिन्न जिलों में दबिश दे रही है। पुलिस को शूटर राजू और धीरेंद्र के अलावा सतपाल की भी तलाश है।
गाजीपुर के रहने वाले इन आरोपियों के घर और इनके रिश्तेदारों से पुलिस पूछताछ कर रही है। वहीं पुलिस की एक टीम बिहार में भी ताबड़तोड़ छापा मार रही है। बुधवार को पुलिस ने हत्याकांड के मास्टर माइंड आलोक राय सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
जौनपुर जिले के कुसिया गांव निवासी फूलचंद्र राम की हत्या लूट की नियत से शूटर राजू पंडित ने धीरेंद्र के इशारे पर नौ जून को पिंडराई गांव में चलती स्कार्पियो में की थी। लूट की रकम पास में होने के चलते दोनों प्रदेश छोड़ दिए हैं। गाजीपुर स्थित शूटरों के घर पर पुलिस ने संपर्क साधा तो पता चला कि कभी कभार ही यह सब घर आते हैं। घर में इनके महिलाएं ही है। इस वजह से पुलिस की जांच भी आगे नहीं बढ़ पा रही है।
पुलिस टीम के एक अधिकारी के अनुसार शूटर राजू पंडित के बारे में जानकारी मिली कि वह अपने पास मोबाइल ही नहीं रखता है। काफी शातिर और मोबाइल तकनीकी का काफी जानकार है। जब कभी भी वारदात को अंजाम देता है तो अपना मोबाइल इस्तेमाल ही नहीं करता है। पुलिस इसके आपराधिक रिकार्ड को भी खंगाल रही है।
उधर, डबल मर्डर के आरोप में जेल में बंद सतपाल के पिता से भी पुलिस पूछताछ करके सतपाल के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस की जांच में यह सामने आया है कि तीनों एक साथ ही गायब हुए हैं। एसपी ग्रामीण अमित कुमार वर्मा ने बताया कि बैंक प्रबंधक हत्याकांड में वांछित शूटर राजू पंडित और धीरेंद्र सिंह पर बहुत जल्द इनाम घोषित किया जाएगा। टीमें लगातार गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।